Google Analytics —— Meta Pixel

आरंग में किसानों की चिंता गहराई, खाद आपूर्ति में कमी और डीजल संकट को लेकर किसानों ने जताई नाराजगी, समाधान की मांग तेज

आरंग : खेती-किसानी के सीजन से पहले रासायनिक खाद की आपूर्ति में कमी और ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल उपलब्धता की समस्या को लेकर आरंग क्षेत्र के किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर बुधवार को ग्राम खौली में किसानों की एक महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीणजन और युवा प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में किसानों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं खाद और डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने से आगामी फसल उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त खाद और ईंधन उपलब्ध नहीं कराया गया, तो खेती-किसानी प्रभावित हो सकती है।

किसान प्रतिनिधि श्रवण चन्द्राकर ने बताया कि कृषि विश्वविद्यालय की अनुशंसा के बाद खाद वितरण व्यवस्था में हुए बदलाव को लेकर किसानों के बीच असमंजस की स्थिति है। किसानों ने मांग की कि पूर्व की व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से बहाल करते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में किसान नेता भूपेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, ऐसे में आवश्यक है कि किसानों को समय पर खाद, बीज और डीजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सुचारु रूप से उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि जैविक खेती को बढ़ावा देना स्वागत योग्य कदम है, लेकिन इसके साथ वैकल्पिक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था भी जरूरी है।

महापंचायत में किसानों ने चरणबद्ध तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया। पहले चरण में सहकारी समितियों और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। किसानों ने कहा कि उनका उद्देश्य आंदोलन नहीं, बल्कि खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान है।

बैठक के बाद जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर एवं किसान नेता पारस नाथ साहू के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आरंग को मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाद और डीजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

बैठक में किसान नेता गोविंद चन्द्राकर, जनक राम आवड़े, द्रोण चन्द्राकर, मोनू चन्द्राकर, चिंता राम वर्मा, हिरेश चन्द्राकर, कमल चन्द्राकर, धनाजिक चन्द्राकर सहित क्षेत्र के अनेक किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :- Petrol Diesel Price Hike : पेट्रोल ₹3.14 और डीजल ₹3.11 महंगा, देशभर में बढ़े ईंधन के दाम

Back to top button
error: Content is protected !!