Google Analytics —— Meta Pixel

भारत सिर्फ भविष्य के लिए तैयार नहीं हो रहा, बल्कि भविष्य को आकार दे रहा है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Addresses Indian Community: फ्रांस दौरे के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में आयोजित इंडियन कम्यूनिटी इवेंट को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है, आप सब छुट्टी के मूड में हैं। ये पेरिस शहर,लाइट्स का शहर है, रंगों का शहर है, यहां आर्ट है, आइडिया हैं, और इनोवेशन की प्रेरणा भी है। इस शहर को भारत के अलग-अलग राज्यों से आए आप सभी लोग और भी खूबसूरत बना देते हैं। नए नए रंगों से भर देते हैं। कोई तमिल है, कोई पंजाबी है, कोई गुजराती है, तो कोई मराठी है, और कोई बंगाली है। भारत के हर कोने का प्रतिनिधित्व यहां दिखाई देता है। मैं जब 14 जून को नीस पहुंचा था तो सबसे पहले भारत इनोवेट्स कार्यक्रम में शामिल हुआ था। 

यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार हिंसा केस पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, राज्य सरकार को नोटिस जारी

PM मोदी ने कहा कि फ्रांस में रहने वाले आप लोगों ने 21वीं सदी के भारत-फ्रांस रिश्तों को जिस तरह कनेक्ट किया है, वो हमारी रणनीतिक साझेदारी की बहुत बड़ी ताकत बन रही है। मैं आप सभी के लिए भारत से 140 करोड़ देशवासियों की शुभकामनाएं लेकर आया हूं। इस स्वागत के लिए मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं ऐसे समय में फ्रांस आया हूं, जब कुछ ही दिन पहले हमारी सरकार के 12 साल पूरे हुए हैं। चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप निरंतर 12 साल तक देश की सेवा करना मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। यह भारत के लोकतंत्र की शक्ति है जिसने एक चायवाले को यहां तक पहुंचा दिया। बीते 12 साल, 140 करोड़ भारतीयों के अद्भुत सामर्थ्य के रहे हैं। 12 साल के इस कालखंड में भारत का GDP दोगुना हुआ है। (PM Addresses Indian Community)

एयरपोर्ट की संख्या दोगुनी हुई: PM मोदी

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की संख्या दोगुनी हुई है। विश्वविद्यालयों की संख्या भी दोगुनी हो गई है। हाईवे का निर्माण की स्पीड तीन गुना बढ़ गई। और मेट्रो नेटवर्क चार गुणा बड़ा हो गया है। मैं आपको कुछ और फैक्ट्स दूंगा, उससे आप अंदाजा लगा पाएंगे कि भारत किस स्पीड और कितने बड़े स्केल पर काम कर रहा है। पिछले 12 सालों में भारत का डिफेंस एक्सपोर्ट 35 गुणा यानी पैंतीस बार बढ़ गया है। एक फैक्ट सुनिए भारत में मोबाइल मैन्यूफैक्टरिंग यूनिट्स में 100 गुणा की बढ़ोतरी हुई है। भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता है। इसी गति, इसी प्रगति का नतीजा है कि आज भारत दुनिया की फास्टेस्ट ग्रोइंग मेजर इकोनॉमी है।

PM मोदी ने कहा कि आज भारत की कहानी सिर्फ आर्थिक प्रगति की कहानी नहीं है। यह सामाजिक परिवर्तन की कहानी भी है। पिछले 12 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यानी एक ऐसी प्रगति जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। फ्रांस में जितने घर हैं, उससे भी ज्यादा पक्के घर बीते 12 साल में हमने जरूरतमंदों के लिए बनाए हैं। अब हर परिवार के पास, गरीब से गरीब क्यों न हो उसका बैंक खाता है। वित्तीय समावेशन एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का अभियान बना है। इन 12 सालों की उपलब्धियों में, एक उपलब्धि ऐसी भी है जिसे किसी आंकड़े से, या अंकों से, नहीं मापा जा सकता। वह है 140 करोड़ भारतीयों का आत्मविश्वास। आज का भारत और आज के भारत का युवा बहुत बड़े सपने देख रहा है। 

