बस्तर में लाल आतंक की आखिरी कड़ी, अब सिर्फ 6 नेताओं के हाथ में नक्सल संगठन की कमान
Command of Naxalite Sangathan: छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सल आंदोलन अब अपने अंतिम चरण में है। लगातार हो रहे आत्मसमर्पण और सुरक्षाबलों की सक्रियता के बाद अब नक्सल संगठन की कमान सिर्फ 6 वरिष्ठ नेताओं तक सीमित रह गई है। इन नेताओं के ऊपर अब संगठन की बची हुई ताकत टिकी है। कभी हजारों की संख्या वाला लाल नेटवर्क आज सिर्फ 500-600 नक्सलियों तक सिमट चुका है। हाल ही में पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति और उनके करीब 60 साथियों के आत्मसमर्पण ने नक्सल संगठन की रीढ़ तोड़ दी। अबूझमाड़, माड़ और उत्तर बस्तर डिविजन में नक्सल नेटवर्क लगभग खत्म हो चुका है।
यह भी पढ़ें:- भारत ने ट्रंप के दावे को किया खारिज, राहुल गांधी ने कहा- ट्रंप से डरे हुए हैं प्रधानमंत्री मोदी
इनके हाथों में नक्सल संगठन की कमान
माड़वी हिड़मा ( सेंट्रल कमेटी सदस्य और DKSZC हेड)- हिड़मा छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का रहने वाला है, जो नक्सल संगठन के सबसे खतरनाक और सक्रिय नेताओं में से एक हैं। पहले वो मिलिट्री कमांडर की भूमिका में था, लेकिन अब उसे पूरे संगठनात्मक प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। हिड़मा पूरे बस्तर क्षेत्र में हमलों और नक्सली गतिविधियों की योजना बनाता है।
देवजी उर्फ संजीव उर्फ पल्लव देवजी (महासचिव)- देवजी नक्सल संगठन के वर्तमान महासचिव हैं। तेलंगाना के मूल निवासी देवजी ने बासव राजू की मौत के बाद संगठन की सर्वोच्च कमान संभाली। वो संगठन की रणनीति और नीतिगत फैसलों के लिए जिम्मेदार है। दक्षिण बस्तर और तेलंगाना के जंगलों में नक्सलियों के कार्यों का समन्वय मुख्य रूप से उसके द्वारा किया जाता है।
गणेश उइके (सेंट्रल कमेटी सदस्य)- गणेश उइके भी तेलंगाना का रहने वाला है और नक्सल संगठन में सेंट्रल कमेटी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। वो संगठन के नीतिगत निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और तेलंगाना-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में नक्सलियों के संचालन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभालता है।
मिसिर बेसरा (सेंट्रल कमेटी सदस्य)- मिसिर बेसरा झारखंड का रहने वाला है, जो संगठन में सेंट्रल कमेटी सदस्य हैं। वो मुख्य रूप से झारखंड और ओडिशा के नक्सली इलाकों का नेटवर्क संभालता है। संगठन की अंतरराज्यीय गतिविधियों और लॉजिस्टिक सपोर्ट में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।
देवा बारसे (बटालियन नंबर-1 के कमांडर)- देवा छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का रहने वाला है और बटालियन कमांडर के पद पर कार्यरत हैं। वो दक्षिण बस्तर के नक्सलियों के मिलिट्री ऑपरेशन्स का संचालन करता है। देवा की जिम्मेदारी मुख्य रूप से सुरक्षाबलों से टकराव और हथियारों के संचालन की है।
पापा राव (DKSZC सदस्य)- पापा राव तेलंगाना का रहने वाला है और DKSZC सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। वो संगठन के दक्षिण बस्तर और बॉर्डर इलाके में कम्युनिकेशन, रसद और नेटवर्क संचालन की जिम्मेदारी संभालता है। (Command of Naxalite Sangathan)
नक्सल संगठन की ताकत घटकर करीब 20-25 प्रतिशत रह गई है। अभी भी बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और तेलंगाना बॉर्डर पर कुछ नक्सली सक्रिय हैं, लेकिन संगठन की हेडक्वार्टर और नेटवर्क अब भारी कमजोर हो चुके हैं। सुरक्षाबलों ने बताया कि दंडकारण्य क्षेत्र का लगभग 70% हिस्सा फोर्स के नियंत्रण में आ चुका है और नई सड़कें, कैंप और विकासकार्यों ने नक्सली पकड़ को सीमित कर दिया है। वहीं लगातार सरेंडर का आंकड़ा दर्शाता है कि संगठन के भीतर भी निराशा और विभाजन बढ़ चुका है। विश्लेषकों के मुताबिक इन छह नेताओं की गतिविधियों को रोकने और आत्मसमर्पण अभियान तेज करने से बस्तर पूरी तरह नक्सलमुक्त क्षेत्र बन सकता है। (Command of Naxalite Sangathan)



