वंदे मातरम पर कांग्रेस के फैसले के खिलाफ BJP का प्रस्ताव, पूरे राष्ट्रगीत को लेकर देशभर में चलाएगी अभियान

BJP on Vande Mataram: वंदे मातरम को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। BJP ने कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सिर्फ पहले दो पैरा गाने के फैसले पर कायम रहने की बात कही गई है। दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक शुरू होने से पहले BJP मुख्यालय में वंदे मातरम के सभी छह पैरा गाए गए। इसके बाद बैठक में कांग्रेस के फैसले की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया।
यह भी पढ़ें:- Gen-Z से जुड़ने BJP ने बनाई खास टीम, 14 से 25 साल के युवाओं तक पहुंचेगी पार्टी
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी वंदे मातरम के इतिहास और उसके महत्व को देशभर में पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी। इस अभियान का खास फोकस युवाओं पर रहेगा। BJP का कहना है कि नई पीढ़ी को वंदे मातरम के पूरे इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए। पार्टी युवाओं के बीच इसे लेकर विशेष अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। वंदे मातरम को लेकर विवाद की शुरुआत कांग्रेस के 1937 के फैसले से जुड़ी है। 19 अगस्त को कांग्रेस कार्यसमिति ने अपने पुराने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया था। इसके तहत कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम के पहले दो पैरा ही गाए जाएंगे।
BJP मुख्यालय में गाए गए सभी छह पैरा
BJP कांग्रेस के इस फैसले का विरोध कर रही है। पार्टी का आरोप है कि राष्ट्रगीत को सीमित करना उचित नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार की बैठक में कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया। शनिवार को BJP की नई राष्ट्रीय टीम की बैठक से पहले पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम के सभी छह पैरा गाए गए। इसके जरिए BJP ने यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी पूरे राष्ट्रगीत को सम्मान के साथ गाने के पक्ष में है। बैठक में BJP की नई टीम में शामिल सभी 12 महिला सदस्य भी मौजूद रहीं। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के मुद्दों पर भी चर्चा की। (BJP on Vande Mataram)
Gen-Z के बीच भी वंदे मातरम को लेकर अभियान
BJP ने वंदे मातरम को लेकर प्रस्ताव के साथ-साथ इसे युवाओं तक पहुंचाने की रणनीति भी तैयार की है। पार्टी की Gen-Z टीम 14 से 25 साल के युवाओं के साथ ‘युवा संवाद’ अभियान चलाएगी। इस अभियान के जरिए युवाओं की समस्याओं और विचारों को समझने के साथ उन्हें राष्ट्रगीत के इतिहास और महत्व से भी जोड़ने की कोशिश की जाएगी। BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुआई में बनी इस विशेष टीम में स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हर्ष सांघवी और ओपी चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं। BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त को अपनी 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। इसमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। (BJP on Vande Mataram)

नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। BJP की यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के साथ युवा वोटर्स के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर भी जोर दे रही है। वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के फैसले के विरोध और Gen-Z तक पहुंच बनाने की रणनीति को BJP की आगामी राजनीतिक मुहिम के महत्वपूर्ण हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। यानी वंदे मातरम पर सियासत अब सियासी गलियारों से निकलकर युवाओं के बीच पहुंचाने की तैयारी है। BJP के इस अभियान से आने वाले दिनों में कांग्रेस और BJP के बीच राष्ट्रगीत को लेकर टकराव और तेज होने के आसार हैं।



