Google Analytics —— Meta Pixel

आज मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी, लॉकडाउन की अफवाहों पर सरकार ने दी सफाई

नई दिल्ली: देश में लॉकडाउन की अटकलों के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई योजना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए गए हालिया बयान के बाद सोशल मीडिया पर लॉकडाउन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि सरकार ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा है कि आम जनता की गतिविधियों या आर्थिक कार्यों पर किसी भी प्रकार की पाबंदी लगाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

यह भी पढ़े :- Rashifal 27 March 2026: आज शुक्रवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि देश को कोरोना काल जैसी चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा। इसके बाद से ही लॉकडाउन को लेकर कयास लगाए जाने लगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में 24 मार्च को देशभर में लॉकडाउन लागू किया गया था, जिससे लोग इस बार भी ऐसी संभावना को लेकर आशंकित हो गए थे।

वहीं, ममता बनर्जी ने ईंधन की बढ़ती कीमतों और रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर बुकिंग का अंतराल बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि लॉकडाउन या अलर्ट जैसी चर्चाएं फिर से सामने आ रही हैं, लेकिन यदि देश पहले कोविड से लड़ सकता है तो भविष्य में भी ऐसी चुनौतियों का सामना कर सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान वैश्विक हालात पर भी चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय संकट का प्रभाव लंबे समय तक रह सकता है, इसलिए देशवासियों को एकजुट रहकर धैर्य और संयम के साथ परिस्थितियों का सामना करना होगा।

इसी कड़ी में प्रधानमंत्री शुक्रवार को चुनावी राज्यों को छोड़कर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और उसके संभावित प्रभावों को लेकर राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।

गौरतलब है कि हालिया पश्चिम एशिया संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसके जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई की है। यह पहली बार होगा जब इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!