प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की PM किसान योजना की 19वीं किस्त, 9.8 करोड़ किसानों को मिला लाभ
PM Kisan Nidhi 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के भागलपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 19वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत देशभर के 9.8 करोड़ किसानों को 22 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई, जिसमें 2.41 करोड़ महिला किसान भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान पूर्व CM भूपेश बघेल ने की टोका-टाकी, CM साय ने किया पलटवार
बिहार में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में कई विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी मौजूद रहे।
पीएम किसान योजना के 6 वर्ष पूरे
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को शुरू हुए 6 वर्ष पूरे हो गए हैं। यह योजना 24 फरवरी 2019 को शुरू की गई थी। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि अब तक 3.5 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट “एक्स” पर लिखा – “पीएम-किसान के 6 वर्ष पूरे होने पर देशभर के हमारे किसान भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई। मेरे लिए अत्यंत संतोष और गर्व का विषय है कि अब तक करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये उनके खाते में पहुंच चुके हैं। हमारा यह प्रयास अन्नदाताओं को सम्मान, समृद्धि और नई ताकत दे रहा है।” (PM Kisan Nidhi 2025)
कैसे काम करती है पीएम किसान योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि हर चार महीने में 2,000 रुपये की तीन किस्तों में उनके बैंक खाते में डायरेक्ट ट्रांसफर की जाती है, जिससे किसानों को उनकी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। (PM Kisan Nidhi 2025)
योजना का उद्देश्य और लाभ
- किसानों की आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करना
- खेती-किसानी के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना
- महिला किसानों को विशेष रूप से सशक्त बनाना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह योजना अन्नदाताओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। (PM Kisan Nidhi 2025)



