PM मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले बड़ा ऐलान, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा- 57% निर्यात पर नहीं लगेगा टैरिफ

PM Modi Newzealand Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से दो दिवसीय राजकीय दौरे पर न्यूजीलैंड पहुंचेंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर होने वाली इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे से पहले ही न्यूजीलैंड सरकार ने भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भारत के साथ हमारी ट्रेड डील से न्यूजीलैंड के कारोबार में जबरदस्त तेजी आएगी। हम भारत को जो भी सामान निर्यात करते हैं, उसमें से 57% पर पहले दिन से ही कोई टैरिफ नहीं लगेगा।। इस फैसले को भारत-न्यूजीलैंड के बीच मजबूत होते आर्थिक और रणनीतिक संबंधों का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
दो दिवसीय दौरे में कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है, जिनमें द्विपक्षीय व्यापार और निवेश, मुक्त व्यापार समझौता, रक्षा सहयोग, कृषि और डेयरी क्षेत्र में साझेदारी, शिक्षा और तकनीकी सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग और लोगों के बीच संपर्क को प्राथमिकता दी जाएगी। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड के प्रमुख उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।
तीन देशों के दौरे का अंतिम पड़ाव
प्रधानमंत्री मोदी फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। न्यूजीलैंड उनकी तीन देशों की विदेश यात्रा का अंतिम पड़ाव होगा। इस यात्रा का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और आर्थिक सहयोग को विस्तार देना है। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय में खासा उत्साह है। न्यूजीलैंड की सांसद परमजीत कौर परमार ने कहा कि भारतीय समुदाय इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित बताया। सांसद परमार ने भरोसा जताया कि इस यात्रा से दोनों देशों के आपसी संबंधों को और मजबूत करने में नई गति मिलेगी और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए और ज्यादा अवसर खुलेंगे। (PM Modi Newzealand Tour)
FTA को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
सांसद परमजीत कौर ने आगे कहा कि हम जानते हैं कि हमारे रिश्ते लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित हैं। भारतीय मूल की होने के नाते – मेरा जन्म भारत में हुआ था और अब मैं न्यूजीलैंड में रहती हूं। मुझे लगता है कि हमारे रिश्तों को और बेहतर बनाने की बहुत गुंजाइश है, ताकि दोनों तरफ के लोगों को इसका फ़ायदा मिल सके। मैं 2014 में न्यूजीलैंड में भारत में जन्मी पहली सांसद बनी थी। फिलहाल यह मामला यहां हमारी संसदीय प्रक्रिया से गुजर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी का दौरा निश्चित रूप से उस गति को बढ़ा रहा है, जिसकी हमें जरूरत थी। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर कहा कि यह निश्चित रूप से एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिस पर मुझे व्यक्तिगत रूप से बहुत गर्व है। कुछ लोग इसके खिलाफ भी होंगे, लेकिन यह कोई नई बात नहीं है। (PM Modi Newzealand Tour)
भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा पर भी जोर
सांसद ने कहा कि हमारे पिछले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट चीन के साथ हुआ था, तब भी कुछ लोग उसके खिलाफ थे, लेकिन हमारे लिए, हमारे व्यवसायों का हित वास्तव में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से सभी को फायदा ही होगा। उपभोक्ताओं को फायदा होगा, उत्पादकों को फायदा होगा और यह न्यूजीलैंड और भारत दोनों के लिए अच्छी बात ही होगी। भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा, समावेशिता और कल्याण पर कहा कि किसी भी प्रकार के नस्लवाद या किसी भी प्रकार की धमकी का न्यूजीलैंड में कोई स्थान नहीं है। हमारा मानना है कि लोगों को उनके वंश के बजाय उनके चरित्र और उनके किए गए योगदान के आधार पर आंका जाना चाहिए। हम दुनिया भर में देख रहे हैं कि लोग एक-दूसरे से दूर हो रहे हैं और देश विदेशियों को अपने यहां आने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।
खालिस्तान समर्थक गतिविधियों पर क्या बोलीं सांसद ?
खालिस्तान-समर्थक समूहों की गतिविधियों और भारत-न्यूजीलैंड के बीच आपसी सद्भाव पर सांसद परमजीत कौर ने कहा कि ऐसे लोगों की संख्या बहुत ही कम है। ऐसे विरोध-प्रदर्शन करने वालों को आप उंगलियों पर गिन सकते हैं। आम लोगों से बात करने पर पता चलता है कि वे आम जनता या यहां न्यूजीलैंड में रहने वाले सिख समुदाय की सोच का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। मैं इस बात पर भी जोर देना चाहती हूं कि हम अभिव्यक्ति की आजादी और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने के अधिकार का सम्मान करते हैं। इसलिए अगर हिंसा या आतंकवाद का कोई संकेत मिलता है तो कानून को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए और समुदाय के किसी भी व्यक्ति को अपनी पहचान जाहिर करने में असुरक्षित महसूस नहीं होना चाहिए।
भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को मिलेगी नई दिशा
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिर्फ कूटनीतिक शिष्टाचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापार, निवेश, रक्षा, कृषि, शिक्षा और तकनीक जैसे कई क्षेत्रों में नए समझौतों का रास्ता खोल सकता है। न्यूजीलैंड की ओर से 57 प्रतिशत निर्यात पर पहले दिन से टैरिफ समाप्त करने का ऐलान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की मुलाकात से दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग का नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। अब सबकी निगाहें इस दौरे के नतीजों और दोनों देशों के बीच होने वाले संभावित समझौतों पर टिकी हैं।



