राम मंदिर से चिढ़ने वाले लोग महाकुंभ को कोसने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा अजगैबीनाथ की इस पावन धरा पर इस समय महाशिवरात्रि की भी तैयारियां चल रही हैं। महाकुंभ के समय में मंदराचल की इस धरती पर आना बड़ा सौभाग्य है। इस धरती में आस्था भी है, विरासत भी है और विकसित भारत का सामर्थ्य भी है। ये शहीद तिलका मांझी की धरती है और सिल्क सिटी भी है। मैंने लाल किले से कहा है कि विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ हैं। ये स्तंभ हैं- गरीब, किसान, महिला और नौजवान। NDA सरकार, चाहे केंद्र में हो या फिर प्रदेश में, किसान कल्याण हमारी प्राथमिकता है।
PM मोदी ने कहा कि किसान को खेती के लिए अच्छे बीज चाहिए, पर्याप्त और सस्ती खाद चाहिए, सिंचाई की सुविधा चाहिए, पशुओं का बीमारी से बचाव चाहिए और आपदा के समय नुकसान से सुरक्षा चाहिए। पहले इन सभी पहलुओं को लेकर किसान संकट से घिरा रहता था, जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वो इन स्थितियों को कभी नहीं बदल सकते हैं। NDA सरकार ने इन स्थितियों को बदला है। पहले जब बाढ़ आती थी, सूखा पड़ता था, ओले पड़ते थे, तब पहले की सरकारें किसानों को उनकी हाल पर छोड़ देते थे। (PM Modi in Bihar)
पौने 2 लाख करोड़ रुपए का क्लेम: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में जब आपने NDA को आशीर्वाद दिया तो मैंने कहा, ऐसा नहीं चलेगा। NDA सरकार ने ‘पीएम फसल बीमा योजना’ बनाई, इस योजना के तहत पौने दो लाख करोड़ रुपये का क्लेम किसानों को आपदा के समय मिल चुका है। बीते सालों में सरकार के प्रयासों से भारत का कृषि निर्यात बहुत ज्यादा बढ़ा है। इससे किसानों को उनकी उपज की ज्यादा कीमत मिलने लगी है। कई कृषि उत्पाद ऐसे हैं, जिनका पहली बार निर्यात शुरू हुआ है। अब बारी बिहार के मखाने की है। ये सुपर फूड है, जिसे अब दुनिया के बाजारों तक पहुंचाना है। इसलिए इस वर्ष के बजट में मखाना किसानों के लिए मखाना बोर्ड बनाने का ऐलान किया गया है। (PM Modi in Bihar)
FPO जिला खगड़िया में रजिस्टर: PM मोदी
उन्होंने कहा कि मेरा तो सपना है, दुनिया की हर रसोई में भारत के किसान का उगाया कोई न कोई उत्पाद होना ही चाहिए। इस साल के बजट ने भी इसी विजन को आगे बढ़ाया है। बजट में ‘PM धन धान्य योजना’ की घोषणा की गई है। इसके तहत देश के 100 ऐसे जिलों की पहचान की जाएगी, जहां सबसे कम फसल उत्पादन होता है। फिर ऐसे जिलों में खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। हमारी सरकार ने देश में 10 हजार FPOs (किसान उत्पादक संघ) बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा था। आज मुझे ये बताते हुए खुशी है कि देश ने इस लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। बिहार की भूमि 10,000वें FPO के निर्माण की साक्षी बन रही है। मक्का, केला और धान पर काम करने वाला ये FPO जिला खगड़िया में रजिस्टर हुआ है। (PM Modi in Bihar)
महाकुंभ को लेकर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस समय प्रयागराज में एकता का महाकुंभ चल रहा है। ये भारत की आस्था का, भारत की एकता और समरसता का सबसे बड़ा महोत्सव है। पूरे यूरोप की जितनी जनसंख्या है, उससे भी ज्यादा लोग इस एकता के महाकुंभ में स्नान कर चुके हैं, लेकिन ये जंगलराज वाले महाकुंभ को गाली दे रहे हैं। राम मंदिर से चिढ़ने वाले लोग महाकुंभ को भी कोसने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। मैं जानता हूं, महाकुंभ को गाली देने वाले लोगों को बिहार कभी माफ नहीं करेगा। NDA सरकार भारत की गौरवशाली विरासत के संरक्षण और वैभवशाली भविष्य के निर्माण के लिए एक साथ काम कर रही है, लेकिन ये जो जंगलराज वाले हैं, इन्हें हमारी धरोहर से, हमारी आस्था से नफरत है। (PM Modi in Bihar)



