Google Analytics —— Meta Pixel

टीएमसी के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं घुसपैठी: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi in Barrackpur: PM नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपके उत्साही चेहरे मुझे बता रहे हैं कि भाजपा को 2019 से भी ज्यादा जनादेश मिलने वाला है। बंगाल कह रहा है – फिर एक बार, मोदी सरकार। देश की आजादी के बाद 50 साल तक कांग्रेस के परिवार ने ही सरकारें चलाईं, लेकिन कांग्रेस शासन में पूर्वी भारत को सिर्फ गरीबी और पलायन मिला। पश्चिम बंगाल हो, बिहार हो, झारखंड हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो… कांग्रेस और इंडी अलायंस के दलों ने पूर्वी भारत को पिछड़ा ही छोड़ दिया। 2014 में आपने मोदी को मौका दिया, मोदी ने ठाना है कि वो देश के पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा।

यह भी पढ़ें:- दंतैल हाथी ने महिला को उठाकर पटका, मौके पर हुई मौत, पढ़ें पूरी खबर

PM मोदी ने कहा कि हम भारत के पूर्वी राज्यों में सड़क मार्ग, रेलवे और जलमार्ग का एक नेटवर्क बना रहे हैं… समर्पित माल गलियारों ने इस क्षेत्र में औद्योगीकरण को बढ़ाया है। आने वाले साल पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होंगे। बंगाल की ये धरती, बैरकपुर की ये धरती इतिहास रचने वाली धरती है, आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली धरती है, लेकिन टीएमसी ने इसका क्या हाल बना दिया है। एक समय था, जब बंगाल की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में ये अपना बड़ा योगदान देता था, आज टीएमसी ने इसे घोटाले का गढ़ बना दिया है। (PM Modi in Barrackpur)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक समय था, जब बंगाल में एक से बढ़कर एक वैज्ञानिक खोज हुआ करती थीं, आज टीएमसी के राज में जगह-जगह बम बनाने की होम इंडस्ट्री चल रही है। एक समय था, जब बंगाल घुसपैठियों के खिलाफ क्रांति किया करता था, लेकिन आज टीएमसी के संरक्षण में यहां घुसपैठी फल-फूल रहे हैं। आज स्थिति ये है कि बंगाल में अपनी आस्था का पालन करना भी गुनाह हो गया है। बंगाल में टीएमसी सरकार राम का नाम नहीं लेने देती। बंगाल में टीएमसी सरकार रामनवमी नहीं मनाने देती। कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों ने भी राम मंदिर के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है। क्या टीएमसी, कांग्रेस और लेफ्ट के हाथ में ये महान देश सौंपा जा सकता है। (PM Modi in Barrackpur)

उन्होंने कहा कि TMC-कांग्रेस के इंडी अलांयस ने तुष्टिकरण और वोटबैंक की पॉलिटिक्स के आगे घुटने टेक दिए हैं। TMC के MLA ने कहा कि हिंदुओं को भगीरथी में बहा देंगे। सोचिए, इतनी हिम्मत… इतना साहस! इन लोगों ने बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना कर रख दिया है। वोटबैंक की राजनीति ने CAA जैसे मानवता की रक्षा करने वाले कानून को विलेन बनाकर पेश किया। CAA कानून तो पीड़ितों को नागरिकता देने का कानून है, इससे किसी की नागरिकता नहीं छिनती। लेकिन कांग्रेस-TMC जैसे दलों ने इसे भी अपने झूठ के रंग से रंग दिया। (PM Modi in Barrackpur)

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज TMC हो या कांग्रेस या फिर पूरा इंडी अलांयस, मैं डंके की चोट पर बंगाल को पांच गारंटी दे रहा हूं। – जब तक मोदी है, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। – जब तक मोदी है, SC-ST-OBC का आरक्षण कोई खत्म नहीं कर पाएगा। – जब तक मोदी है, रामनवमी मनाने से, भगवान राम की पूजा से कोई आपको रोक नहीं पाएगा। – जब तक मोदी है, राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला कोई पलट नहीं पाएगा। – जब तक मोदी है, CAA कानून को भी कोई रद्द नहीं कर पाएगा। ये जो नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं, इन पहाड़ के मालिकों को छोड़ा नहीं जाएगा। मैं भ्रष्टाचार से पीड़ित हर बंगालवासी को कहूंगा, कोई भी भ्रष्टाचारी बचने वाला नहीं है। ये जो करोड़ों रुपये इनसे बरामद हो रहे हैं, ये पीड़ितों को कैसे मिलें, मोदी इसका भी रास्ता खोज रहा है। (PM Modi in Barrackpur)

PM ने कहा कि संदेशखाली के गुनहगार को, पहले TMC की पुलिस ने बचाया, अब TMC ने एक नया खेल शुरु किया है। TMC के गुंडे, संदेशखाली की बहनों को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख है। वे उसे कानूनी कार्रवाइयों से बचाने और बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। टीएमसी से मत डरो। आपको हमारे उम्मीदवार को अपना पूरा जनादेश देना होगा; हर वोट मुझ तक पहुंचेगा। विकसित भारत के लिए विकसित बंगाल महत्वपूर्ण है। मोदी भ्रष्ट नेताओं को चैन से नहीं बैठने देंगे। उनको डांट पड़ेगी। किसी भी भ्रष्ट नेता को बख्शा नहीं जाएगा। टीएमसी ने आपसे जो पैसा वसूला है, वह कानूनी तौर पर आपको वापस कर दिया जाएगा। (PM Modi in Barrackpur)

Back to top button
error: Content is protected !!