ममता बनर्जी की सरकार में सिर्फ और सिर्फ घुसपैठियों की फैक्ट्री फली-फुली, TMC ने सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया: PM मोदी

PM in West Bengal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने देखा है बंगाल ने इस बार हर विपरित परिस्थिति को पराजित करने का निर्णय कर लिया है। भाजपा का विजय, उत्साह और उमंग में दिखाई देता है। ये परिवर्तन की आंधी है, ये TMC की निर्मम सरकार के जाने का एलान है। नंदीग्राम ने 5 साल पहले बदलाव की राह दिखाई थी। अब पूरा पश्चिम बंगाल उसी परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है, जो कमाल 5 साल पहले नंदीग्राम ने किया था, इस बार वही हाल भवानीपुर में भी होने जा रहा है। पूरे बंगाल में होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- अब स्मार्ट होगी पढ़ाई: छत्तीसगढ़ में AI शिक्षा क्रांति की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। ये बंगाल के वैभव को फिर से स्थापित करने का चुनाव है। ये विकसित बंगाल की नींव मजबूत करने का चुनाव है। इसका सबसे पहला कदम होगा निर्मम सरकार की विदाई। भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है, लेकिन TMC बंगाल को पीछे खींच रही है। जो बंगाल कभी भारत की प्रगति का आधार था, जो बंगाल कभी भारत की मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार को मजबूती देता था, उसी बंगाल को टीएमसी ने विकास के पैमानों पर इतना नीचे ला दिया है। हल्दिया, सदियों पहले भी ऐतिहासिक ताम्रलिप्त एक फलती-फूलती समृद्ध नगरी थी। दुनिया भर के साथ यहां से व्यापार और कारोबार होता था।
दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे लोग: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि हल्दिया आधुनिक भारत के बड़े औद्योगिक केंद्रों में से एक था, लेकिन पिछले दशकों में यहां की फैक्ट्रियों में ताले लटक रहे हैं। कभी हल्दिया में लोग काम के लिए आते थे, लेकिन आज काम की तलाश में लोग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। टीएमसी की निर्मम सरकार में सिर्फ और सिर्फ घुसपैठियों की फैक्ट्री फली-फुली है। टीएमसी की निर्मम सरकार में फर्जी दस्तावेज बनाना और पशुओं की तस्करी इसी का विकास हुआ है। ये इसलिए हुआ क्योंकि TMC की राजनीति भय पर आधारित है। उनकी राजनीति का एक ही केंद्र है भय। उन्होंने कहा कि TMC ने सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया है, जहां कट मनी और कमीशन के बिना कुछ नहीं चलता। (PM in West Bengal)
फैक्ट्रियां सिंडिकेट के भय से नहीं, भरोसे से चल सकती हैं: PM
PM ने कहा कि फैक्ट्रियां भी सिंडिकेट के गुंडाराज से नहीं, सिंडिकेट के भय से नहीं, भरोसे से चल सकती हैं और ये भरोसा सिर्फ भाजपा दे सकती है। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, उन राज्यों का विकास ये भरोसा पैदा करता है कि पश्चिम बंगाल में भी हम ऐसा ही विकास करके दिखाएंगे, और भरोसे के आधार पर करके दिखाएंगे। भय को विदाई देकर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि TMC ने बंगाल के युवाओं को डबल धोखा दिया है। यहां प्राइवेट सेक्टर में नौकरियां हैं नहीं और सरकारी भर्तियों को TMC के मंत्री लूट रहे हैं। TMC के भ्रष्टाचारियों ने हजारों युवाओं के, उनके परिवारों के सपनों को कुचल दिया है। TMC, अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए, धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है।
TMC को तुष्टिकरण की बीमारी: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि कोर्ट बार-बार इस साजिश को खारिज करता है, लेकिन तुष्टिकरण की बीमारी ऐसी है कि ये कोर्ट तक को नहीं मानते, संविधान को नहीं मानते। माहिष्य समुदाय कब से टीएमसी सरकार से अपनी मांग कर रहे हैं, लेकिन टीएमसी, माहिष्य समुदाय की मांग पूरी करने के बजाय बहाने बना रही है। क्योंकि माहिष्य समुदाय टीएमसी का वोट बैंक नहीं है। मैं आज आपको भरोसा देता हूं कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी। जिसका जो हक है, वो हक उसे दिलाया जाएगा। देश में मछली उत्पादन, झींगा उत्पादन इतना बढ़ा तो इसमें बड़ी भूमिका PM मत्स्य संपदा स्कीम की है। इस स्कीम में PM लगा है, ये अहंकारी TMC को पसंद नहीं है। इसलिए, मछुआरों के फायदे की योजना को ठीक से लागू नहीं किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना
उन्होंने कहा कि इनको PM शब्द से इतनी नफरत है कि ये PM नाम से जुड़ी हर स्कीम का या तो नाम बदल देते हैं या लागू ही नहीं करते, जैसे गरीबों के घर की योजना है- PM आवास। इसका नाम बदल दिया और उसमें से असली गरीबों, असली हकदारों के नाम ही काट दिए, जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में है, वहां मछली उत्पादन में तेजी से वृद्धि हुई है। यहां तक कि पड़ोसी राज्य बिहार, जो कभी मछली के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर था, भाजपा सरकार के कारण वहां भी उत्पादन दोगुना हो गया है। आज बिहार अन्य राज्यों को मछली की आपूर्ति कर रहा है। इसी तरह असम, जो लगभग दस साल पहले मछली आयात करता था, उसने भी अपना उत्पादन दोगुना कर लिया है। इस वृद्धि में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हालांकि पश्चिम बंगाल में योजना के नाम में प्रधानमंत्री शब्द होने के कारण, मछुआरों के लाभ के लिए शुरू की गई पहले प्रधानमंत्री के प्रति उनकी नफरत के कारण प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो पाई हैं।
टीएमसी के बड़े नेताओं को मुझसे नफरत: PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसी ही आयुष्मान भारत, पीएम जन आरोग्य योजना है। इससे हर गरीब परिवार को और 70 साल से ज्यादा आयु के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज मिलता है, लेकिन टीएमसी इसे यहां लागू नहीं होने देती। मैं मानता हूं कि टीएमसी के बड़े नेताओं को मुझसे नफरत है, लेकिन इस नफरत में इन्होंने PM शब्द को भी नहीं छोड़ा। ये तो संविधान और जनता द्वारा दिया गया शब्द है, मैं इसे जन्म से लेकर नहीं आया हूं। भाजपा वेलफेयर भी देती है, लखपति दीदी भी बनाती है। भाजपा जहां भी है, बहनों-बेटियों को सुरक्षा और सम्मान का जीवन देती है। यही हम बंगाल में करना चाहते हैं। बंगाल को प्रधानमंत्री का विरोध करने से लाभ नहीं होगा। (PM in West Bengal)
बंगाल में बीजेपी सरकार बनाने की अपील
उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रगति तब होती है जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों मिलकर काम करते हैं, क्योंकि इससे जनता को सीधा लाभ मिलता है। इसीलिए बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की दोहरी इंजन सरकार अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोहरी इंजन सरकार बंगाल को मत्स्य पालन और खाद्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाएगी। भाजपा सरकार बनने पर केंद्र सरकार की सभी योजनाएं यहां तेजी से लागू होंगी। इससे धान किसानों, आलू किसानों और सभी किसानों को लाभ होगा। भाजपा की दोहरी इंजन सरकार बंगाल को बंदरगाह आधारित विकास और नीली अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाएगी। (PM in West Bengal)



