आज का भारत अपनी संतान को हर मुश्किल से बचाकर लाता है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on CBCI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया (CBCI) की ओर से आयोजित क्रिसमस समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह अवसर हम सबके लिए यादगार रहने वाला है। यह अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि इसी साल CBCI की स्थापना के 80 साल पूरे हो रहे हैं। मैं CBCI से जुड़े सभी लोगों को बधाई देता हूं। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे हमेशा आपसे स्नेह मिला है। पोप फ्रांसिस से भी मुझे वही स्नेह मिलता है। इटली में G7 की बैठक के दौरान मैं उनसे मिला। यह तीन साल में मेरी उनसे दूसरी मुलाकात थी। मैंने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया।
PM मोदी ने कहा कि मेरे लिए वह बहुत संतोषजनक क्षण था जब हम एक दशक पहले युद्धग्रस्त अफगानिस्तान से फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार को सुरक्षित बचाकर वापस लाए थे। वे 8 महीने तक वहां बड़ी विपत्ती में फंसे हुए थे, बंधक बने हुए थे। हमारी सरकार ने उन्हें वहां से निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए। हमारे लिए ये सभी मिशन महज कूटनीतिक मिशन नहीं हैं, बल्कि परिवार के सदस्यों को वापस लाने की भावनात्मक प्रतिबद्धता है। आज का भारत, भारत के हर बेटे को, चाहे वे किसी भी मुश्किल परिस्थिति में फंसे हों, साथ लाता है। अभी तीन-चार दिन पहले मैं अपने साथी भारत सरकार में मंत्री जॉर्ज कुरियन के यहां क्रिसमस सेलीब्रेशन में गया था। (PM Modi on CBCI)

PM मोदी ने कहा कि पिछली बार मुझे प्रधानमंत्री निवास पर क्रिसमस मनाने का अवसर मिला था। अब हम सभी CBCI के परिसर में इकट्ठा हुए। मैं पहले भी ईस्टर के दौरान यहां आ चुका हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे आप सबसे इतना अपनापन मिला है। इतना ही स्नेह मुझे सितंबर में न्यूयॉर्क दौरे पर कार्डिनल पीट्रो पैरोलिन से भी मेरी मुलाकात हुई थी। ये आध्यात्मिक मुलाकात, ये आध्यात्मिक वार्ता, इनसे जो ऊर्जा मिलती है, वो सेवा के हमारे संकल्प को और मजबूत बनाती है। अभी मुझे कार्डिनल जॉर्ज कुवाकाड से मिलने का और उन्हें सम्मानित करने का अवसर मिला है। कुछ ही हफ्ते पहले कार्डिनल जॉर्ज कुवाकाड को पोप फ्रांसिस ने कार्डिनल की उपाधि से सम्मानित किया है। इस आयोजन में भारत सरकार ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के नेतृत्व में आधिकारिक रूप से एक हाई लेवल डेलिगेशन भी वहां भेजा था। जब भारत का कोई बेटा सफलता की इस ऊंचाई पर पहुंचता है, तो पूरे देश को गर्व होना स्वभाविक है। मैं कार्डिनल जॉर्ज कुवाकाड को फिर एक बार बधाई देता हूं। (PM Modi on CBCI)

उन्होंने कहा कि जब गल्फ देशों में हमारी नर्स बहनें संकट से घिर गई थीं, तो भी पूरा देश उनकी चिंता कर रहा था। उन्हें भी घर वापस लाने का हमारा अथक प्रयास रंग लाया। हमारे लिए ये प्रयास सिर्फ राजनयिक मिशन नहीं थे। ये हमारे लिए एक इमोशनल कमिटमेंट था, ये अपने परिवार के किसी सदस्य को बचाकर लाने का मिशन था। भारत की संतान, दुनिया में कहीं भी हो, किसी भी विपत्ति में हो, आज का भारत, उन्हें हर संकट से बचाकर लाता है, इसे अपना कर्तव्य समझता है। भारत अपनी विदेश नीति में भी राष्ट्रीय हित के साथ-साथ मानव हित को प्राथमिकता देता है। कोरोना के समय पूरी दुनिया ने इसे देखा भी और महसूस भी किया। कोरोना जैसी इतनी बड़ी महामारी आई, दुनिया के कई देश, जो मानव अधिकार और मानवता की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जो इन बातों को कूटनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करते हैं। (PM Modi on CBCI)

