जहां कभी बम से स्कूल उड़ाए जाते थे, वहां अब दिवाली के दीये जल रहे हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Naxalism: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने INS विक्रांत पर जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद, आत्मनिर्भरता, और GST को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश नक्सल-माओवादी आतंकवाद से लगभग मुक्त हो चुका है। 2014 से पहले भारत के 125 जिले नक्सली आतंक से प्रभावित थे। दशकों तक ये इलाके विकास से कटे रहे, संविधान को नकारते रहे और लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों का अड्डा बने रहे, लेकिन अब यह संख्या घटकर सिर्फ 11 जिलों में सीमित रह गई है। इनमें भी मात्र 3 जिले ऐसे हैं, जहां नक्सली गतिविधियां काफी सीमित स्तर पर बचे हैं।
यह भी पढ़ें:- विदेशी प्रभाव से मुक्त होकर अपनी प्राचीन ज्ञान परंपरा को अपनाना चाहिए: RSS प्रमुख मोहन भागवत
प्रधानमंत्री ने इसे सुरक्षाबलों की सूझबूझ, संयम और त्याग का परिणाम बताया। PM मोदी ने कहा 125 से 3 जिले… यह सिर्फ आंकड़ा नहीं है, यह भारत की लोकतांत्रिक जीत है। PM मोदी ने कहा कि नक्सली क्षेत्र कहे जाने वाले जिले अब हाईवे, उद्योग, स्कूल और अस्पताल का चेहरा बन रहे हैं। पहले जहां बम से स्कूल उड़ाए जाते थे, आज वहां बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जा रही है। लोग दशकों बाद डर और खौफ से निकलकर दीवाली मना रहे हैं, जो कभी संविधान का नाम नहीं लेने देते थे, वहां आज स्वदेशी का मंत्र गूंज रहा है। गुमराह हुए नौजवान हिंसा छोड़कर संविधान को माथे पर लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भारत की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की उपलब्धियां साझा की।

PM मोदी ने कहा कि भारत का रक्षा उत्पादन तीन गुना बढ़ चुका है। अब भारत हर 40 दिन में एक स्वदेशी युद्धपोत या पनडुब्बी नौसेना को सौंप रहा है।2014 से अब तक 40 से ज्यादा स्वदेशी युद्धपोत और पनडुब्बियां नौसेना को मिली हैं। सेनाओं ने हजारों उपकरणों की सूची बनाई जो अब विदेशों से नहीं, भारत में ही बनाए जा रहे हैं। यह भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता को मजबूत कर रहा है। ब्रह्मोस और आकाश जैसी मिसाइलें भारत की ताकत का प्रतीक बनी हैं। कई देश अब भारतीय मिसाइलों और रक्षा उपकरणों को खरीदना चाहते हैं। भारत का डिफेंस एक्सपोर्ट 30 गुना बढ़ चुका है। स्टार्टअप्स और MSMEs अब उच्च गुणवत्ता वाले रक्षा उपकरण बनाकर भारत को टॉप डिफेंस एक्सपोर्टर की श्रेणी में पहुंचा रहे हैं।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि हर हथियार, हर पुर्जा जब भारतीय बनता है, तो हमारी ताकत चार गुना बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने GST के सकारात्मक प्रभाव को विशेष रूप से नक्सल-मुक्त क्षेत्रों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि पहले नक्सल प्रभावित जिलों में बाजार खत्म हो चुके थे। न स्कूल, न अस्पताल, न कारोबार- सिर्फ भय और हिंसा, लेकिन अब इन जिलों में GST बचत उत्सव में रिकॉर्ड बिक्री हो रही है। खरीदारी बढ़ी है, उपभोक्ताओं का विश्वास लौटा है। युवा अब बंदूक नहीं, संविधान और स्वदेशी की राह पर चल रहे हैं। जहां संविधान का नाम लेना भी मना था, आज वहां बाजारों में रिकॉर्ड बन रहा है।

उन्होंने कहा कि GST ने देश को एक आर्थिक धारा में जोड़ा है। अब नक्सल क्षेत्र भी उस धारा में प्रवाहित नहीं, सहभागी बन रहे हैं। यह राजनीतिक और आर्थिक दोनों मुक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आप प्रवाह में बहने वाले नहीं, प्रवाह को मोड़ने वाले हैं। उनका संदेश स्पष्ट था न केवल सैन्य बल, बल्कि सभी सुरक्षा और पुलिस बल, और अब जनता भी, भारत के पुनर्निर्माण में सक्रिय सहभागी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज का भारत 140 करोड़ देशवासियों के सपनों को पूरा करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

PM मोदी ने कहा कि आज हम जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक वह सब कुछ हासिल कर रहे हैं, जो कभी केवल कल्पनाओं में ही संभव था। यह गति, यह प्रगति, यह परिवर्तन देश के विश्वास से उपजा है। इसी विश्वास से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को बल मिल रहा है, जिसमें हमारे सैन्य बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी सेना ने आपने अपरिमित को पार करने, और अलंघ्य को लांघ जाने का साहस दिखाया है। उन्होंने सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों की वीरता को नमन करते हुए कहा कि हमारी सेना जिन पर्वत शिखरों पर डटी है, वे शिखर अब भारत के विजय स्तंभ बन गए हैं, जिस समुद्र के सीने पर आप खड़े हैं, उसकी हर लहर भारत माता का जयघोष कर रही है।

उन्होंने कहा कि हम नौसेना के जवानों को जानते हैं, जो मौत को मुट्ठी में लेकर चलते हैं। लेकिन हमारे पुलिस बल जिनके पास सीमित संसाधन होते हैं, जिनकी ट्रेनिंग नागरिक समाज के साथ काम करने की होती है। उन्होंने जिस तरह नक्सलियों से लोहा लिया है, वह काबिल-ए-दाद है। PM मोदी ने कहा कि वह ऐसे कई जवानों को जानते हैं, जिन्होंने गंभीर चोटें खाईं, लेकिन उनका जज्बा कभी कम नहीं हुआ। किसी का पैर नहीं रहा, किसी का हाथ कट गया, किसी को व्हीलचेयर से उतरना मुश्किल हो गया। फिर भी उनका हौसला अडिग है।

प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि कई परिवारों ने नक्सली हिंसा में अपनों को खोया है, अंग गंवाए हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने समाज की शांति और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं दिवाली के इस पावन पर्व पर ऐसे तमाम पुलिस जवानों को, उनके परिवारों को लाख-लाख बधाई देता हूं, जो देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए दिन-रात डटे हुए हैं। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को भी दीपावली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आप सभी को मेरी ढेरों शुभकामनाएं हैं। विश्वास और संकल्प के साथ अपने भीतर विजयश्री को पालिए और ऊंची उड़ान भरने वाले सपने देखिए।




