पंडरिया के वनांचल में धर्मांतरण पर बवाल, 18 गांवों के ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट, प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

Pandariya Conversion Controversy: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाकों में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। क्षेत्र में आदिवासी और बैगा समाज के लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाते हुए 18 गांवों के ग्रामीण एकजुट होकर जिला मुख्यालय पहुंचे। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और सरपंचों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर तुलिका प्रजापति को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पंडरिया के वनांचल क्षेत्रों में लंबे समय से धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उनका दावा है कि क्षेत्र में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर और अशिक्षित परिवारों, विशेषकर आदिवासी समेत बैगा समाज के लोगों को अलग-अलग प्रकार के प्रलोभन देकर और गुमराह कर उनकी धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- दुर्ग की एक FIR ने खोली महादेव सट्टा सिंडिकेट की परतें, 17 बैंक खाते और 61 ATM कार्ड से सामने आया सौरभ चंद्राकर का कनेक्शन
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों में बाहरी मिशनरियों के साथ-साथ गांव के कुछ धर्मांतरित व्यक्ति भी सक्रिय हैं। कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण अपने साथ धर्मांतरण की गतिविधियों में शामिल शासकीय और गैर शासकीय व्यक्तियों के नामों की सूची भी लेकर पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन को आवेदन सौंपकर वनांचल क्षेत्र के गांवों में चल रही धार्मिक गतिविधियों की जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में कथित रूप से नियमों के विरुद्ध संचालित चर्चों और उनसे जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति या संस्था की संलिप्तता और नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। (Pandariya Conversion Controversy)
धार्मिक ही नहीं, सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा मामला
ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला सिर्फ धर्म परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी और बैगा समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। उनका आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परिस्थितियों का फायदा उठाकर उन्हें धन, सहायता या अन्य प्रकार के प्रलोभन के माध्यम से प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वनांचल के गांवों तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए और दबाव, प्रलोभन या धोखाधड़ी के माध्यम से धर्मांतरण कराए जाने की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। इस मामले में 18 गांवों के ग्रामीणों का एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचना क्षेत्र में धर्मांतरण के मुद्दे की संवेदनशीलता को दर्शाता है। फिलहाल ग्रामीणों ने अपनी शिकायत और मांगें जिला प्रशासन के सामने रख दी हैं। अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। बड़ा सवाल यह है कि क्या वनांचल के गांवों में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच होगी और शिकायत में नामजद लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी? साथ ही इस संवेदनशील मुद्दे पर जांच के साथ क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव बनाए रखना भी प्रशासन के लिए अहम चुनौती होगी।



