Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान-तालिबान में बढ़ा तनाव, पाक ने भारत पर लगाया आरोप, कहा- इंडिया के लिए प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा अफगानिस्तान

Pakistan Accuses India: पाकिस्तान और तालिबान के बीच जारी संघर्ष अब राजनीतिक और आर्थिक मोर्चे पर भी गहराता जा रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि तालिबान के फैसले दिल्ली में लिए जा रहे हैं। उन्होंने अफगानिस्तान पर भारत के लिए प्रॉक्सी वॉर लड़ने का भी आरोप लगाया। आसिफ ने कहा कि हालिया सीजफायर ज्यादा दिन नहीं टिकेगा, क्योंकि अफगान तालिबान को दिल्ली से सहयोग मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान को उकसाया गया तो देश के पास पूरी सैन्य क्षमता के साथ जवाब देने की ताकत है।

यह भी पढ़ें:- बस्तर में लाल आतंक की आखिरी कड़ी, अब सिर्फ 6 नेताओं के हाथ में नक्सल संगठन की कमान

इस बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान जल्द ही कतर की राजधानी दोहा में बातचीत कर सकते हैं। अफगान प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई रक्षा मंत्री मौलवी मोहम्मद याकूब मुजाहिद करेंगे। पाकिस्तानी पक्ष में कई वरिष्ठ सुरक्षा और खुफिया अधिकारी शामिल होने की संभावना है। बातचीत में सीजफायर को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के बीच हालिया तनाव पर चर्चा हो सकती है। हालांकिअब तक दोनों सरकारों ने वार्ता की तारीख या एजेंडा की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दोनों देशों के बीच एक हफ्ते चले संघर्ष के बाद बुधवार शाम 48 घंटे का सीजफायर हुआ था, जिसकी मियाद आज शाम खत्म हो रही है। (Pakistan Accuses India)

बता दें कि पाकिस्तान ने काबुल और कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में हवाई हमले किए थे, जिसमें करीब 15 लोगों की मौत और 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। जवाब में तालिबान ने भी पेशावर में ड्रोन हमला किया, जिसमें एक इमारत को निशाना बनाया गया। यह जगह कथित तौर पर खुफिया गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही थी। अफगानिस्तान में तालिबान लड़ाके पाकिस्तानी सेना पर जीत का जश्न मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें वे पाकिस्तानी सैनिकों के हथियार और कपड़े लहराते दिखे। (Pakistan Accuses India)

पाकिस्तान ने रोका अफगान ट्रांजिट ट्रेड

तनाव के बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के लिए ट्रांजिट ट्रेड सुविधा रोक दी है। इसके तहत अफगानिस्तान अब व्यापार के लिए पाकिस्तानी जमीन का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। इस कदम से कराची और पोर्ट कासिम से अफगानिस्तान जाने वाले सभी ट्रक और कंटेनर रोक दिए गए हैं। पाकिस्तान के फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (FBR) ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सभी अफगान ट्रांजिट गेट पास रद्द कर दिए गए हैं और नए कंटेनरों की ढुलाई बंद कर दी गई है। अफगानिस्तान समुद्र से दूर देश है और अपने आयात-निर्यात के लिए पाकिस्तान की जमीन पर निर्भर है। हर दिन सैकड़ों ट्रक कराची बंदरगाह से अफगानिस्तान के लिए रवाना होते थे, जो अब रुक गए हैं।

डूरंड लाइन पर गोलीबारी

दोनों देशों के बीच विवाद की जड़ डूरंड लाइन है। यह सीमा ब्रिटिश काल में भारत और अफगानिस्तान के बीच खींची गई थी। बीते एक हफ्ते में इस लाइन पर कई बार गोलीबारी हुई है। पाकिस्तान का दावा है कि उसने 200 से ज्यादा अफगान तालिबान को मार गिराया, जबकि अफगानिस्तान का कहना है कि उसने 58 पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर किया। कंधार और काबुल में पाकिस्तानी हमलों के बाद अफगान नागरिकों ने तालिबान के समर्थन में प्रदर्शन किए हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक लोग कह रहे हैं कि अगर जरूरत पड़ी तो वे भी तालिबान के साथ पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई में शामिल होंगे। (Pakistan Accuses India)

Back to top button
error: Content is protected !!