Google Analytics —— Meta Pixel

दंतैल हाथी ने महिला को उठाकर पटका, मौके पर हुई मौत, पढ़ें पूरी खबर

Elephant Attack in Surajpur: छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला सूरजपुर जिले का है, जहां प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के खड़गवां में 3 दंतैल हाथियों के दल ने घर में अकेली रह रही महिला को कुचलकर मार डाला। हाथियों की निगरानी में लगे हाथी मित्र दल के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हालांकि उनके पहुंचते तक हाथियों ने महिला का कुचल दिया।  जानकारी के मुताबिक खड़गवां के जंगलों में लंबे समय से विचरण कर रहे तीन हाथी बीती रात करीब 10.30 बजे झींगापारा में पहुंचे, जहां हाथियों ने जंगल किनारे रह रही महिला विरांची देवी (उम्र 65) के घर के छप्परों को उजाड़ दिया।

यह भी पढ़ें:- आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, छत्तीसगढ़-MP में बारिश का अलर्ट

वहीं आवाज सुनकर महिला घर के बाहर निकल गई और हाथियों को देखकर भागने लगी। इस दौरान एक दंतैल हाथी ने उसे उठाकर पटक दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। प्रतापपुर SDO फॉरेस्ट आशुतोष भगत ने बताया कि हाथियों की निगरानी में लगी टीम मौके पर पहुंच गई थी। अगर महिला घर से बाहर नहीं निकली होती तो उसकी जान बच जाती। निगरानी दल ने रोशनी और शोर मचाकर हाथियों को खदेड़ा, तब तक महिला की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि तीन दंतैल हाथी लंबे समय से प्रतापपुर और राजपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। (Elephant Attack in Surajpur)

हाथियों से दूरी बनाकर रखने की सलाह

मृत महिला विरांची बाई के पति ननका राम की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके बच्चे सड़क किनारे बने घरों में रहते हैं। महिला जंगल के पास अकेली रह रही थी। सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे। फॉरेस्ट SDO आशुतोष भगत ने बताया कि निगरानी दल हाथियों की निगरानी कर रहा है। प्रतापपुर में 3 दंतैल हाथियों के साथ 6 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। 6 हाथी धरमपुर के पास भरदा में डटे हुए हैं। आसपास के लोगों को जंगल में न जाने और हाथियों से दूरी बनाकर रखने की सलाह दी गई है। उन्होंने​​​​​​​ कहा कि तेंदू पत्ता का सीजन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग तेंदू पत्ता तोड़ने के लिए जंगल में पहुंचते हैं। ग्रामीणों को सुरक्षित क्षेत्र में ही तेंदू पत्ता तोड़ने जाने की सलाह दी गई है। (Elephant Attack in Surajpur)

हर पांचवे दिन एक व्यक्ति की मौत

बता दें कि प्रदेश में हर पांचवे दिन हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इंसान और हाथियों के टकराव हो रहे हैं। इसके लिए वन विभाग द्वारा समय-समय पर सुरक्षा संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। इसके तहत हाथियों से बचाव के लिए गांव में हाथी आने पर इसकी सूचना निकटवर्ती वन कर्मचारी को तुरंत दें, सभी घरों के बाहर पर्याप्त रोशनी करके रखें, ताकि हाथी के आने से पहले ही दूर से पता चल जाए। हाथियों से सामना होने की स्थिति में उससे ज्यादा से ज्यादा दूरी बना कर रखें, हाथी विचरण क्षेत्र में अपने ग्रामों के वृद्ध, अपाहिज और छोटे बच्चों की सुरक्षा का खास ध्यान रखें। जन-धन हानि होने की स्थिति में बदले की भावना से प्रेरित होकर हाथियों के पास न जाएं, बल्कि वन विभाग को सूचित कर मुआवजा राशि की प्रक्रिया करवाने में सहयोग करें। (Elephant Attack in Surajpur)

Back to top button
error: Content is protected !!