Google Analytics —— Meta Pixel

भारत ने ट्रंप के दावे को किया खारिज, राहुल गांधी ने कहा- ट्रंप से डरे हुए हैं प्रधानमंत्री मोदी

India on Trump Claim: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे को भारत सरकार ने खारिज कर दिया है। दरअसल, ट्रंप ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे वादा किया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। इसे लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बुधवार को PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी। ट्रंप ने कहा था कि भारत के रूस से तेल खरीदने से मैं खुश नहीं था। अब मोदी ने कहा है कि भारत इसे रोक देगा। हमें चीन से भी यही करवाना होगा।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में आधार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य, 31 अक्टूबर तक पूरा करना होगा

बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में भारत पर रूस से तेल खरीदने की वजह से 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है, जिससे अब तक भारत पर कुल 50% अमेरिकी टैरिफ लागू हो चुका है। ट्रंप ने मजाकिया लहजे में कहा था कि भारत में अमेरिका के नए राजदूत बनने जा रहे सर्जियो गोर ने मोदी से मुलाकात के बाद उन्हें बताया कि मोदी मुझसे प्यार करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बयान का गलत मतलब न निकाला जाए। मैं किसी का राजनीतिक करियर खराब नहीं करना चाहता। ट्रंप ने कहा कि मोदी लंबे समय से सत्ता में हैं और उन्होंने भरोसा दिलाया है कि भारत धीरे-धीरे रूस से तेल खरीद कम करेगा। (India on Trump Claim)

ट्रंप के इन दावों पर भारत का जवाब

उन्होंने कहा कि यह एक प्रोसेस है जो जल्द पूरा किया जाएगा। ट्रंप के इन दावों पर भारत के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत की ऊर्जा नीति पूरी तरह जनता के हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर केंद्रित है। MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत तेल और गैस का बड़ा खरीदार है। जनता के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। हमारी ऊर्जा नीति दो मुख्य लक्ष्यों पर आधारित है स्थिर कीमतें तय करना और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना। उन्होंने बताया कि भारत लगातार अपने ऊर्जा स्रोतों को विविध बना रहा है और बाजार स्थितियों के अनुसार बदलाव कर रहा है। अमेरिका के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा जारी है।

राहुल गांधी का PM मोदी पर निशाना

ट्रंप के इस बयान के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं। इसके साथ ही राहुल ने पांच आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि PM मोदी ट्रंप को यह निर्णय लेने और घोषणा करने की अनुमति देते हैं कि भारत रूसी तेल नहीं खरीदेगा। बार-बार की गई अनदेखी के बावजूद बधाई संदेश भेजते रहते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अमेरिका यात्रा रद्द कर दी। शर्म अल-शेख समिट में खुद शामिल नहीं हुए। ऑपरेशन सिंदूर पर ट्रंप के बयानों का विरोध नहीं करते। (India on Trump Claim)

भारत के साथ सहयोग जारी रहेगा: रूस

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी ट्रंप के दावे को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग जारी रहेगा। भारत के साथ तेल आपूर्ति को लेकर हमारा संवाद निरंतर चल रहा है। अलीपोव ने कहा कि रूस की तेल आपूर्ति भारतीय अर्थव्यवस्था और उपभोक्ताओं के लिए लाभदायक रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस भारत-अमेरिका संबंधों में हस्तक्षेप नहीं करेगा। बता दें कि अमेरिका ने रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए भारत पर दो चरणों में टैरिफ लगाए हैं। पहला 25% रेसीप्रोकल यानी जैसे को तैसा टैरिफ और दूसरा रूस से तेल खरीदने पर 25% पैनल्टी है।

आयात में 10% की गिरावट दर्ज

व्हाइट हाउस प्रेस सचिव केरोलिना लेविट के मुताबिक इन टैरिफों का मकसद रूस पर सेकेंडरी प्रेशर बनाना है, ताकि वह यूक्रेन युद्ध समाप्त करने पर मजबूर हो। हालांकि ट्रंप के बयानों के बावजूद रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक सितंबर में भारत के कुल आयात में रूस का हिस्सा 34% रहा। हालांकि 2025 के पहले आठ महीनों में आयात में 10% की गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका और रूस के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत अपनी ऊर्जा नीति को लेकर संतुलन साधने की कोशिश कर रहा है। भारत ने साफ कर दिया है कि उसकी ऊर्जा रणनीति किसी तीसरे देश के दबाव में नहीं, बल्कि जनता के हितों और राष्ट्रीय आवश्यकता पर आधारित है। (India on Trump Claim)

Back to top button
error: Content is protected !!