प्रधानमंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वो गरीब और छोटे देशों की मदद से पीछे हट गए। उस समय उन्होंने सिर्फ अपने हितों की चिंता की, लेकिन भारत ने परमार्थ भाव से अपने सामर्थ्य से भी आगे जाकर कितने ही देशों की मदद की। हमने दुनिया के 150 से ज्यादा देशों में दवाइयां पहुंचाईं, कई देशों को वैक्सीन भेजी। इसका पूरी दुनिया पर एक बहुत सकारात्मक असर भी पड़ा। अभी हाल ही में मैं गयाना दौरे पर गया था। मैं कुवैत भी गया था। वहां ज्यादातर लोग भारत की बहुत प्रशंसा कर रहे थे। भारत ने वैक्सीन देकर उनकी मदद की थी और वो इसका बहुत आभार जता रहे थे। भारत के लिए ऐसी भावना रखने वाला गयाना अकेला देश नहीं है। कई द्वीप राष्ट्र, प्रशांत राष्ट्र, कैरेबियाई राष्ट्र भारत की प्रशंसा करते हैं। भारत की ये भावना, मानवता के लिए हमारा ये समर्पण, ये ह्यूमन सेंट्रिक अप्रोच ही 21वीं सदी की दुनिया को नई ऊंचाई पर ले जाएगी। (PM Modi on CBCI)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह की शिक्षाएं प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का जश्न मनाती हैं। यह महत्वपूर्ण है कि हम सभी इस भावना को और मजबूत बनाने के लिए काम करें, लेकिन जब समाज में हिंसा फैलाने और विघटन पैदा करने की कोशिश की जाती है तो मुझे बहुत दुख होता है। अभी कुछ दिन पहले, हमने देखा कि जर्मनी में क्रिसमस मार्केट में क्या हुआ। 2019 में ईस्टर के दौरान श्रीलंका में चर्चों पर हमला किया गया था। मैं कोलंबो गया था, ताकि बम विस्फोटों में खोए लोगों को श्रद्धांजलि दे सकूं। एक साथ आना और ऐसी चुनौतियों से लड़ना महत्वपूर्ण है। यह क्रिसमस और भी खास है, क्योंकि आप जुबली वर्ष की शुरुआत कर रहे हैं, जिसे आप सभी जानते हैं कि इसका विशेष महत्व है। मैं आप सभी को जुबली वर्ष के लिए विभिन्न पहलों के लिए शुभकामनाएं देता हूं। इस बार जुबली वर्ष के लिए आपने एक ऐसा विषय चुना है, जो आशा के इर्द-गिर्द घूमता है। पवित्र बाइबिल आशा को शक्ति और शांति के स्रोत के रूप में देखती है। यह कहता है- निश्चित रूप से आपके लिए भविष्य की आशा है, और आपकी आशा समाप्त नहीं होगी। (PM Modi on CBCI)
उन्होंने कहा कि हम आशा और सकारात्मकता से भी निर्देशित होते हैं। मानवता के लिए आशा, बेहतर दुनिया के लिए आशा और शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए आशा। बीते 10 साल में हमारे देश में 25 करोड़ लोगों ने गरीबी को परास्त किया है। ये इसलिए हुआ, क्योंकि गरीबों में एक उम्मीद जगी, की हां, गरीबी से जंग जीती जा सकती है। बीते 10 साल में भारत 10वें नंबर की इकोनॉमी से 5वें नंबर की इकोनॉमी बन गया। ये इसलिए हुआ क्योंकि हमने खुद पर भरोसा किया, हमने उम्मीद नहीं हारी और इस लक्ष्य को प्राप्त करके दिखाया। भारत की 10 साल की विकास यात्रा ने हमें आने वाले साल और हमारे भविष्य के लिए नई उम्मीद दी है, ढेर सारी नई उम्मीदें दी हैं। 10 साल में हमारे यूथ को वो अवसर मिली हैं, जिनके कारण उनके लिए सफलता का नया रास्ता खुला है। स्टार्ट-अप से लेकर विज्ञान तक, खेल से लेकर उद्यमिता तक आत्मविश्वास से भरे हमारे नौजवान देश को प्रगति के नए रास्ते पर ले जा रहे हैं। (PM Modi on CBCI)

