Google Analytics —— Meta Pixel

रूसी तेल को लेकर ट्रंप ने फिर दी चेतावनी, कहा- भारत नहीं माना तो और बढ़ाएंगे टैरिफ

Trump on India Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और रूस के बीच तेल व्यापार को लेकर सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर भारत रूसी तेल खरीद के मुद्दे पर अमेरिका का सहयोग नहीं करता तो भारतीय सामानों पर लगाए गए मौजूदा टैरिफ को और बढ़ाया जा सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं जारी हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका भारत से आयात होने वाले सामानों पर टैरिफ बढ़ाने से पीछे नहीं हटेगा। उनका इशारा सीधे तौर पर भारत-रूस के बीच चल रहे तेल व्यापार की ओर था, जिसका ट्रंप प्रशासन लंबे समय से विरोध करता रहा है।

यह भी पढ़ें:- 8 जनवरी को होगा साल का पहला CM जनदर्शन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुनेंगे लोगों की समस्याएं

ट्रंप ने कहा कि अगर वे रूसी तेल के मुद्दे पर हमारी मदद नहीं करते हैं तो हम भारत पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं। बता दें कि ट्रंप ने अगस्त 2025 में इसी मुद्दे पर भारत पर टैरिफ दोगुना कर 50 प्रतिशत कर दिया था। अमेरिका का आरोप है कि रूस को तेल से होने वाली आय का इस्तेमाल यूक्रेन युद्ध में किया जा रहा है। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए उनकी तारीफ भी की, लेकिन साथ ही दबाव की राजनीति भी साफ नजर आई। पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि वे असल में मुझे खुश करना चाहते थे। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। उन्हें पता था कि मैं खुश नहीं था। उन्हें मुझे खुश करना जरूरी था। वे व्यापार करते हैं और हम उन पर बहुत जल्दी टैरिफ बढ़ा सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत जानता है कि अमेरिका कभी भी टैरिफ बढ़ाने का फैसला ले सकता है। (Trump on India Tariffs)

भारत ने ट्रंप के दावे को किया था खारिज

इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि PM मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। अक्टूबर में ट्रंप ने कहा था कि अब कोई तेल व्यापार नहीं होगा। भारत रूसी तेल नहीं खरीद रहा है। हालांकि भारत सरकार ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। भारत का साफ रुख रहा है कि उसकी ऊर्जा नीति बाजार की स्थितियों और घरेलू जरूरतों के आधार पर तय होती है। ट्रंप की नई चेतावनी से भारत-अमेरिका संबंधों में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इससे पहले टैरिफ लगाए जाने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में कुछ नरमी भी देखने को मिली थी। उस समय ट्रंप ने कहा था कि वे PM मोदी के हमेशा दोस्त रहेंगे और भारत-अमेरिका के बीच खास रिश्ता है।

रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता

प्रधानमंत्री मोदी ने भी उस दौरान ट्रंप की टिप्पणियों की सराहना की थी। इसके बावजूद रूस से तेल आयात का मुद्दा दोनों देशों के बीच संवेदनशील बना हुआ है। मौजूदा समय में रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है। ट्रंप प्रशासन के कई अधिकारियों का आरोप रहा है कि भारत रूसी तेल को सस्ते दामों पर खरीदकर मुनाफा कमा रहा है। वहीं भारत लगातार यह दोहराता रहा है कि वह अपनी ऊर्जा सुरक्षा से कोई समझौता नहीं कर सकता। ट्रंप की नई चेतावनी भारत पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखी जा रही है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ताओं पर इसका क्या असर पड़ता है और क्या रूस से तेल आयात का मुद्दा दोनों देशों के रिश्तों में नई तल्खी लाता है।

Back to top button
error: Content is protected !!