Google Analytics —— Meta Pixel

BJP की नई टीम से PM मोदी ने की मुलाकात, कहा- नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं संगठनात्मक बैठकें

PM Meet BJP New Team: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के साथ संवाद किया और सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। यह नई टीम के गठन के बाद प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली मुलाकात रही। बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात को लेकर जानकारी साझा करते हुए कहा कि पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ अच्छी बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह की संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नए दृष्टिकोण पर चर्चा का मंच होती हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को और मजबूत करना, जनता के साथ जुड़ाव को और गहरा करना है।

यह भी पढे़ं:- 4 करोड़ कैश बरामद! रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह को दबोचा

PM मोदी ने कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं, जिनका मकसद पार्टी को मज़बूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को गहरा करना होता है। पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। प्रधानमंत्री मोदी की नई राष्ट्रीय टीम के साथ यह मुलाकात संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में पार्टी के संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और आम लोगों से पार्टी के जुड़ाव को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान सामने आई तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी के हाथ में एक कागज भी दिखाई दिया। वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री का अभिवादन किया और इसके बाद मोदी ने नई टीम के सभी पदाधिकारियों से मुलाकात की। (PM Meet BJP New Team)

प्रधानमंत्री की इस बैठक से पहले शनिवार सुबह भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक की थी। इस बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक पार्टी की नई टीम आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में काम करेगी। भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। 65 सदस्यीय इस टीम में कई नए चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ अनुभवी नेताओं की संगठन में वापसी हुई है। राम माधव और स्मृति ईरानी जैसे नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में फिर से महत्वपूर्ण भूमिका मिली है। पीयूष गोयल को भी पार्टी के कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।

संगठन के साथ अब युवाओं तक पहुंचने की भी तैयारी

नई टीम में 65 में से 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जबकि 14 पुराने चेहरों को दोबारा जगह मिली है। यानी करीब 78.5 फीसदी टीम नए चेहरों की है। इससे भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव का संकेत मिलता है। पार्टी ने एक तरफ नए नेताओं को आगे बढ़ाया है, वहीं दूसरी तरफ अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के जरिए संगठन से जोड़े रखा है। भाजपा संगठन में बड़े बदलाव के बीच केंद्र सरकार ने भी युवाओं, खासकर Gen-Z से सीधे संवाद बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सरकार ‘One Day, One University’ जैसे आउटरीच कार्यक्रम पर काम कर रही है। इस पहल के तहत केंद्रीय मंत्री अलग-अलग विश्वविद्यालयों में जाकर छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। उनका उद्देश्य छात्रों के सवाल सुनना, उनकी समस्याओं और विचारों को समझना तथा सरकार की युवा-केंद्रित योजनाओं और अवसरों की जानकारी देना होगा। इस प्रस्ताव पर 19 अगस्त को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।

BJP संगठन और सरकार दोनों स्तर पर युवाओं पर फोकस

सरकार की योजना सिर्फ विश्वविद्यालयों तक सीमित नहीं है। रिपोर्टों के मुताबिक मंत्रियों को युवाओं के साथ सोशल मीडिया पर संवाद बढ़ाने और अपनी डिजिटल पहुंच मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है। कैबिनेट बैठक में मंत्रियों के सोशल मीडिया प्रदर्शन और उनकी पहुंच को लेकर भी चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से सिर्फ सरकारी फैसलों को पोस्ट या री-पोस्ट करने के बजाय ज्यादा प्रभावी और संवादात्मक तरीके से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। एक तरफ भाजपा ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम में बड़े पैमाने पर नए चेहरों को जगह देकर संगठन को नई ऊर्जा देने का संकेत दिया है, तो दूसरी तरफ केंद्र सरकार युवाओं के बीच सीधे संवाद की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। (PM Meet BJP New Team)

भाजपा की नई टीम की बैठक और प्रधानमंत्री मोदी की नई पदाधिकारियों से मुलाकात को इसी व्यापक संगठनात्मक रणनीति के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी के सामने आने वाले चुनावों के साथ-साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और बदलते युवा मतदाताओं के साथ संवाद बढ़ाने की चुनौती भी है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का नई टीम के साथ संवाद और सरकार का विश्वविद्यालयों और सोशल मीडिया के जरिए Gen-Z तक पहुंच बढ़ाने का प्रयास, दोनों ही भाजपा और केंद्र सरकार की संगठनात्मक मजबूती और युवा कनेक्ट पर बढ़ते फोकस को दिखाते हैं। कुल मिलाकर भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में बड़े पैमाने पर नए चेहरों को शामिल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली मुलाकात ने संगठन के अगले चरण की दिशा का संकेत दिया है।

पार्टी जहां अपने संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दे रही है, वहीं सरकार की नजर अब विश्वविद्यालयों, युवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नई पीढ़ी के साथ सीधे संवाद पर है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह मुलाकात महज औपचारिक बैठक तक सीमित नहीं रही। नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन में आए बड़े बदलाव के बीच पार्टी अब अपनी कार्यशैली में नई ऊर्जा और नए विचारों को शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है। नई टीम के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ बदलते राजनीतिक माहौल और युवा पीढ़ी की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप संवाद कायम करने की चुनौती होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि नए पदाधिकारी जमीनी संगठन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और युवा संपर्क को किस तरह एक साथ आगे बढ़ाते हैं। (PM Meet BJP New Team)

Back to top button
error: Content is protected !!