BRICS 2026 के लिए भारत तैयार, PM मोदी बोले- सकारात्मक और सार्थक चर्चा की पूरी उम्मीद

PM Modi on BRICS: BRICS समिट 2026 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सकारात्मक और सार्थक बातचीत के महत्व पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत सुभाषितम् साझा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS समिट के लिए जुटेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन विश्व कल्याण की भावना से प्रेरित होकर अलग-अलग मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा का मंच बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा- अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS समिट के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ अलग-अलग मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने संस्कृत का यह सुभाषितम् साझा किया। सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्। सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥
यह भी पढे़ं:- विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का असर धरातल पर दिखे – अरुण साव
इस सुभाषितम् का मतलब है कि व्यक्ति को हमेशा गुणी और अच्छे लोगों के साथ रहना चाहिए। साथ ही उनकी संगति अपनानी चाहिए। उनके साथ संवाद और मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने चाहिए। आपसी सद्भावना, संवाद और मैत्रीपूर्ण संबंधों के जरिए शांति, सहयोग और सकारात्मक वातावरण को मजबूत किया जा सकता है। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS 2026 को लेकर भारत की तैयारियों का भी उल्लेख किया था। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था- ब्रिक्स 2026 के लिए पूरी तरह तैयार! @BricsIndia2026। प्रधानमंत्री के इन संदेशों को BRICS सम्मेलन से पहले भारत की तैयारियों और सम्मेलन के प्रति उसकी प्राथमिकताओं के तौर पर देखा जा रहा है। भारत की ओर से सम्मेलन में वैश्विक सहयोग, संवाद और विश्व कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा पर जोर दिया जा रहा है।
11 से 13 सितंबर तक राष्ट्रपति भवन में आम लोगों की एंट्री बंद
वहीं BRICS से जुड़े कार्यक्रमों के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान में आम लोगों के प्रवेश को लेकर भी महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान में 11 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक आम लोगों का प्रवेश बंद रहेगा। इसके अलावा शनिवार 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रपति भवन परिसर में होने वाला नियमित गार्ड परिवर्तन समारोह भी आयोजित नहीं किया जाएगा। ऐसे में 11 से 13 सितंबर के बीच राष्ट्रपति भवन और उससे जुड़े परिसर में आम लोगों के लिए प्रवेश और निर्धारित कार्यक्रमों पर रोक रहेगी। भारत की मेजबानी में 18वें BRICS सम्मेलन की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सम्मेलन में शामिल होने वाले वैश्विक नेताओं की आवाजाही को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर उनके ठहरने वाले होटलों और भारत मंडपम तक विशेष सुरक्षा समेत यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी एडवाइजरी जरूर देख लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। अपर पुलिस आयुक्त, यातायात, दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 11 सितंबर से BRICS शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो चुकी है। सम्मेलन के दौरान प्रमुख अतिथियों की आवाजाही एयरपोर्ट से होटल और होटल से भारत मंडपम के बीच होगी। इसे देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक अरेंजमेंट प्लान तैयार किया है। उन्होंने बताया कि शहर में 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां आवश्यकता के अनुसार आम जनता के यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने अपनी एडवाइजरी सोशल मीडिया के माध्यम से जारी कर दी है और लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले इसे अवश्य देखें।

वहीं NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने BRICS सम्मेलन को लेकर दिल्ली की तैयारियों पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDMC विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर BRICS सम्मेलन में शामिल होने वाले अतिथि ठहर रहे हैं, उनके आसपास साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। NDMC की ओर से सम्मेलन को लेकर लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। BRICS इंडिया 2026 के लोगो को भी भारत की सांस्कृतिक पहचान और संगठन के साझा विजन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। लोगो में कमल के फूल की पंखुड़ियां BRICS के सदस्य देशों के जीवंत रंगों को दर्शाती हैं। वहीं ‘नमस्ते’ की मुद्रा भारत की गर्मजोशी, सम्मान और मिल-जुलकर काम करने की भावना का प्रतीक है। यह डिजाइन सहयोग, टिकाऊ विकास और वैश्विक सद्भाव के व्यापक BRICS विजन को प्रदर्शित करता है।