उन्होंने कहा कि भारत का किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। इसलिए ये सिर्फ उपलब्धियों के 12 साल नहीं हैं, ये भारत की एस्पिरेशन्स को नई बुलंदी देने का कालखंड रहा है। एक समय था जब दूर-दराज के गांवों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना वाकई बहुत मुश्किल भरा था। आज उन्हीं गांवों में बिजली भी है, इंटरनेट भी है, और डिजिटल सेवाओं की पूरी दुनिया भी है। आज एक क्लिक पर, कभी भी, कहीं भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हैं। आज मोबाइल फोन, भारत के नागरिकों को कई सुविधाओं से कनेक्ट कर रहा है। हमारे किसान, हमारे मछुआरे, हमारे डेयरी किसान, हमारी महिलाएं, हमारे स्टूडेंट्स, सभी टेक्नोलॉजी के माध्यम से सशक्त हो रहे हैं, और अपने लिए नए अवसर बना रहे हैं। (PM Addresses Indian Community)

PM मोदी ने कहा कि आपने 125 करोड़ से ज्यादा आधार आइडी के बारे में सुना है, लेकिन आज भारत सिर्फ पहचान को डिजिटल नहीं बना रहा। आज करीब 90 करोड़ भारतीयों की यूनिक डिजिटल हेल्थ IDs बनाई जा चुकी हैं, जिससे मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित और पहुंच योग्य बन गए हैं। इससे हेल्थकेयर डिलीवरी और ज्यादा आसान और कुशल हो रही है। इन उपलब्धियों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनमें से अधिकांश चीजें कुछ साल पहले तक कल्पना जैसी लगती थीं। कौन सोच सकता था कि गांव-गांव तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचेगा ? कौन सोच सकता था कि दूर-सुदूर के गांवों में भी QR कोड जीवन का हिस्सा बन जायेगा ? गांव में कोई बहन, ड्रोन से खेती करने में मदद करेगी, ये भी असंभव लगता था, लेकिन आज यह सब भारत के करोड़ों लोगों के जीवन का सामान्य हिस्सा बनता जा रहा है। और आपको गर्व होगा साथियों, यही नए भारत की पहचान है।

जो कभी नामुमकिन लगता था, वो मुमकिन हो गया: PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो कभी सपना था, वह आज सच्चाई है। जो कभी नामुमकिन लगता था, वो आज मुमकिन हुआ है और ये करने के पीछे सबसे बड़ी ताकत क्या है? किसकी वजह से ये सब संभव हुआ है? यह मोदी के कारण नहीं, वो ताकत है- भारत का लोकतंत्र, भारत की डेमोक्रेसी। इस डेमोक्रेसी में सबका साथ है, सबका विकास है। आज से 50 या 100 साल बाद जब भारत के इस कालखंड की समीक्षा होगी, तो ये बात उभरकर सामने आएगी कि इस कालखंड को भारत की आकांक्षाओं ने ड्राइव किया। यह भारत के एस्पिरेशन्स का नया युग है, जहां बिजली पहुंची है, वहां लोग सिर्फ बिजली नहीं चाहते, वे स्मार्ट लिविंग चाहते हैं। जहां ट्रेन पहुंची है, वहां लोग हाई-स्पीड कनेक्टिविटी चाहते हैं, जहां हाईवे बने हैं, वहां लोग विश्व-स्तरीय एक्सप्रेसवे चाहते हैं। जहां इंटरनेट पहुंचा है, वहां लोग AI और डिजिटल इनोवेशन में नेतृत्व चाहते हैं। यानी आज भारत के लोग अपने जीवन को भी नेक्स्ट लेवल पर ले जाना चाहते हैं और भारत को भी नेक्स्ट लेवल पर ले जाना उनका मकसद है, उनका संकल्प है, उनके सपने है।

आकांक्षाएं भारत की विकास यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति: प्रधानमंत्री

