इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी, कहा- भारत विस्तारवाद नहीं, विकासवाद की नीति पर चलता है

PM Modi in Indonesian Parliament: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता में इंडोनेशिया की संसद को संबोधित किया। वे इंडोनेशिया की संसद को संबोधित करने वाले भारत के पहले PM हैं, जिन्होंने कहा कि इनडोनेशिया के लोगों ने, यहां के बच्चों, महिलाओं, युवाओं ने आज के दिन को मेरे जीवन के सबसे यादगार दिनों में से एक बना दिया है। आज की सुबह जिस तरह इनडोनेशिया के लोगों ने मुझे अपना प्रेम दिखाया है, जिस तरह स्वागत किया है, मैं इसे कभी भूल नहीं सकता। आज सुबह मुझे इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान पाने का भी सौभाग्य मिला। यह सम्मान हम दोनों देशों की लोकतांत्रिक मूल्यों, साझी विरासत का है और दोनों देशों के मजबूत होते रिश्ते का है। मैं आप सभी का, राष्ट्रपति का, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
यह भी पढ़ें:- नाले में अर्धनग्न महिला का शव मिलने से हड़कंप, पहचान और मौत की वजह तलाश रही पुलिस
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत और इंडोनेशिया इतिहास के एक अहम पड़ाव पर एक साथ खड़े हैं। इस सदी का पहला क्वार्टर बीत चुका है और अब आने वाले 25 साल हम दोनों देशों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैं यह संकल्प लेकर आया हूं कि भारत और इंडोनेशिया मिलकर पूरी मानवता को एक नई ऊर्जा से भर सकते हैं। जब भारत के 140 करोड़ नागरिक, इंडोनेशिया के 29 करोड़ नागरिक साझा प्रयासों से आगे बढ़ेगे तो दुनिया एक नया इतिहास देखेगी। भारत दुनिया का वह देश है, जो विस्तारवाद नहीं विकासवाद की नीति पर चलता है। इसलिए हम भारत में कहते हैं सबका साथ, सबका विकास। दूसरे देशों में समुद्र भले ही सीमाओं और दूरियों का कारण रहा हो, लेकिन भारत और इंडोनेशिया के बीच समुद्र दूरी का प्रतीक नहीं, हमारे बीच एक सेतु है। यह हमारे साझा भविष्य का केंद्र है। भारत, इंडोनेशिया और हिंद महासागर, यह हमारे आपसी जुड़ाव की गवाही देते हैं। हजारों सालों तक हमारे पोर्ट दुनिया को जोड़ते रहे हैं। हमारे जहाज, व्यापार और संस्कृति को दूर-दूर तक लेकर गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम दोनों ही राष्ट्र लगभग एक ही समय स्वतंत्र हुए, इंडोनेशिया 1945 में और भारत 1947 में, जब स्वतंत्र राष्ट्र के तौर पर संप्रभुता की बात आई तो भारत संयुक्त राष्ट्र में इंडोनेशिया के स्वतंत्रता आंदोलन की मजबूत आवाज़ बना। उस दौर में स्वर्गीय बीजू पटनायक ने जो भूमिका निभाई, वह घटना दोनों ही देशों को और करीब ले आई। एक और बात जो हमें और करीब लाती है वह है हमारा मजबूत लोकतंत्र और लोकतंत्र में विविधता। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र की जननी है और इंडोनेसिया दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का मंत्र है तो इंडोनेशिया में ‘भिन्नेका तुंग्गल इका’ का विचार है। हम दोनों ने अपने लोकतंत्र में इस विविधता को ही अपनी एकता की नींव बनाया है। एक साथ आजाद देशों के तौर पर हमने जो सफर शुरू किया था, अब उस आजादी के 100 साल भी हम एक साथ पूरा करने जा रहे हैं। यहां इंडोनेशिया में आप 2045 के मंत्र पर चल रहे हैं और भारत में हम विकसित भारत- 2047 का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