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे नौजवानों ने हमें ये आत्मविश्वास दिया है, ये उम्मीद दी है कि विकसित भारत का सपना पूरा होकर रहेगा। बीते दस सालों में देश की महिलाओं ने अधिकारिता की नई गाथाएं लिखी हैं। उद्यमिता से ड्रोन तक, एरो-प्लेन उड़ाने से लेकर सशस्त्र बल की जिम्मेदारियों तक, ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, जहां महिलाओं ने अपना परचम ना लहराया हो। दुनिया का कोई भी देश, महिलाओं की तरक्की के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। इसलिए आज जब हमारी श्रमशक्ति में, श्रम बल में, वर्किंग प्रोफेशनल्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी रही है तो इससे भी हमें हमारे भविष्य को लेकर बहुत उम्मीदें मिलती हैं, नई उम्मीद जगती है। बीते 10 सालों में देश बहुत सारे अज्ञात या कम खोजे गए क्षेत्र में आगे बढ़ा है। मोबाइल विनिर्माण हो या अर्धचालक विनिर्माण हो, भारत तेजी से पूरे विनिर्माण परिदृश्य में अपनी जगह बना रहा है। चाहे टेक्लोलॉजी हो, या फिनटेक हो भारत ना सिर्फ इनसे गरीब को नई शक्ति दे रहा है, बल्कि खुद को दुनिया के टेक हब के रूप में स्थापित भी कर रहा है। (PM Modi on CBCI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारा बुनियादी ढांचे के निर्माण की गति भी अभूतपूर्व है। हम ना सिर्फ हजारों किलोमीटर एक्सप्रेसवे बना रहे हैं, बल्कि अपने गांवों को भी ग्रामीण सड़कों से जोड़ रहे हैं। अच्छे ट्रांसपोर्टेशन के लिए सैकड़ों किलोमीटर के मेट्रो रूट्स बन रहे हैं। भारत की ये सारी उपलब्धियां हमें ये आशा और आशावाद देती हैं कि भारत अपने लक्ष्यों को बहुत तेजी से पूरा कर सकता है। और सिर्फ हम ही अपनी उपलब्धियों में इस आशा और विश्वास को नहीं देख रहे हैं, पूरा विश्व भी भारत को इसी आशा के साथ देख रहा है। बाइबल कहती है- एक दूसरे का बोझ उठाओ। यानी हम एक दूसरे की चिंता करें, एक दूसरे के कल्याण की भावना रखें। इसी सोच के साथ हमारे संस्थान और संगठन, समाज सेवा में एक बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूलों की स्थापना हो, हर वर्ग, हर समाज को शिक्षा के जरिए आगे बढ़ाने के प्रयास हों, स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामान्य मानवी की सेवा के संकल्प हों, हम सब इन्हें अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। (PM Modi on CBCI)

PM ने कहा कि यीशु मसीह ने दुनिया को करुणा और निस्वार्थ सेवा का रास्ता दिखाया है। हम क्रिसमस को सेलिब्रेट करते हैं और जीसस को याद करते हैं, ताकि हम इन मूल्यों को अपने जीवन में उतार सकें, अपने कर्तव्यों को हमेशा प्राथमिकता दें। मैं मानता हूं कि ये हमारी व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी भी है, सामाजिक दायित्व भी है और एक राष्ट्र के रूप में भी हमारा कर्तव्य है। आज देश इसी भावना को सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के संकल्प के रूप में आगे बढ़ा रहा है। ऐसे कितने ही विषय थे, जिनके बारे में पहले कभी नहीं सोचा गया, लेकिन वो मानवीय दृष्टिकोण से सबसे ज्यादा जरूरी थे। हमने उन्हें हमारी प्राथमिकता बनाया। हमने सरकार को नियमों और औपचारिकताओं से बाहर निकाला। हमने संवेदनशीलता को एक पैरामीटर के रूप में सेट किया। हर गरीब को पक्का घर मिले, हर गांव में बिजली पहुंचे, लोगों के जीवन से अंधेरा दूर हो, लोगों को पीने के लिए साफ पानी मिले, पैसे के अभाव में कोई इलाज से वंचित न रहे, हमने एक ऐसी संवेदनशील व्यवस्था बनाई जो इस तरह की सर्विस की, इस तरह की गवर्नेंस की गारंटी दे सके। (PM Modi on CBCI)