उन्होंने कहा कि यही आकांक्षाएं आज भारत की विकास यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति हैं। मैं आपको भारत की अंतरिक्ष यात्रा का उदाहरण दूंगा। भारत ने चंद्रयान को चंद्रमा के साउथ पोल पर उतारा। दुनिया ने इसे एक बहुत बड़ी उपलब्धि माना। लेकिन भारत इसे अपनी मंजिल मानकर रुका नहीं। आज देश गगनयान की तैयारी कर रहा है। भारत अंतरिक्ष में अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारे स्पेस स्टार्टअप्स और ग्लोबल स्पेस इकॉनमी में अपनी जगह बनाने के लिए पुरजोश काम कर रहे हैं, आगे बढ़ रहे हैं। ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में भी भारत की यही एस्पिरेशंस दिखाई देती है। सौर ऊर्जा में भारत की उपलब्धियों की दुनिया भर में लगातार चर्चा हो रही हैं, लेकिन भारत अगली छलांग की तैयारी कर रहा है। ग्रीन हाइड्रोजन में बड़े निवेश हो रहे हैं। एडवांस्ड न्यूक्लियर एनर्जी पर तेजी से काम हो रहा है। आपने भारत के फास्ट ब्रीडर न्यूक्लियर रिएक्टर से जुड़ी प्रोग्रेस के बारे में भी सुना जरूर होगा। ये भारत के न्यूक्लियर एनर्जी लैंडस्केप में क्रांतिकारी परिवर्तन करने का बहुत बड़ा अचीवमेंट हमारे सीसेन्टिस्टों ने किया है।

आज का भारत भविष्य का पूरा इकोसिस्टम बना रहा: PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत भविष्य का पूरा इकोसिस्टम बना रहा है। भारत एक साथ हर उस क्षेत्र में निवेश कर रहा है, जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेगा। अभी आपने कुछ दिन पहले ही देखा है नीस में भारत इनोवेट्स का एक आयोजन किया। ये इवेंट भारत के डीप टेक सामर्थ्य को दुनिया तक पहुंचाने का एक और माध्यम था। इसमें भारत के 120 डीप-टेक स्टार्टअप्स उपस्थित थे। भारत इनोवेशन में करीब एक हजार चार सौ B2B बैठकें हुईं है। कई स्टार्टअप के लिए निवेश प्रतिबद्धताएं आगे बढ़ीं, व्यावसायिक ऑर्डर के लिए रास्ते खुले। फ्रांसीसी और यूरोपीय विश्वविद्यालय और इन्क्यूबेटर्स के साथ जुड़ाव बढ़ रहा है। छात्र आदान-प्रदान, संयुक्त अनुसंधान और नवाचार सहयोग के नए रास्ते बने। इसलिए भारत इनोवेट्स सिर्फ एक शिखर सम्मेलन नहीं रहा। यह नवाचार कूटनीति का एक नया मॉडल बना है। पेरिस में विवाटेक कार्यक्रम के जरिए इस यात्रा को हमने और आगे बढ़ाया। नीस में हमने विचारों को पूंजी से जोड़ा और पेरिस में भारतीय नवाचार को वैश्विक स्तर से जोड़ा। आज दुनिया देख रही है कि भारत केवल भविष्य के लिए तैयार नहीं हो रहा है। भारत भविष्य को आकार दे रहा है।

भारत विश्व में एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभर रहा: PM

उन्होंने कहा कि एक समय था, जब देशों के बीच रिश्ते केवल व्यापार से तय होते थे। आज व्यापार के साथ-साथ विश्वास यानी भरोसा भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है। हर देश विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाएं चाहता है। हर देश स्थिर साझेदारियां चाहता है। हर देश ऐसे सहयोगियों की तलाश में है, जिन पर लंबे समय तक भरोसा किया जा सके। और ऐसे समय में, भारत विश्व में एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभर रहा है। एवियां में जी-7 बैठक के दौरान मैंने विश्वास आधारित साझेदारियां बनाने पर जोर दिया। ग्लोबल साउथ के देशों के साथ समान भागीदारों के रूप में आगे बढ़ने का आह्वान किया। भारत का जी-7 शिखर सम्मेलन में संदेश था कि वैश्विक शासन तभी प्रभावी होगा जब वह समावेशी होगा। वैश्विक विकास तभी टिकाऊ होगा जब वह साझा होगा। और वैश्विक प्रौद्योगिकी तभी मानवता के लिए उपयोगी होगी जब वह विश्वसनीय होगी। भारत और दुनिया के बीच व्यापारिक रिश्तों में नई ऊर्जा नजर आ रही है। फ्रांस के साथ भारत का व्यापार लगातार बढ़ रहा है। (PM Addresses Indian Community)

भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए: PM मोदी

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत ने दुनिया के कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। यूरोपीय संघ हो, यूनाइटेड किंगडम हो, दुनिया के हर देश और हर क्षेत्र के साथ भारत समझौते कर रहा है। अगले महीने से भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच व्यापार समझौता भी लागू हो जाएगा। यह समझौता भारत के किसानों, श्रमिकों और नवप्रवर्तकों को अनेक नए अवसर प्रदान करेगा। आज दुनिया अनिश्चितता और व्यवधान के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत और फ्रांस की साझेदारी विश्वास, स्थिरता और सहयोग का एक मजबूत स्तंभ बन रही है। इस साल हमने भारत और फ्रांस के संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। नीस में मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों और मैंने हमारे संबंधों को वैश्विक कल्याण की शक्ति बनाने पर चर्चा की। रक्षा से लेकर अंतरिक्ष और परमाणु क्षेत्र तक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और महत्वपूर्ण खनिजों से लेकर उच्च गति रेल तक, हर क्षेत्र में हम मिलकर आगे बढ़ेंगे।

अगले साल तृष्णा उपग्रह का प्रक्षेपण: PM मोदी 

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा हो, या कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग हो, भारत और फ्रांस मिलकर ऐसे समाधान विकसित कर रहे हैं, जो पूरी मानवता के हित में हैं। पिछले वर्ष पेरिस में और इस साल दिल्ली में हमने कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिखर सम्मेलन की संयुक्त अध्यक्षता की। अब हम साथ मिलकर अगले साल ‘तृष्णा’ उपग्रह को प्रक्षेपित करने जा रहे हैं। यह ‘तृष्णा’ उपग्रह विश्व में खाद्य और जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में योगदान देगा। यह सभी सरकार-से-सरकार पहलों में आप सभी का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। आप ही भारत और यूरोप के बीच सबसे मजबूत सेतु हैं। आप दोनों समाजों को समझते हैं। दोनों बाजारों को समझते हैं। आने वाले समय में प्रतिभा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन और निवेश के नए अवसरों को आगे बढ़ाने में आपकी भूमिका लगातार बढ़ने वाली है। भारत और फ्रांस के रिश्तों को साझा इतिहास, साझा मूल्यों और साझा विश्वास ने आगे बढ़ाया है। विश्व युद्धों के दौरान फ्रांस की धरती पर बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों की स्मृतियां आज भी हमें जोड़ती हैं।

भारत और यूरोप के बीच सबसे मजबूत सेतु प्रवासी भारतीय: PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे पहले नव शापेल में श्रद्धांजलि देने का अवसर मिला, पिछले सालों राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मार्सेय के युद्ध स्मारक जाने का अवसर भी मिला। यह हमारी साझा विरासत है। फ्रांस, भारतीयों के योगदान को संजोता भी है और सराहता भी है। भारतीय मूल की नूर इनायत खान हों, जिन्होंने फ्रांस के प्रतिरोध आंदोलन के लिए अपना जीवन बलिदान किया, या महाराजा रणजीत सिंह के साथ काम करने वाले जनरल जां फ्रांस्वा अलार हों, ये सभी भारत और फ्रांस की साझा विरासत के प्रतीक हैं। भारत के राज्य पुडुचेरी में भी फ्रांसीसी विरासत की झलक दिखाई देती है। वहां का वास्तुशिल्प, वहां की कला-संस्कृति और खान-पान सभी में हमारे संबंधों की महक है। इस समय फ्रांस समेत पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी भी चल रही है। इस अवसर पर मैं फ्रांस में योग को आगे बढ़ाने वाले महेश घाट्राड्याल को भी आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं। मैं पद्म पुरस्कार से सम्मानित शार्लोत शोपां जी को भी प्रणाम करता हूं, जिन्होंने सौ सालों की आयु में भी योग के माध्यम से फ्रांस को भारत की विरासत से जोड़ा है। उनका जीवन यह सिद्ध करता है कि योग जीवन में केवल साल नहीं जोड़ता, बल्कि सालों में जीवन जोड़ता है।

