Google Analytics —— Meta Pixel

चुनावी संग्राम में BJP आगे, कई राज्यों में पार्टी का दबदबा, दिल्ली में जश्न मनाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi Celebrate in Delhi: देश के 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनावी रुझानों ने सियासी तस्वीर साफ करनी शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी जहां बढ़त के साथ उत्साहित नजर आ रही है, वहीं विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी और NDA के प्रदर्शन का जश्न मनाएंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं और देश को संबोधित करेंगे। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि देश के 5 राज्यों के चुनावों का रुझान बताता है कि देश में सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी है। हर चुनाव में अमित शाह की रणनीति सफल रही। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा का साफ बहुमत आ रहा है। देश में कांग्रेस के खिलाफ लहर है।

यह भी पढ़ें:- केरल में एंटी-इनकंबेंसी की लहर में LDF पिछड़ी, कांग्रेस ने साधा सत्ता का रास्ता, दक्षिण में बदला राजनीतिक समीकरण

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सब तरफ भाजपा का झंडा लहराया है। असम ने फिर एक बार घुसपैठियों के खिलाफ राष्ट्रवादी शक्तियों की विजय की तरफ कदम बढ़ाया है। बंगाल में प्रचंड जीत के साथ भाजपा का झंडा लहरा रहा है। मैं बंगाल की जनता को बधाई देता हूं। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम कह सकते हैं कि भारत की सांस्कृतिक राजधानी में भगवा लहरा गया है। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत अभिनंदन करता हूं। सभी नवनिर्वाचित विधायकों का अभिनंदन करता हूं।विपक्ष जब हारता है तो अनर्गल आरोप लगाता है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए ही नहीं पूरे देश की जनता के लिए प्रधानमंत्री मोदी एक प्रेरणा हैं, जिस तरह का नेतृत्व उन्होंने देश को दिया है उसी का परिणाम है कि आज भारत को पूरी दुनिया एक बहुत बड़ी संभावना के रूप में देख रही है। आज उनका संबोधन सुनने को मिलेगा। हमारे लिए एक प्रेरक विषय है। 

प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों पर पूर्ण विश्वास: राजभर 

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जनता का प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों पर पूर्ण विश्वास है। प्रधानमंत्री मोदी विकास के कार्यों में हमेशा कोई न कोई कीर्तिमान स्थापित करते हैं। लोग प्रधानमंत्री मोदी के काम और उनके विचार को पसंद कर रहे हैं। जनता उनके कामों से खुश होकर उन्हें चुनाव जिता रही है। राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि देश की जनता अब फर्जी नैरेटिव की तरफ नहीं जाती, वह जवाबदेही वाली सरकार की तरफ जाती है। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो चुनाव लड़ा गया है, बंगाल की जनता को हम धन्यवाद देते हैं। यह भाजपा के साथ बंगाल की जनता की जीत है। असम, पुडुचेरी की जनता को भी हम धन्यवाद करते हैं, यह दिखाती है कि जनता का एक स्थिर सरकार की ओर रूझान है।

लोगों को न्याय मिला,इसलिए लोग खुश हैं: सोनोवाल 

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि लोगों को न्याय मिला इसलिए लोग खुश हैं। उनका मानना है कि भाजपा रहेगी तो उनकी प्रगति होगी, उनका विकास होगा। पूरे देश में आज भाजपा का माहौल है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनता का भरोसा है, उनका मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर भारत बनेगा। असम में हमारा गठबंधन 100 के पास पहुंच रहा है। भाजपा सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि जो 5 राज्यों के परिणाम आ रहे हैं और विशेषकर बंगाल में भाजपा को जो विजय मिल रही है। आज इतिहास बन रहा है। कार्यकर्ताओं ने बंगाल में जो बलिदान दिया, जो पीड़ा मन में थी आज बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह पर विश्वास रखकर परिणाम दिया है। मातृ शक्ति ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास जताया है। तमिलनाडु में भी DMK को जवाब मिल गया। देश में राहुल गांधी की यह 100वीं हार है और बंगाल में तो कांग्रेस शून्य पर हैं। (PM Modi Celebrate in Delhi)

असम और बंगाल की जनता का धन्यवाद करता हूं: सैकिया 

जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि लोगों ने मन बनाया था कि भाजपा को वोट देंगे। असम में भाजपा 100 का आंकड़ा छू रही है, यह इस बात का संकेत है कि लोगों के मन में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के प्रति एक आदर का भाव है।पश्चिम बंगाल में भी भाजपा 180 का आंकड़ा छू रही है। असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि मैं असम और बंगाल की जनता का धन्यवाद करता हूं। यह ऐतिहासिक जनादेश है। असम और बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रति जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार शांतनु बोरा ने कहा कि हमारी लड़ाई बहुत अच्छी रही।मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस जीतेगी। अभी यह अंदाजा लगाना जल्दबाजी होगी कि कौन जीतेगा। मुझे उम्मीद है कि गुवाहाटी के लोग सही फैसला लेंगे। (PM Modi Celebrate in Delhi)

चुनाव आयोग के साथ मिलकर गड़बड़ी की जा रही: कांग्रेस नेता

कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बंगाल का जो परिणाम आ रहा है वह अप्रत्याशित है। वहां जमीन पर TMC मजबूत दिखती थी, उसका पिछड़ना यह साफ दर्शाता है कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर गड़बड़ी की जा रही है। असम विधानसभा चुनाव के नतीजों उन्होंने कहा कि यह अप्रत्याशित है, अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आया। इसका अवलोकन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने रात दिन एक करके काम किया, आज उसी का परिणाम है कि बहुत प्रचंड बहुमत के साथ पार्टी पांच में से तीन राज्यों में सरकार बनाने जा रही है। जो सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है कि बंगाल में ममता बनर्जी का कुशासन समाप्त हो रहा है। पूरा देश और पश्चिम बंगाल राहत महसूस कर रहा है। राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि एक राज्य जिसने मुझे सबसे ज्यादा हैरान किया, वो तमिलनाडु है।बंगाल जैसे राज्य में हार से फर्क पड़ता है लेकिन ये आपको एक अवसर भी देता है कि सब साथ मिलकर बैठकर देखें कि आपके लिए किस तरह के विकल्प हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!