नाले में अर्धनग्न महिला का शव मिलने से हड़कंप, पहचान और मौत की वजह तलाश रही पुलिस
तोरवा थाना क्षेत्र के तितली चौक के पास मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे परिसर स्थित तितली चौक के पास एक नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की शिनाख्त और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नाले में महिला का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच है। अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए महिला की तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी गई है। साथ ही गुमशुदगी के दर्ज मामलों से मिलान करने के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतका की पहचान से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि मामले की जांच में तेजी लाई जा सके।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय से झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सौजन्य भेंट, साझा विकास और जनजातीय सहयोग पर हुई चर्चा