मैं फ्रेद नेग्री को भी याद करता हूं: PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं फ्रेद नेग्री को भी आदरपूर्वक याद करता हूं। भारतीय विरासत को संरक्षित करने में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। भारत और फ्रांस को जोड़ने वाली एक और चीज है, और वह है फुटबॉल। इस वक्त यहां फुटबॉल का जुनून पूरे जोर पर है। फ्रांस में इसकी दीवानगी चप्पे-चप्पे पर दिखाई देती है। लेकिन भारत में भी फुटबॉल का क्रेज सिर चढ़कर बोलता है। खासतौर पर फ्रांस की टीम के प्रशंसक भारत में बहुत अधिक हैं। फ्रांस ने इस विश्व कप की शुरुआत एक जोरदार जीत के साथ की है। मैं फ्रांस की टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। पिछले सालों मार्सेय में वाणिज्य दूतावास खोला गया, जिससे काफी अधिक सुविधा मिल रही है। कुछ सप्ताह पहले भारतीय नागरिकों के लिए फ्रांसीसी हवाई अड्डों पर वीजा-मुक्त ट्रांजिट की व्यवस्था शुरू हुई है। छात्रों और पेशेवरों की आवाजाही बढ़ाना हो, या शैक्षणिक योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता की बात हो, या फिर फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों के भारत में परिसर खोलने की बात हो, इन सभी पर हम मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।

फ्रांस में UPI का दायरा भी बढ़ने जा रहा: PM मोदी

उन्होंने कहा कि अब फ्रांस में यूपीआई के उपयोग का दायरा भी और बढ़ने जा रहा है। यानी भारत-फ्रांस संपर्क भी तत्काल और आपसी भुगतान भी तत्काल। इन सभी पहलों से हम भारत और फ्रांस को और करीब ला रहे हैं। और मैं फिर कहूंगा कि इस साझेदारी की नींव, इस रिश्ते की असली ताकत आप सभी हैं। आप सब मेरे देशवासी हैं। आज जब भारत तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तो मैं आप सभी से भारत के साथ और गहराई से जुड़ने का आग्रह करूंगा। इससे भारत की विकास यात्रा को नई शक्ति मिलेगी और आपको अपनी पुरखों की धरती की सेवा करने का अवसर भी मिलेगा। वहीं भारतीय समुदाय के एक सदस्य पटल अलपेश ने कहा कि हम बहुत उत्साहित थे। हमें उनसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने नवाचार, AI के जरिए नई तकनीक की शुरूआत और उससे जुड़ने की बात की, ताकि हम कनेक्टिंग मोड़ पर आएं, वह बहुत अच्छी बात है।

भारत के साथ और गहराई से जुड़ने का आह्वान

एक अन्य सदस्य ने कहा कि PM मोदी ने फ्रांस और भारत की मित्रता को लेकर जो कुछ बात कही उसने हमें प्रभावित किया है। यह पेरिस और फ्रांस में रहने वाले भारतीयों के लिए यहां फिर से मिलने का अवसर है। एक और सदस्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमें ऊर्जा उद्योग की पारदर्शिता और विकास के बारे में बताया है। मैं उनसे मिलकर बहुत खुश हूं। भारत आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भारत की बढ़ती वैश्विक साख, तेज आर्थिक विकास और भविष्य की तकनीकों में बढ़ती हिस्सेदारी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस की धरती से दुनिया को भारत की नई तस्वीर दिखाई। वहीं प्रवासी भारतीयों को भारत और फ्रांस के रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान भी किया। साफ है कि भारत अब सिर्फ वैश्विक बदलावों का हिस्सा नहीं बनना चाहता, बल्कि आने वाले समय की दिशा तय करने में भी अपनी निर्णायक भूमिका निभाने की तैयारी कर रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!