Google Analytics —— Meta Pixel

Petrol Diesel Price Hike : देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में हुई बढ़ोत्तरी, आधी रात से नया दर हुआ लागू

Petrol Diesel Price Hike : देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। पेट्रोल के दाम में ₹3.14 प्रति लीटर और डीजल में ₹3.11 प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर और डीजल ₹90.78 प्रति लीटर हो गया है।

वही राजधानी रायपुर में गुरुवार, 14 मई 2026 को पेट्रोल की कीमत लगभग ₹101.10 से ₹101.15 प्रति लीटर और डीजल की कीमत करीब ₹93.39 प्रति लीटर दर्ज की गई। बीते कई दिनों से ईंधन के दाम स्थिर बने हुए थे, लेकिन आधी रात के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी लागू होने से वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

दरअसल, ईरान-अमेरिका तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर अब घरेलू बाजार पर भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। इससे सरकारी तेल कंपनियों पर भारी वित्तीय दबाव बढ़ा है।

बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों को रोजाना करीब ₹1,000 करोड़ और महीने में लगभग ₹30 हजार करोड़ का नुकसान हो रहा था। लंबे समय तक नुकसान सहने के बाद कंपनियों ने ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया।

दिल्ली में नई कीमतें

नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹94.77 से बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल ₹87.67 से बढ़कर ₹90.78 प्रति लीटर पहुंच गया है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और आपूर्ति संकट के कारण आने वाले दिनों में कीमतों पर और असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

चार साल बाद बड़ा बदलाव

गौरतलब है कि पिछले करीब चार वर्षों से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई थी। हालांकि, लगातार बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों और कंपनियों की अंडर-रिकवरी को देखते हुए सरकार और तेल कंपनियों को यह फैसला लेना पड़ा।

पीएम मोदी ने की थी अपील

इससे पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग करने, अनावश्यक विदेश यात्रा टालने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की थी। डॉलर के मुकाबले रुपये में भी गिरावट दर्ज की गई है और भारतीय मुद्रा कमजोर होकर 95 प्रति डॉलर के करीब पहुंच गई है। (Petrol Diesel Price Hike)

सरकार ने दिए थे संकेत

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने भी हाल ही में संकेत दिए थे कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा था कि तेल विपणन कंपनियों पर वित्तीय दबाव लगातार बढ़ रहा है और उनकी अंडर-रिकवरी ₹2 लाख करोड़ तक पहुंच सकती है। (Petrol Diesel Price Hike)

यह भी पढ़े :- Rashifal 15 May 2026: आज शुक्रवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!