PM ने कहा कि अपने इन लक्ष्यों को हासिल करने में हम एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं। हम दुनिया की सबसे युवा सोसाइटी हैं, हम दुनिया की सबसे तेज़ी से आगे बढ़ रही बड़ी अर्तव्यवस्थाओं में हैं। हम दोनों दुनिया की प्रमुख समुद्री शक्तियां हैं। हम प्राचीन सभ्यताएं भी हैं और भविष्य के लिए स्वाभाविक सहयोगी भी हैं। इसी विजन पर राष्ट्रपति से मेरी चर्चा भी हुई है। हमारे उद्देश्य बहुत स्पष्ट हैं कि भारत और इंडोनेशिया के बीच जो सद्भाव और विश्वास है, उसे हमें अपने नागरिकों के लिए नए अवसरों में बदलना है। आतंकवाद जैसे विषयों पर भारत और इंडोनेशिया दोनों की एक राय रही है। पिछले वर्ष पहलगाम में जब जघन्य आतंकी हमला हुआ तब इंडोनेशिया भारत के साथ मज़बूती से खड़ा रहा। मैं इसके लिए राष्ट्रपति और आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। हमारे दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त कार्य समूह के माध्यम से साथ काम कर रहे हैं। इंटेलिजेंस, साइबर खतरा और कट्टरपंथ से मुक्ति जैसे क्षेत्रों हम और सहयोग बढ़ाकर दुनिया में शांतिवादी ताकतों को मजबूती दे सकते हैं। (PM Modi in Indonesian Parliament)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ग्लोबर ऑर्डर तेजी से बदल रहा है। ऐसे में, हम जैसे विकासशील देश समान भागीदारी और अपनी बड़ी भूमिका मांग रहे हैं। इस वैश्विक परिवेश में भारत का स्पष्ट मानना है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रिफॉर्म को और टाला नहीं जा सकता। 2022 में इंडोनेशिया की G20 अध्यक्षता और 2023 में भारत की G20 अध्यक्षता, दोनों ने विकासशील देशों की प्राथमिकताओं को वैश्विक चर्चा के केंद्र में लाने का प्रयास किया। भारत स्वतंत्र, खुला और समावेशी इंडो-पैसिफिक का प्रबल समर्थक है। भारत इंडो-पैसिफिक में नेविगेशन की स्वतंत्रता की बात करता है। इसके लिए हमने आसियान को केंद्र में रखा है। हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी भी आसियान-केंद्रित है। आतंकवाद जैसे मुद्दों पर हम हमेशा एक साथ खड़े रहे हैं। पिछले साल, जब भारत के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था, तो इंडोनेशिया मजबूती से भारत के साथ खड़ा रहा। इसके लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। हमारे दोनों देश संयुक्त कार्य समूह के माध्यम से आतंकवाद-रोधी प्रयासों पर मिलकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले साल इंडोनेशिया BRICS का पूर्ण सदस्य बना है, इस साल भारत ही BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। BRICS का ये मंच और अधिक व्यवहारिक हो, ज्यादा संतुलित हो, ग्लोबल साउथ की जरूरतों के प्रति और अधिक संवेदनशील हो, हम इसके लिए साथ मिलकर काम कर सकते हैं। मैं आप सभी के सामने ‘गंगा-महाकम विजन’ रखना चाहता हूं। यह विजन हमारी साझेदारी को सिर्फ वर्तमान की जरूरतों तक सीमित नहीं रखता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा और साझा प्रगति का रास्ता भी बनाता है। सबसे पहले, सभ्यतागत जुड़ाव। हम अपने सभ्यतागत संबंधों को नई पीढ़ी की सोच और चेतना से जोड़ेंगे। रामायण से लेकर बोरोबुदुर तक, हम अपने साझा इतिहास को भविष्य के लिए ताकत का स्रोत बनाएंगे। इसके लिए हमें ‘भारत-इंडोनेशिया सभ्यता संवाद’ शुरू करना चाहिए। दूसरा है साझा विकास। इससे हमारे लोगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। तीसरा है सुरक्षा और रणनीतिक भरोसा। हम अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करेंगे। चौथा है समुद्री समृद्धि। हम अपने साझा समुद्री भूगोल को साझा समृद्धि में बदलेंगे।



