मोबाइल बना विकास का हथियार, इंडिया मोबाइल कांग्रेस में PM नरेंद्र मोदी ने गिनाए डिजिटल बदलाव

India Mobile Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज 8 अक्टूबर है। भारत के लिए ये एक विशेष दिन है। आज के दिन को हम वायु सेना दिवस के रूप में सेलिब्रेट करते हैं। मैं अपने सभी जांबाजों को नमन करता हूं। देश को वायु सेना दिवस पर शुभकामनाएं देता हूं। इंडिया मोबाइल कांग्रेस के कई एडिशन में आपके बीच आने का अवसर मिला है। टेलीकॉम सेक्टर और डिजिटल कनेक्टिविटी कैसे विकसित हुई, यह प्लैटफॉर्म इसका साक्षी रहा है। 2022 में इसी मंच से हमने देश में 5G की शुरुआत की थी। फिर 2023 में मैंने बताया था कि भारत कैसे 5G रोलआउट से 5G रीच आउट की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज हम देख रहे हैं देश के हर जिले तक 5G पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर के आरंग में बुजुर्ग दंपती की नृशंस हत्या, सिरकटी लाश मिलने से इलाके में फैली सनसनी
PM मोदी ने कहा कि आज 5.5 लाख से ज्यादा बेस स्टेशन भारत में हैं, जहां से 5G नेटवर्क चल रहा है और मोबाइल इंटरनेट स्पीड 2022 की तुलना में 10 गुना बढ़ी है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस के इसी मंच पर 2024 में हमने अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) की मौजूदगी देखी। तब हमने डिजिटल दुनिया के लिए वैश्विक मानक की जरूरत पर बात की थी और पिछले साल निवेश करें, नवाचार करें और भारत में निर्माण करें पर चर्चा की थी। बीते 10-12 सालों में मोबाइल फोन आधुनिक संचार के माध्यम के साथ-साथ सुशासन का भी अहम टूल बनकर सामने आया है। ये डिजिटल इंडिया विजन के कोर में रहा है। एक दशक पहले तक भारत में डिजिटल डिवाइड बहुत बड़ी चुनौती थी। आधुनिक तकनीक एक विशेषाधिकार बनती जा रही थी। यानी जिसके पास साधन है, वही आधुनिक तकनीक का लाभ ले सकता था, भारत में यही स्थिति बनती जा रही थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान से हमने इस स्थिति को बदलने की ठानी और इसके केंद्र में मोबाइल फोन को लेकर आए। ये तकनीक के लोकतंत्रीकरण का बहुत बड़ा प्रयास था। उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट की कनेक्टिविटी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं को बिना बाधा चालू रखा। आज दूर-सुदूर गांव, गरीब के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण ज्ञान तक पहुंच पा रहे हैं। डिजिटल लर्निंग सबकी पहुंच में आ रही है। डिजिटल गवर्नेंस ने इन हालात को बदल दिया है। आज सैकड़ों सरकारी सेवाएं मोबाइल फोन पर उपलब्ध हैं। सरकारी मदद अब सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचती है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए लगभग 50 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे गए हैं। PM ने कहा कि इस सिस्टम की वजह से बिचौलियों और फर्जीवाड़े पर रोक लगी और लगभग 5 लाख करोड़ रुपए गलत हाथों में जाने से बच गए। (India Mobile Congress)

बता दें कि 7 से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन का विषय “सीमाओं से परे विस्तार’ है। कार्यक्रम में डिजिटल इनोवेशन, अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी और तकनीक आधारित विकास पर फोकस किया जा रहा है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में AI और 6G प्रमुख आकर्षण हैं। 2017 में शुरू हुआ यह आयोजन अब भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें 100 से ज्यादा देशों की भागीदारी हो रही है। इस साल 1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों, 500 से ज्यादा प्रदर्शकों, 600 से ज्यादा स्टार्टअप और 900 से ज्यादा थॉट लीडर्स के शामिल होने की उम्मीद है। IMC के जरिए भारत 6G की अगली दौड़ में अपनी तैयारियों और क्षमताओं को दुनिया के सामने रख रहा है। आयोजन में 5G और 6G, AI नेटवर्क, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों पर चर्चा हो रही है। इसके साथ ही स्मार्ट मोबिलिटी, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स और ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी जैसे नए क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
10 साल में इंडिया मोबाइल कांग्रेस का विस्तार
2017 में पहले इंडिया मोबाइल कांग्रेस में करीब 32 हजार विजिटर और 100 प्रदर्शक शामिल हुए थे। अब 2026 में विजिटर्स की संख्या बढ़कर 1.5 लाख से ज्यादा होने का अनुमान है, जबकि प्रदर्शकों की संख्या 500 से ज्यादा हो गई है। पहले जहां 100 स्टार्टअप शामिल हुए थे, वहीं अब 600 से ज्यादा स्टार्टअप हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में 2 हजार से ज्यादा टेक्नोलॉजी यूज केस और 120 से ज्यादा सत्र प्रस्तावित है। भारत ने 2G से शुरू होकर 3G, 4G और 5G के बाद अब 6G की तैयारी शुरू कर दी है। 2G में कॉल और SMS से शुरुआत हुई, 3G ने वायरलेस इंटरनेट और वीडियो शेयरिंग को बढ़ावा दिया। 4G ने हाई-स्पीड इंटरनेट और वीडियो स्ट्रीमिंग को गति दी, जबकि 5G ने इंडस्ट्रियल और इंटरैक्टिव टेक्नोलॉजी के नए रास्ते खोले। अब संभावित रूप से 2030 के आसपास 6G के साथ बड़े पैमाने पर AI, मशीन लर्निंग और बेहद तेज कनेक्टिविटी का नया दौर आने की उम्मीद है।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि 7 अक्टूबर हमारे देश के इतिहास में एक अहम दिन रहेगा। हम नागरिकों के लिए यह गर्व की बात है कि कल 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के सरकार के प्रमुख के तौर पर देश की सेवा के लिए 25 साल अपने कार्यकाल पूरे किए। ‘कर्म ही धर्म’ है इस सोच के साथ प्रधानमंत्री ने 25 साल का सफर तय किया है। आपके नेतृत्व में 2014 में हमारे PM मोदी ने हमें एक विजन दिया था उन्होंने कहा था कि भविष्य का भारत जुड़ा रहे, भविष्य के भारत में डिजाइन रहे और भविष्य का भारत नेतृत्व करें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत के टेलीकॉम और डिजिटल सेक्टर ने जो हासिल किया है, उसे करने में शायद दूसरे देशों को सदियां लग जातीं। (India Mobile Congress)




