Gen-Z से जुड़ने BJP ने बनाई खास टीम, 14 से 25 साल के युवाओं तक पहुंचेगी पार्टी

BJP to Connect With Gen Z: भारतीय जनता पार्टी ने युवा वोटर्स, खासकर Gen-Z से सीधे जुड़ने के लिए नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी ने एक विशेष टीम बनाई है, जो 14 से 25 साल की उम्र के युवाओं से संवाद करेगी। इस टीम में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं। दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में शनिवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ और जमीनी स्तर पर मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई।
‘युवा संवाद’ के जरिए Gen-Z से सीधा संवाद
BJP की नई रणनीति के तहत ‘युवा संवाद’ अभियान चलाया जाएगा। इसमें 14 से 25 साल के युवाओं से बातचीत और चर्चा के जरिए उनकी सोच, समस्याओं और उम्मीदों को समझने की कोशिश की जाएगी। युवाओं को BJP नेताओं से सीधे सवाल पूछने और अपनी बात रखने का अवसर भी दिया जाएगा। पार्टी जल्द ही इस अभियान के कार्यक्रमों का शेड्यूल और स्थान जारी करेगी। BJP का फोकस खास तौर पर उस पीढ़ी पर है, जो सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों से तेजी से जुड़ रही है। BJP की Gen-Z रणनीति को आगामी विधानसभा चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। 2027 में उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में 18 से 29 साल की उम्र के वोटर्स की संख्या कुल मतदाताओं का करीब 22 प्रतिशत बताई जा रही है। (BJP to Connect With Gen Z)

14-17 साल के किशोरों पर भी नजर
पिछले विधानसभा चुनावों के आंकड़ों के मुताबिक इन सात राज्यों की कुल 940 सीटों में 257 सीटों पर जीत का अंतर 5 प्रतिशत या उससे कम रहा था। ऐसे में युवा वोटर्स का छोटा सा झुकाव भी कई सीटों के चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 18 से 29 साल के करीब 2.8 करोड़ वोटर हैं। गुजरात में यह संख्या करीब 1 करोड़, पंजाब में 46 लाख, उत्तराखंड में 15.8 लाख, हिमाचल प्रदेश में 12.5 लाख, मणिपुर में करीब 4.59 लाख और गोवा में करीब 2.07 लाख है। BJP की रणनीति सिर्फ मौजूदा वोटर्स तक सीमित नहीं है। 14 से 17 साल की उम्र के किशोर भी पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा हैं। इनमें से जो युवा अभी 14-15 साल के हैं, वे 2029 के लोकसभा चुनाव तक पहली बार मतदान की उम्र में पहुंच सकते हैं। यही वजह है कि राजनीतिक दल कम उम्र के युवाओं के बीच अपनी विचारधारा, मुद्दों और संगठन की पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। हालांकि, यह आयु वर्ग अभी मतदान के अधिकार से बाहर है।

यह भी पढे़ं:- BJP की नई टीम से PM मोदी ने की मुलाकात, कहा- नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं संगठनात्मक बैठकें
युवाओं से जुड़ने की कोशिश सिर्फ BJP संगठन तक सीमित नहीं है। केंद्र सरकार ने भी यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रोग्राम के जरिए कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों से सीधे संवाद की तैयारी की है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री अलग-अलग विश्वविद्यालयों में जाकर छात्रों से बातचीत करेंगे। इस दौरान उनके सवाल, विचार और समस्याएं सुनी जाएंगी। मंत्रियों की सोशल मीडिया पहुंच बढ़ाने और खास तौर पर युवाओं तक सरकार की योजनाओं और संदेश को पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है। भारत में 15 से 24 साल की उम्र के करीब 25.7 करोड़ युवा हैं। इतनी बड़ी युवा आबादी चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में BJP का Gen-Z पर फोकस सिर्फ आगामी चुनाव तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भविष्य के राजनीतिक आधार को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। (BJP to Connect With Gen Z)
आने वाली पूरी युवा पीढ़ी पर नजर
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान 17 अगस्त को किया गया था। 65 सदस्यीय टीम में 51 नए चेहरे शामिल हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं। अगले साल चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी टीम में जगह दी गई है। नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वहीं वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री के पद पर बरकरार रखा गया है। BJP IT सेल की जिम्मेदारी अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को दी गई है। यानी BJP की नजर सिर्फ आज के युवा वोटर पर नहीं, बल्कि आने वाली पूरी युवा पीढ़ी पर है। Gen-Z को साधने की ये रणनीति 2027 के चुनावी मुकाबले में BJP के लिए कितना असरदार होगी, अब इसी पर नजर रहेगी।