उन्होंने कहा कि आप कल्पना कर सकते हैं, जब एक गरीब परिवार को ये गारंटी मिलती हैं तो उसके ऊपर से कितनी बड़ी चिंता का बोझ उतरता है। पीएम आवास योजना का घर जब परिवार की महिला के नाम पर बनाया जाता है, तो उससे महिलाओं को कितनी ताकत मिलती है। हमने तो महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नारीशक्ति वंदन अधिनियम लाकर संसद में भी उनकी ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित की है। इसी तरह, आपने देखा होगा, पहले हमारे यहाँ दिव्यांग समाज को कैसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्हें ऐसे नाम से बुलाया जाता था, जो हर तरह से मानवीय गरिमा के खिलाफ था। ये एक समाज के रूप में हमारे लिए अफसोस की बात थी। हमारी सरकार ने उस गलती को सुधारा। हमने उन्हें दिव्यांग, ये पहचान देकर के सम्मान का भाव प्रकट किया। आज देश पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर रोजगार तक हर क्षेत्र में दिव्यांगों को प्राथमिकता दे रहा है। (PM Modi on CBCI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार में संवेदनशीलता देश के आर्थिक विकास के लिए भी उतनी ही जरूरी होती है। जैसे कि, हमारे देश में करीब 3 करोड़ मछुआरों हैं और मछली पालक हैं, लेकिन इन करोड़ों लोगों के बारे में पहले कभी उस तरह से नहीं सोचा गया। हमने मत्स्य पालन के लिए अलग से मंत्रालय बनाई। मछलीपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं देना शुरू किया। हमने मत्स्य सम्पदा योजना शुरू की। समंदर में मछली पालकों की सुरक्षा के लिए कई आधुनिक प्रयास किए गए। इन प्रयासों से करोड़ों लोगों का जीवन भी बदला, और देश की अर्थव्यवस्था को भी बल मिला। लाल किले की प्राचीर से मैंने सबका प्रयास की बात कही थी। इसका मतलब है सामूहिक प्रयास। हममें से हर एक को देश के भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। जब लोग एक साथ आते हैं, तो हम चमत्कार कर सकते हैं। आज, सामाजिक रूप से जागरूक भारतीय कई जन आंदोलनों को शक्ति प्रदान कर रहे हैं। स्वच्छ भारत ने एक स्वच्छ भारत के निर्माण में मदद की। इसने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य परिणामों को भी प्रभावित किया। (PM Modi on CBCI)

उन्होंने कहा कि हमारे किसानों द्वारा उगाए गए बाजरा या श्री अन्न का हमारे देश और दुनिया भर में स्वागत किया जा रहा है। लोग लोकल के लिए मुखर हो रहे हैं, कारीगरों और उद्योगों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। एक पेड़ मां के नाम, जिसका मतलब है ‘मां के लिए एक पेड़’ भी लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया है। यह मां प्रकृति के साथ-साथ हमारी मां का भी उत्सव मनाता है। ईसाई समुदाय के कई लोग भी इन पहलों में सक्रिय हैं। मैं ईसाई समुदाय के लोगों सहित हमारे युवाओं को ऐसी पहलों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए बधाई देता हूं। विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए इस तरह के सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण हैं। मुझे विश्वास है, हम सबके सामूहिक प्रयास हमारे देश को आगे बढ़ाएंगे। विकसित भारत, हम सभी का लक्ष्य है और हमें इसे मिलकर पाना है। ये आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व है कि हम उन्हें एक उज्ज्वल भारत देकर जाएं। मैं एक बार फिर आप सभी को क्रिसमस और जुबली ईयर की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। (PM Modi on CBCI)



