पाकिस्तान के हुक्मरान खुद मांगते हैं आर्थिक मदद, अब सऊदी अरब जाने वाले नागरिकों को दी भीख न मांगने की हिदायत

Pakistan on Baggers: इस्लाम में भीख मांगना एक संगीन गुनाह और हराम यानी वर्जित माना जाता है, लेकिन खुद को इस्लामिक मुल्क कहने वाले पाकिस्तान के नागरिकों और हुक्मरानों का दोहरा चरित्र एक बार फिर सामने आया है। मक्का-मदीना और उमरा की आड़ में सऊदी अरब जाकर भीख मांगना पाकिस्तानियों के लिए एक पेशा बनता जा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर सऊदी अरब पहले भी पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगा चुका है और इसी साल जून में 5,000 से ज्यादा पाकिस्तानी भिखारियों को डिपोर्ट भी किया जा चुका है। अब हालात यह हैं कि पाकिस्तानी सरकार खुद अपने नागरिकों को वहां जाकर भीख न मांगने की हिदायत दे रही है।
यह भी पढ़ें:- IGKV पेपर लीक पर सियासत तेज, बघेल ने सरकार से की जिम्मेदारी तय करने की मांग, CM साय बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एक तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर सऊदी अरब जाकर मक्का-मदीना में उमरा अदा करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ वे सऊदी प्रिंस के दरबार में देश की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था के लिए आर्थिक मदद का कटोरा भी पसारते हैं। खुद देश के शीर्ष नेतृत्व का यही आचरण है, जो मक्का जाने वाले आम नागरिकों के लिए विरोधाभास पैदा करता है। यही वजह है कि अब पाकिस्तानी हुक्मरान अपने नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे उमरा के नाम पर सऊदी अरब जाकर देश की साख को बट्टा न लगाएं।
सऊदी अरब में पाकिस्तानी दूतावास की सख्त चेतावनी
बढ़ते मामलों को देखते हुए सऊदी अरब स्थित पाकिस्तानी दूतावास ने एक विशेष संदेश जारी किया है। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि पाकिस्तान से उमरा जाने वालेतमाम जायरीन और मजदूरों से अहम गुजारिश है कि सऊदी अरब में भीख मांगना या इस तरह के किसी काम में लिप्त होना कानूनन जुर्म है। इसका उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी, मुल्क से निकाला जाना और दोबारा प्रवेश पर कड़े प्रतिबंध समेत सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक मक्का-मदीना जाने वाले कई पाकिस्तानी जायरीन वहां पहुंचने के बाद व्हीलचेयर सेवा देने के नाम पर पैसे मांगने या अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त हो जाते हैं। सऊदी अरब में यह कोई मजबूरी नहीं, बल्कि एक संगठित धंधा बन चुका है, जिससे पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी फजीहत हो रही है।
जून 2026 में सऊदी अरब की खरी-खरी
खाड़ी देशों के कड़े तेवर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सऊदी प्रशासन ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। पाकिस्तान के इंटीरियर मिनिस्टर तलाल चौधरी ने संसद में खुद इस बात का खुलासा किया था कि सऊदी अरब ने अवैध गतिविधियों और भिखारी नेटवर्क पर कड़ा रुख अपनाया है। सऊदी अरब की ओर से एक ही झटके में 5,500 से ज्यादा पाकिस्तानी भिखारियों को पकड़कर डिपोर्ट किए जाने के बाद पाकिस्तान सरकार सकते में है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी पाकिस्तानी नागरिकों की ऐसी संदिग्ध गतिविधियों पर गहरी चिंता जताई है। (Pakistan on Baggers)
अर्थव्यवस्था पर मंडराता बड़ा खतरा
खाड़ी देश लाखों पाकिस्तानी कामगारों को रोजगार देते हैं, जिनकी भेजी गई रकम से पाकिस्तान की कंगाल अर्थव्यवस्था किसी तरह सांस ले रही है। लेकिन इन संगठित भिखारी गिरोहों और अवैध प्रवासन के कारण अब खाड़ी देशों का गुस्सा फूटने लगा है। अगर अरब देशों ने इन गतिविधियों पर पूरी तरह सख्ती बरतते हुए बड़े पैमाने पर डिपोर्टेशन जारी रखा तो पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की हालत और ज्यादा खस्ता हो सकती है। फिलहाल भीख मांगने की इस लत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की साख को तो मिट्टी में मिला ही दिया है, साथ ही खाड़ी देशों के कड़े रुख ने कंगाल मुल्क की अर्थव्यवस्था पर भी तलवार लटका दी है। अब देखना यह होगा कि सरकार की यह चेतावनी इस शर्मनाक पेशे पर कितना लगाम लगा पाती है। (Pakistan on Baggers)



