छत्तीसगढ़ : स्कूलों में प्राचार्यों की जिम्मेदारियां तय, रोजाना कम से कम 2 कालखंड करना होगा अध्यापन
स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश, प्राचार्य कक्ष, लिपिक कक्ष और स्टाफ कक्ष का निर्धारित स्थान पर ही होगा उपयोग

School Education Department: छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के समस्त शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्राचार्यों के पदीय कार्यों और दायित्वों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय स्तर पर प्राचार्यों को प्रशासनिक और वित्तीय दायित्वों के साथ-साथ अध्यापन कार्य भी सुनिश्चित करना होगा। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश के अनुसार संबंधित विद्यालय के प्राचार्य विद्यालय से जुड़े समस्त प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का निर्वहन करेंगे। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार उन्हें प्रतिदिन कम से कम 02 कालखंड अध्यापन करना होगा।
अध्यापन कक्ष में नहीं बैठेंगे प्राचार्य, लिपिक और स्टाफ
विभाग ने विद्यालय भवन के ड्राईंग-डिजाइन के अनुसार निर्धारित कक्षों के उपयोग पर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्राचार्य कक्ष, लिपिक कक्ष एवं स्टाफ कक्ष के लिए निर्धारित स्थान पर ही संबंधित अधिकारी-कर्मचारी बैठेंगे। निर्धारित कक्षों के अलावा अध्यापन कक्षों का उपयोग प्राचार्य, लिपिक या स्टाफ के बैठने के लिए नहीं किया जाएगा। (School Education Department)
यह भी पढ़ें:- BRICS 2026 के लिए भारत तैयार, PM मोदी बोले- सकारात्मक और सार्थक चर्चा की पूरी उम्मीद
निर्देश में यह भी कहा गया है कि विद्यालय में स्थित बड़े-बड़े कक्षों का उपयोग छात्र-छात्राओं के अध्ययन-अध्यापन के लिए किया जाए। विभाग ने जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से समस्त संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग और समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किए गए हैं। (School Education Department)




