Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी का Gen Z से सीधा संवाद, 24 घंटे में जारी किया दूसरा वीडियो, कहा- थैंक्यू फ्रेंड्स, पहले वीडियो ने बनाया रिकॉर्ड

PM Modi Video Message: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए देश के युवाओं, खासकर GenZ से सीधा संवाद किया। शुक्रवार देर रात साझा किए गए करीब 40 सेकंड के वीडियो में प्रधानमंत्री ने अपने पिछले वीडियो पर मिले जबरदस्त समर्थन, सकारात्मक सुझावों और प्यार के लिए देशवासियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास उनके साथ इसी तरह बना रहा तो संवाद का यह रिश्ता और ज्यादा मजबूत-सक्रिय होता रहेगा। प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा- थैंक यू फ्रेंड्स! कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिल गया। मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था, उसको जिस प्रकार से आपने रिस्पॉन्ड किया और सकारात्मक सुझाव दिए, थैंक्स टू एवरीबॉडी। यह आपका प्यार बना रहेगा तो हमारा नाता और ज्यादा सक्रियता से जुड़ता रहेगा। थैंक यू… थैंक यू दोस्तों। 

यह भी पढे़ं:- ईरान संकट पर महाशक्तियों की सियासी चालें तेज, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की चीन-रूस को चेतावनी

PM मोदी ने अपने संदेश में विशेष रूप से युवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर मिले सुझाव सिर्फ प्रतिक्रियाएं नहीं हैं, बल्कि देश के भविष्य को लेकर युवाओं की गंभीर भागीदारी का संकेत हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास और सहयोग सरकार के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इसी तरह का संवाद आगे भी जारी रहेगा। यह लगातार दूसरी बार है, जब प्रधानमंत्री ने 24 घंटे के भीतर सोशल मीडिया के जरिए सीधे युवाओं को संबोधित किया। इस बार उनका अंदाज पहले की तुलना में ज्यादा सहज और अनौपचारिक नजर आया। इससे एक दिन पहले गुरुवार देर रात प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर देशभर में चर्चा का विषय बने पेपर लीक मामलों पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि पेपर लीक कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों के सपनों से जुड़ा गंभीर विषय है। (PM Modi Video Message)

प्रधानमंत्री ने कहा था कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पेपर लीक जैसे मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल के सदस्यों के सुझावों के बाद विधेयक को अंतिम रूप दिया जाएगा और संसद के दूसरे हफ्ते में इसे जल्द से जल्द पारित कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रधानमंत्री के इस संदेश को छात्रों और युवाओं से जुड़ी बड़ी पहल के रूप में देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसे व्यापक प्रतिक्रिया मिली। गुरुवार को साझा किए गए प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो को सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड स्तर का समर्थन मिला। वीडियो अपलोड होने के कुछ ही घंटों में करोड़ों लोगों ने उसे देखा और बड़ी संख्या में सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं।

GenZ तक पहुंचने की नई डिजिटल रणनीति

वीडियो ने 24 घंटे के भीतर 300 मिलियन यानी 30 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल किए। खबर लिखे जाने तक यह आंकड़ा 333 मिलियन के पार पहुंच चुका है। इसी के साथ यह वीडियो 24 घंटे के भीतर इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा देखे जाने वाले वीडियो में शामिल हो गया। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इसने लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय स्ट्रीमर IShowSpeed के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार दूसरे दिन भी इंस्टाग्राम को ही संवाद का माध्यम चुना। माना जा रहा है कि सरकार युवाओं तक सीधे पहुंचने के लिए उन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर रही है, जहां आज की युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा सक्रिय रहती है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे साझा किए गए दूसरे वीडियो में प्रधानमंत्री पहले दिन मिले जबरदस्त समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते नजर आए। इस पर भी 105 से ज्यादा मिलियन व्यूज है। (PM Modi Video Message)

पहले और दूसरे वीडियो में दिखा अंतर

दूसरे वीडियो में प्रधानमंत्री का अंदाज पहले वीडियो से अलग दिखाई दिया, जहां पहले वीडियो में उनका चेहरा कैमरे के काफी करीब था और प्रस्तुति गंभीर थी, वहीं दूसरे वीडियो में मोबाइल कैमरा अपेक्षाकृत दूर रखा गया। प्रधानमंत्री पूरे समय सहज मुद्रा में नजर आए और संदेश समाप्त होने के बाद स्वयं कैमरा बंद करते भी दिखाई दिए। इस छोटे से बदलाव को भी सोशल मीडिया पर लोगों ने नोटिस किया और कई यूजर्स ने इसे ज्यादा प्राकृतिक और व्यक्तिगत संवाद बताया। प्रधानमंत्री का यह डिजिटल संवाद ऐसे समय सामने आया है, जब शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर में चर्चा जारी है। छात्र संगठनों और कई समूहों की ओर से परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग लगातार उठाई जा रही है। (PM Modi Video Message)

राजनीतिक और डिजिटल दोनों स्तरों पर संदेश

सरकार की ओर से पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात दोहराई जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकार उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुन रही है और समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह संवाद सिर्फ धन्यवाद संदेश नहीं, बल्कि युवाओं के साथ डिजिटल माध्यम से लगातार जुड़ाव बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा भी है। पहले वीडियो में नीति और सुधारों का संदेश दिया गया, जबकि दूसरे वीडियो में संवाद, सहभागिता और विश्वास को प्रमुखता मिली। सोशल मीडिया के दौर में प्रधानमंत्री का यह तरीका पारंपरिक राजनीतिक संवाद से अलग माना जा रहा है, जहां सरकार सीधे नागरिकों, विशेषकर युवा वर्ग से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जुड़ने की कोशिश कर रही है। रिकॉर्ड व्यूअरशिप के बीच यह संवाद सिर्फ सोशल मीडिया की लोकप्रियता का उदाहरण नहीं, बल्कि सरकार और युवा पीढ़ी के बीच डिजिटल माध्यम से बढ़ते संवाद का भी संकेत माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!