Google Analytics —— Meta Pixel

भारत एक वैश्विक खेल महाशक्ति बनने के लिए पूरी तरह तैयार है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi Meet Athletes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एशियाई खेल 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आप सभी के बीच आना मुझे भी ऊर्जा से भर देता है। इतने सारे पदक वीर और उन सबको एक साथ मिलना, ये कोई मामूली बात नहीं है। ये बहुत सुखद एहसास होता है। आप सब युवा एथलीट इस बात के उदाहरण हैं कि जुनून जब जीत में बदलता है तो वो कैसे मेडल्स के साथ-साथ चेहरे की चमक भी लेकर आता है और देश तो चमकता ही है। आपने 140 करोड़ देशवासियों को गौरव का मौका दिया है, क्योंकि सबसे बड़ी सफलता अगर कुछ होती है तो वो है तिरंगे की शान बढ़ाना। आपने तिरंगे की शान बढ़ाई है, तिरंगे का मान बढ़ाया है और इसलिए आपकी सफलता सिर्फ आपकी नहीं है, ये देश के करोड़ों-करोड़ों नागरिकों की सफलता है। मैं सभी देशवासियों की ओर से आप सबको एक बार फिर से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। साथ ही आपके कोच, आपके सपोर्ट स्टाफ और आपके परिवार का भी मैं हृदय से बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

यह भी पढ़ें:- चोरी के आरोपियों को जूतों की माला पहनाकर घुमाया, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

उन्होंने कहा कि इस बार एशियन गेम्स कई मायनों में हमारे लिए यादगार रहे हैं। हमारी हॉकी की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने इस बार गोल्ड मेडल जीता है। खासकर हमारी महिला हॉकी टीम ने गोल्ड लाकर 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया है। क्रिकेट में हमारी दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार मेडल जीता है और इतना ही नहीं, अपना ही रिकॉर्ड दोहरा दिया है। कबड्डी में भी हमारी पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड जीता है। इसी तरह तीरंदाजी में पांच गोल्ड और जहां पंच वहां परमेश्वर, शूटिंग में शानदार प्रदर्शन, बॉक्सिंग में, कुश्ती में बड़ी-बड़ी सफलता, एथलेटिक्स में नए रिकॉर्ड, 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में मेडल, 1982 के बाद पहली बार मैराथन में भारत को मिली सफलता वाकई बहुत ही सुखद है। मैं हमारी बेटियों की खास तौर पर सराहना करना चाहता हूं। भारत ने जो 85 मेडल जीते हैं, उनमें से 38 मेडल हमारी वूमन एथलीट्स ने जीते हैं। इनमें 11 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं। (PM Modi Meet Athletes)

PM मोदी ने कहा कि ये मेडल्स केवल एक संख्या नहीं हैं। ये नए भारत की एक सशक्त तस्वीर है। आज भारत ऐसे खेलों में भी मेडल जीत रहा है, जिनमें एशियन गेम्स के इतिहास में हमें पहले कभी मेडल नहीं मिला था। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, सॉफ्ट टेनिस और सेलिंग की कुछ स्पर्धाओं में हमारे खिलाड़ियों ने पहली बार मेडल जीतकर नया इतिहास रचा है। अब हमें खेलों में और भी बड़ी ऊंचाइयों तक जाना है। खिलाड़ियों से खेल के मैदान में और भी ज्यादा ऊंचाइयों को छूने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने शपथ दिलाई, जिसमें टीम ने एक साथ कहा We will Do it! PM मोदी के आह्वान पर खिलाड़ियों ने कहा- हर मैदान पर तिरंगे की शान, We will Do it! हर मैदान पर तिरंगे की शान, We will Do it! खेलों में भारत की नई पहचान, We will Do it! हर खेल में नए चैंपियंस, We will Do it! हमारे नाम और नए रिकॉर्ड्स, We will Do it! प्रधानमंत्री ने इकट्ठा होने की जगह की ओर ध्यान दिलाते हुए एथलीटों को याद दिलाया कि इस स्टेडियम का नाम महान मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा गया है, जो रात में घंटों हॉकी का अभ्यास करते थे। (PM Modi Meet Athletes)

उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का हॉकी के प्रति समर्पण इतना ज्यादा था कि वो रात में भी घंटों-घंटो हॉकी की प्रैक्टिस करते थे। उनका ये परिश्रम हमें बार-बार याद दिलाता है कि संकल्प और सपने एक दिन में पूरे नहीं होते। इसके लिए सालों का धैर्य और लगातार परिश्रम अनिवार्य होता है। भारत ने भी बीते 12 सालों में बहुत धैर्य और परिश्रम के साथ अपने स्पोर्ट्स-पर्सन और स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर बहुत लगन से काम किया है। आप देखिए एक समय बड़े टूर्नामेंट्स में भारत केवल गिने चुने मेडल्स ला पाता था। कितने ही खेलों का तो देश में पता ही नहीं होता था कि ये भी खेले जाते हैं, पहले ओलम्पिक जैसा इतना बड़ा इवेंट होता था और आधे से ज्यादा खेलों में हमारे देश का कोई प्रतिनिधित्व ही नहीं होता था। आप सोचिए अगर हम कंप्लीट ही नहीं करेंगे तो मेडल कहां से लाएंगे? हमने ये संकल्प लिया है कि हम इस निराशादी मानसिकता को हटाएंगे और नतीजा ये है कि आज हर ग्लोबल प्लेटफार्म पर हमारा प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में ये बदलाव आया कैसे? ये बदलाव आया है, उसी स्पिरिट से जिसकी बदौलत आपने सफलता हासिल की है। बीते 10-12 सालों में देश ने लगन, निष्ठा से निरंतर प्रयास किए, एक दूरगामी विजन के साथ काम किया, खेलों के लिए एक पारदर्शी और आधुनिक इकोसिस्टम बनाया। जैसे कि आप सब जानते हैं कि हमने टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम शुरू की। हमने खेलो इंडिया स्कीम शुरू की। समय के साथ इसका दायरा और व्यापक बनाया। खेलो इंडिया के विस्तार और स्पोर्ट्स फेडरेशंस को मजबूत करने के लिए 36 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा आवंटित किए हैं। आज देश में एक हजार से ज्यादा खेलो इंडिया सेंटर्स बनाए गए हैं। स्टेडियम और मिनी स्टेडियम, मल्टी-पर्पज हॉल स्पोर्ट्स के लिए तैयार किए हैं। एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड, स्विमिंग पूल, हजारों ऐसे स्पोर्ट्स इनफ्रास्ट्रक्चर छोटे-बड़े शहरों में बन रहे हैं। इस स्कीम के तहत खिलाड़ियों को भी सीधे मदद दी जा रही है। उन्हें जेब-खर्च भत्ता दिया जा रहा है। TOPS स्कीम के तहत खिलाड़ियों को 50 हजार रुपए महीने मिल रहे हैं। अगर किसी खेल में कोचिंग के लिए देश से बाहर जाने की जरूरत है, तो सरकार उसे भी फैसिलिटेट कर रही है, उसके लिए आर्थिक सहायता दे रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलने और कंप्लीट करने के ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें, इसके लिए विंटर गेम्स जैसे इवेंट्स शुरू किए गए, सांसद खेल प्रतियोगिताएं शुरू की गईं। देश ने नई स्पोर्ट्स पॉलिसी, खेलो भारत नई नीति बनाई। हमारे दिव्यांग खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य से देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उनके लिए भी खेलों में बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसलिए ही आज हर खिलाड़ी को ये भरोसा होता है कि उसकी पूरी जर्नी में देश उसके साथ खड़ा है। जब खिलाड़ी को ये अहसास रहता है तो वो देश के लिए क्या करके दिखाता है, आप सब खुद इसके उत्तम उदाहरण हैं। इस बार एशियन गेम्स में टीम इंडिया के कई खिलाड़ी ऐसे भी थे, जिनकी उम्र 15-17 साल ही है। इतनी कम उम्र में इन खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है। देशवासियों का दिल जीता है। ये दिखाता है कि सफलता के लिए उम्र कोई बंदिश नहीं होती, बल्कि खेलों में तो कम उम्र से की गई शुरुआत से अतिरिक्त लाभ होती है। इसीलिए हमारी कोशिश है कि खेलों में प्रतिभा की पहचान कम उम्र से ही हो।

गांव-गांव तक जाकर प्रतिभाओं को तलाशा जा रहा: PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पांच से पंद्रह साल के बच्चों में खेल प्रतिभाओं की पहचान और उनकी ट्रेनिंग पर हमारा विशेष फोकस है। आने वाले सालों में हजारों नए खिलाड़ियों को खेलो इंडिया और इमर्जिंग खेलो इंडिया के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए अवसर मिलेंगे। हमें आने वाली खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी को और मजबूत करना है। 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक्स हैं। 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 में ओलंपिक्स की मेजबानी करना भी भारत की आकांक्षा है। इसी को देखते हुए मैंने लाल किले से टैलेंट हंट अभियान चलाने की बात कही है। आज गांव-गांव तक जाकर प्रतिभाओं को तलाशा जा रहा है और उन्हें तराशा भी जा रहा है। यही खिलाड़ी आने वाले समय में भारत के लिए मेडल्स लेकर आएंगे। हमारे सपने बड़े हैं, हमारे संकल्प भी बड़े हैं और इन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी आज हिन्दुस्तान के पास है, हर हिन्दुस्तानी के पास है और इसलिए मैं पूरे विश्वास से कहता हूं- भारत में बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स, We will Do it! भारत में बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स, We will Do it! भारत में बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स, We will Do it! टॉप स्पोर्टिंग नेशंस में भारत, We will Do it! ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बने भारत, We will Do it! भारत में वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर, We will Do it! भारत के हर कोने से एक चैंपियन, We will Do it!

