Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान, बैज बोले- सिंहदेव दिल्ली जाएं, टीएस बोले- मैं अभी भी सक्रिय, BJP ने कसा तंज 

PCC President Post Tussle: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर बयानबाजी में बदल गई है। संगठन के भीतर नेतृत्व और भूमिका को लेकर शुरू हुई यह बहस अब दिल्ली बनाम छत्तीसगढ़ और वरिष्ठ बनाम युवा नेतृत्व के एंगल में पहुंच गई है। मामला तब गरमाया, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव को लेकर बड़ा बयान दिया। बैज ने कहा कि टीएस बाबा बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए, छत्तीसगढ़ में युवाओं को मौका मिलना चाहिए। बैज ने आगे यह भी कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु-पुडुचेरी जैसे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुके हैं, इसलिए अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में एक्सट्रीम स्तर पर UV इंडेक्स, सुबह 11 बजे के बाद बाहर निकलना खतरनाक

बैज के इस बयान के बाद पूर्व डिप्टी CM TS सिंहदेव ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि दीपक बैज ने किस सोच के साथ यह बात कही है। सिंहदेव ने कहा कि अगर युवाओं को मौका देने की बात हो रही है तो वे खुद को आज भी पूरी तरह सक्रिय और युवा जैसी ऊर्जा वाला मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे छत्तीसगढ़ में ही रहकर काम करना चाहते हैं और लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। सिंहदेव ने आगे संगठनात्मक जिम्मेदारी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस में हर नेता की पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र और संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि वे खुद भी चुनाव हार चुके हैं और दीपक बैज भी चुनाव हार चुके हैं, इसलिए प्राथमिकता संगठन को मजबूत करने की होनी चाहिए। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, वे उसे निभाने को तैयार हैं।

एक इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ विवाद

दरअसल, टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसी बयान के बाद दीपक बैज का यह बयान सामने आया, जिससे यह पूरा विवाद प्रदेश अध्यक्ष पद की संभावित खींचतान के रूप में देखा जाने लगा। इसी बीच भाजपा ने भी इस मुद्दे पर तंज कसा है। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस का अंतर्कलह गाहे-बगाहे सार्वजनिक हो जाता है। सिंहदेव को प्रदेश के नेता पचा नहीं पा रहे हैं। सिंहदेव बाकी नेताओं को पचा नहीं पा रहे हैं। सिंहदेव को कांग्रेस ने यूज किया। कांग्रेस यूज एंड थ्रो की राजनीति करती है। नेताम ने आगे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, उसमें सरगुजा महाराज की बड़ी भूमिका रही। हम सब लोगों को निपटाने में भी उनका बड़ा योगदान था। इसका खामियाजा उन्हीं को भुगतना पड़ा। (PCC President Post Tussle)

सिंहदेव को सतर्क हो जाने की सलाह

मंत्री नेताम ने सिंहदेव को सतर्क हो जाने की भी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपस में बहुत लड़ाई है। पहले टीएस सिहंदेव का अपमान करते थे। पार्टी ने उनका बहुत यूज किया। उन्हें लॉलीपॉप पकड़ाकर पूरा माल खा गए। वहीं मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि ये अपने परिवार को ही नहीं संभाल पा रहे और देश संभालने की बात करते हैं। भारत जोड़ने की बात करते हैं, पहले अपनी पार्टी को तो जोड़ लें। आपस में युद्ध कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि इनके पास कोई विचारधारा, कोई सोच नहीं है। जेब भरने और भ्रष्टाचार करने के लिए सरकार में आना चाहते हैं। कांग्रेस में कई गुट हैं। टीएस सिंहदेव गुट, दीपक बैज गुट, भूपेश गुट। ना जाने और इनके कितने गुट सामने आएंगे। जब चुनाव होते हैं तो कांग्रेस में कुर्सी तोड़ कार्यक्रम चलता है। ये सिर्फ भ्रष्टाचार जानते हैं।

अध्यक्ष पद के लिए रस्साकस्सी मची हुई है: बीजेपी

भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए रस्साकस्सी मची हुई है। जल्द ही ये रस्साकस्सी जूतम-पैजार में बदलने वाला है। दीपक बैज लगातार बड़े नेताओं को सलाह दे रहें, ये कांग्रेस की गुटबाजी है। हालांकि इस बीच एक फोन बातचीत का वीडियो भी सामने आया, जिसमें दोनों नेताओं के बीच माहौल हल्का नजर आया। वीडियो में टीएस सिंहदेव मुस्कुराते हुए कहते हैं कि मीडिया के बीच बातें चलती रहती हैं, दीपक बैज मेहनत करें और मुख्यमंत्री बनें। इस बातचीत के बाद भी राजनीतिक चर्चाएं पूरी तरह थमी नहीं हैं। इस पूरे घटना को अब सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद और संगठनात्मक नियंत्रण को लेकर चल रही वास्तविक खींचतान के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें दोनों नेताओं के बयान लगातार नई राजनीतिक हलचल पैदा कर रहे हैं। (PCC President Post Tussle)

Back to top button
error: Content is protected !!