Google Analytics —— Meta Pixel

प्रेमी के चक्कर में अंधी हुई सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल, अपने बेटे और बेटी को गर्म इस्त्री से दागा, क्रूरता की हदें की पार

Child Abuse in Balod: डायन भी एक घर छोड़कर चलती है, लेकिन मेरी मां उससे भी बदतर निकली। उसने तो अपने ही बच्चों का आशियाना उजाड़ दिया। बाल कल्याण समिति के सामने जब 2 मासूम बच्चों ने सिसकते हुए ये शब्द कहे तो वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा कांप उठा। ममता की आंचल को कलंकित करने वाला यह मामला छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल ने अपने ही मासूम बच्चों पर जुल्म की ऐसी दास्तान लिखी, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस और बाल कल्याण समिति के सामने बच्चों ने जो आपबीती सुनाई, वह दिल दहला देने वाली है।

यह भी पढ़ें:- मोबाइल बना विकास का हथियार, इंडिया मोबाइल कांग्रेस में PM नरेंद्र मोदी ने गिनाए डिजिटल बदलाव

आरोपी शिक्षिका शबाना बानो परसदा गांव के शासकीय प्राथमिक शाला में प्रधान पाठिका के पद पर पदस्थ हैं, जिसका लंबे समय से असरार अहमद उर्फ ‘गुड्डा’ नाम के एक शख्स के साथ अवैध संबंध चल रहा है। आरोप है कि महिला अपने सरकारी वेतन का पूरा पैसा और घर का सारा सामान प्रेमी के ऐशो-आराम पर लुटा रही थी। जब मासूम बच्चों ने इस रिश्ते का विरोध किया और पिता के बनाए गए मकान पर कब्जा करने से रोका तो महिला जल्लाद बन गई। उसने बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हद तो तब पार हो गई, जब बेरहम मां ने अपने ही बेटे के शरीर और हाथों पर गर्म इस्त्री से दागकर गहरे जख्म दे दिए। (Child Abuse in Balod)

उन्हें किसी भी कीमत पर जमानत मत देना: बच्चे

बाल कल्याण समिति के सामने खड़े सहमे हुए बच्चों ने अपने शरीर पर जले के निशान दिखाते हुए रोते हुए गुहार लगाई कि उनकी मां को कभी जमानत मत देना। अगर वो जेल से बाहर आई तो हमें और हमारे पिता को जिंदा नहीं छोड़ेगी। इस काले सच की परतें कुछ समय पहले तब उतरी थी, जब पति ने अपनी पत्नी को बालोद के एक रिसॉर्ट में उसी प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। भारी हंगामे और पुलिस की हस्तक्षेप के बाद महिला ने अपने परिवार और बच्चों को पूरी तरह त्याग दिया और पाररास में प्रेमी के साथ एक किराए का मकान लेकर रहने लगी। परिवार से अलग होने के बाद भी उसका गुस्सा बच्चों पर कम नहीं हुआ, बल्कि प्रताड़ना का यह खौफनाक दौर और बढ़ गया।

स्कूल जाने की तैयारी में थी, पुलिस ने धर दबोचा

बच्चों की हिम्मत और उनकी लिखित शिकायत के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई का जाल बुना। गुरुवार की सुबह जब आरोपी प्रधान पाठिका पाररास स्थित अपने किराए के मकान में स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी, तभी पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। पुलिस ने उसे घर से ही हिरासत में ले लिया और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। (Child Abuse in Balod)

‘जल्लाद मां’ को कानून क्या देगा सजा ?

लोग यही चर्चा कर रहे हैं कि जिस स्कूल में बच्चों को पढ़ाने और संस्कार देने की जिम्मेदारी एक शिक्षिका की थी, वही अपने घर में ममता का गला घोंटकर बच्चों की जान की दुश्मन बन बैठी। पुलिस अब मामले के हर पहलू और कानूनी दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है। कहा जाता है कि इस दुनिया में मां का आंचल सबसे सुरक्षित ठिकाना होता है, लेकिन जब वही छांव बेरहम हो जाए तो मासूमों की चीखें सिस्टम के माथे पर एक गहरा सवालिया निशान छोड़ जाती हैं। बालोद की यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि ममता के उस पवित्र रिश्ते के कत्ल की दास्तान है, जिसे सुनकर इंसानियत भी शर्मसार हो उठे। आज जब वह शिक्षिका सलाखों के पीछे है तो सवाल यह उठता है कि क्या सरकारी वेतन और ऐशो-आराम की हवस में इंसान इतना गिर सकता है कि वह अपने ही खून के प्यासे बन जाएं? बच्चों के इन डरे हुए आंसुओं और ‘उन्हें जमानत मत दिलाना’ वाली गुहार ने प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। अब देखना यह होगा कि कानून इस ‘जल्लाद मां’ को क्या सजा देता है।

Back to top button
error: Content is protected !!