हादसे का शिकार हुआ सैन्य विमान, 49 लोगों की मौत, 10 लोग से ज्यादा घायल

Plane Crash in Sudan: उत्तरी पूर्व अफ्रीका में स्थित सूडान में फिर बड़ा विमान हादसा हुआ है। दरअसल, ओमडुरमैन शहर में एक सैन्य विमान क्रैश हो गया है, जिसमें सवार 49 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल है। सेना ने बताया कि ‘एंटोनोव’ विमान ओमडुरमैन के उत्तर में वादी सैयदना एयरबेस से उड़ान भरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सैन्यकर्मियों और आम नागरिकों की मौत हुई है। हालांकि सेना ने अब तक नहीं बताया है कि दुर्घटना किस वजह से हुई है।
यह भी पढ़ें:- हादसे का शिकार हुआ सैन्य विमान, 49 लोगों की मौत, 10 लोग से ज्यादा घायल
सरकार की ओर से बताया गया कि विमान ओमडुरमैन के कर्रारी जिले में दुर्घटनाग्रस्त होकर एक आम नागरिक के घर पर गिरा, जिसके कारण जमीन पर भी लोगों की मौत होने की आशंका है। इससे पहले 29 जनवरी 2025 को उत्तर-पूर्व अफ्रीका में स्थित साउथ सूडान के यूनिटी स्टेट में उड़ान भरने के दौरान प्लेन क्रैश हो गया था, जिसमें सवार 20 लोगों की मौत हो गई थी। साउथ सूडान को सूडान से साल 2011 में आजादी मिली थी। इसके बाद से यहां कई विमान हादसे हो चुके हैं। सितंबर 2018 में राजधानी जुबा से रियोल जा रहा एक चार्टेड प्लेन क्रैश हो गई थी, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई थी। साल 2015 में राजधानी जुबा से एक रूस निर्मित कार्गो विमान उड़ान भरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 36 लोगों की जान गई थी। इसकी वजह विमान की क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाना था।
28 दिसंबर को हुई थी 179 लोगों की मौत
इससे पहले 28 दिसंबर 2024 को साउथ कोरिया के मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्लेन क्रैश की घटना में 179 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया था। दक्षिण कोरिया में 28 दिसंबर को 181 लोगों को ले जा रहा जेजू एयर बोइंग 737-800 विमान पक्षियों के झुंड से टकरा गया था, जिससे उसके लैंडिंग गियर में खराबी आ गई। इसके बाद विमान रनवे से फिसलकर बाड़ से जा टकराया। इस हादसे में 179 लोगों की जान चली गई थी। जबकि दो लोग जीवित बचे। इस हादसे के लिए बर्ड स्ट्राइक को जिम्मेदार माना गया। दरअसल, बर्ड स्ट्राइक फ्लाइट और पक्षियों के बीच होने वाली टक्कर को कहा जाता है। इससे विमान हादसे बढ़ते ही जा रहे हैं। (Plane Crash in Sudan)
सूडान में अप्रैल 2023 से गृहयुद्ध जारी
बता दें कि सूडान में अप्रैल 2023 से गृहयुद्ध जारी है। सेना और RSF के बीच हिंसक संघर्ष शुरू होने के बाद से सूडान में गृहयुद्ध की स्थिति बनी हुई है। इस संघर्ष में अब तक 24 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वहीं 1.4 करोड़ से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं। जबकि देश के कई हिस्सों में भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। हिंसा की वजह से पश्चिमी सूडान के उत्तरी दारफुर राज्य की राजधानी एल फशेर में घेराबंदी जारी थी, जिसके चलते मई 2024 से अब तक 1 हजार लोग मारे गए। वहीं 1 हजार 143 से ज्यादा लोग घायल हुए है। वहीं सूडान में बढ़ते हमलों की वजह से अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सहायता संगठन ‘डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ ने अपनी सेवाएं बंद कर दी थी। (Plane Crash in Sudan)



