Chhattisgarh : अस्पताल परिसर में नवजात शिशु का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
Chhattisgarh News : बालोद के स्थानीय शहीद अस्पताल के बाथरूम में नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े :- रूसी तेल को लेकर ट्रंप ने फिर दी चेतावनी, कहा- भारत नहीं माना तो और बढ़ाएंगे टैरिफ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग 12:30 बजे अस्पताल में बाथरूम की सफाई के दौरान एक सफाई कर्मी को नवजात शिशु का शव दिखाई दिया। उसने तत्काल इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी, जिसके बाद पुलिस थाना को अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से नवजात शिशु के संबंध में पूछताछ की, हालांकि फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद नगर पालिका के सहयोग से नवजात का कफन-दफन कराया। सूत्रों के अनुसार मृत नवजात की गर्भकालीन आयु लगभग सात माह बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात शिशु को किन परिस्थितियों में अस्पताल के बाथरूम में छोड़ा गया। (Chhattisgarh News)
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (Chhattisgarh News)