देश का युवा हर बुलंदी को छूने के लिए अधीर: PM मोदी

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि एशियन गेम्स में हमारी सफलता देश के बदलते मिजाज का भी उदाहरण है। ये एक इग्जैम्पल है कि कैसे आज देश का युवा हर बुलंदी को छूने के लिए अधीर है। ऐसा कोई मुकाम नहीं है, जो भारत के युवाओं के हौसलों से बड़ा हो। ऐसा कोई लक्ष्य नहीं है, जो हमारी युवाशक्ति के सामर्थ्य के बाहर हो। संभावनाओं का असीम आकाश सामने है और मंजिल भारत का युवा खुद तय कर रहा है। इसलिए देखते ही देखते भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। हमारे युवा आज स्पेस सेक्टर में अपनी कंपनियां बना रहे हैं, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे हैं। यही युवा, डिफेंस सेक्टर में नई तकनीक विकसित कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में नए प्रयोग कर रहे हैं और ये बदलाव केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, जैसे खेलों में आज दूर-दराज की प्रतिभाओं को भी मौका मिल रहा है, वैसे ही आज स्टार्टअप्स, रिसर्च और दूसरे उद्यमों में भी छोटे शहरों और गांवों के युवा नए आइडिया लेकर आगे आ रहे हैं। इस आत्मविश्वास के पीछे एक बड़ा भरोसा है। बीते एक दशक में देश ने जो व्यवस्थाएं विकसित की हैं, उनसे युवाओं को भरोसा मिला है कि वे बड़े सपने देख सकते हैं। उन्हें विश्वास है कि उनके सपनों को आगे बढ़ाने के लिए देश का पूरा सामर्थ्य उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्रयासों का लाभ केवल मैदान में खेलने वाले खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है। स्पोर्ट्स कोचिंग, फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए नए करियर के अवसर बन रहे हैं। खेलों के विकास के साथ-साथ इनसे जुड़े अनेक प्रोफेशन भी आगे बढ़ रहे हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार और उद्यम के नए रास्ते बने हैं। आज हम जिस किसी भी फील्ड में हैं, हमें अपनी सफलता के लिए परिश्रम तो करना ही है, साथ ही नई पीढ़ी को गढ़ने की जिम्मेदारी भी उठानी है। अब आपके पास इंटरनेशनल टूर्नामेंट का भी अनुभव है और इसलिए मेरा आग्रह होगा कि आप कुछ समय उन बच्चों को जरूर दें, जो आपकी तरह आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं। आपके पसीने से उनके सपनों को सींचना है, सफलता तब आती है। जब भी अवसर मिले, अपने गांव, अपने शहर के बच्चों से मिलिए। अलग-अलग स्कूलों में जाइए, जिन मैदानों पर आपने खेलना शुरू किया था, वहां जरूर जाइए। आपके अनुभव उन बच्चों के बहुत काम आ सकते हैं। हो सकता है, आपकी एक छोटी-सी बात किसी बच्चे को खेलों में आगे बढ़ने का हौसला दे दे। (PM Modi Meet Athletes)

जो खेलेगा, वही खिलेगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM मोदी ने कहा कि देश के युवाओं को आपसे केवल स्पोर्ट्स की ही प्रेरणा नहीं मिलती है, क्योंकि खेल की भूमिका केवल मैदान तक ही सीमित नहीं है। खेल हमें जीवन में अनुशासन सिखाते हैं, जीवन में गिरकर फिर से खड़े होने की, हारकर जीतने की सीख खेलों से मिलती है। एक लक्ष्य के लिए कैसे लंबे समय तक अटल रहना है, कैसे परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना है, स्पोर्ट्स से ये हमारे हर रोज के जीवन का हिस्सा बन जाता है। यही स्पोर्ट्सपर्सन स्पिरिट जीवनभर काम आती है। मैं हमेशा कहता हूं, जो खेलेगा, वो खिलेगा। आप भी खेलते रहिए, खिलते रहिए, आने वाली प्रतियोगिताओं और भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। आपका ये उत्साह, ये आत्मविश्वास, यही नए भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इसी आत्मविश्वास के साथ हमें भारत को नई बुलंदियों तक पहुंचाना है। तो आइए एक बार फिर पूरी ताकत के साथ मेरे साथ बोलिये- विकसित भारत We will Do it! विकसित भारत AT Twenty Forty Seven, We will Do it! टॉप थ्री इकोनॉमी, We will Do it! टॉप थ्री इकोनॉमी, We will Do it! आत्मनिर्भर भारत, We will Do it! आत्मनिर्भर भारत, We will Do it! ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब, We will Do it! ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब, We will Do it! टेक्नॉलजी में भारत की लीडरशिप, We will Do it! अंतरिक्ष में कदम, We will Do it! ओलंपिक्स का आयोजन, We will Do it! नए खेलों में मेडल्स, We will Do it! Yes, We will Do it!

Back to top button
error: Content is protected !!