Google Analytics —— Meta Pixel

हिमाचल में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, गुजरात-असम में बाढ़ का प्रकोप, कई राज्यों में रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी

Rain Alert in India: देशभर में सक्रिय मानसून ने तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश से लेकर गुजरात, असम, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र तक भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कहीं पहाड़ दरक रहे हैं तो कहीं शहर और गांव बाढ़ में डूब गए हैं। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए रेड अलर्ट, जबकि राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा और ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देश के दो दर्जन से ज्यादा राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में चलती टैक्सी पर पहाड़ से चट्टानें गिरने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई। दूसरी ओर गुजरात में लगातार बारिश के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना पड़ा। असम में बाढ़ से हालात और गंभीर हो गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में नदियां उफान पर हैं।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी का Gen Z से सीधा संवाद, 24 घंटे में जारी किया दूसरा वीडियो, कहा- थैंक्यू फ्रेंड्स, पहले वीडियो ने बनाया रिकॉर्ड

शुक्रवार को लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक भारी लैंडस्लाइड हो गई। चट्टानें सीधे सड़क से गुजर रही टाटा सूमो टैक्सी पर आ गिरीं। वाहन में 15 लोग सवार थे। हादसे में 13 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। रेस्क्यू टीमों को दुर्गम इलाके और लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं राजधानी शिमला के मैहली-जुन्गा रोड पर भी भारी भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। चंबा जिले में भी कई स्थानों पर पहाड़ खिसकने से सड़कें बाधित हैं। एनएचएआई की टीमों ने फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। (Rain Alert in India)

गुजरात में बाढ़ का संकट, हजारों का रेस्क्यू

गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों को जलमग्न कर दिया है। राज्य के वलसाड जिले के उमरगाम तालुका में महज 16 घंटे के भीतर लगभग 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जिसने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। नवसारी, वलसाड, सूरत, अहमदाबाद और बनासकांठा के कई इलाके बाढ़ में डूब गए हैं। नवसारी में फंसे लोगों को भारतीय वायुसेना और प्रशासन ने हेलिकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने कई गांवों में रेस्क्यू अभियान चलाकर दर्जनों लोगों को सुरक्षित निकाला। सारिखुर्द गांव में पेट्रोल पंप के पास कई वाहन पानी में पूरी तरह डूब गए। वाव-थराद क्षेत्र के बाजारों में कई फीट पानी भर गया। उमरगाम में कई मकान पहली मंजिल तक पानी में डूब गए। अब तक राज्य में 40,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बारिश से जुड़े हादसों में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है। हालात को देखते हुए अहमदाबाद में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया।

असम में बाढ़ का संकट गहराया

पूर्वोत्तर में असम सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल है। पिछले 24 घंटे में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। राज्य के 12 जिले गंभीर रूप से प्रभावित हैं और 7.05 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। राहत शिविरों में हजारों लोग शरण लिए हुए हैं। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से गंगा, यमुना समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। सीतापुर में गांवों तक पानी पहुंच चुका है। कई ग्रामीण नाव के सहारे आवाजाही कर रहे हैं। लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी का पानी गांवों में घुस गया, जिससे कई गांव टापू बन गए हैं और सड़क संपर्क टूट गया है। बिहार में कोसी नदी के किनारों पर तेज कटाव जारी है। सुपौल में तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है। वहीं भागलपुर और पटना समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 16 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश

राजस्थान के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश जारी है। चित्तौड़गढ़ के बिहारीपुरा गांव में बिजली गिरने से एक मकान का बड़ा हिस्सा ढह गया। जोधपुर के तिंवरी क्षेत्र में सड़कें जलमग्न हो गईं और पानी दुकानों में घुस गया। मध्य प्रदेश में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मैहर जिले में पांच साल का बच्चा तेज बहाव में बहने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया। महाराष्ट्र के नासिक जिले में गोदावरी नदी उफान पर है। चंदोरी गांव में बाढ़ के कारण घर और दुकानें जलमग्न हो गईं। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज पर यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सेना ने चिनूक हेलिकॉप्टर से बाढ़ राहत अभ्यास किया। (Rain Alert in India)

अमरनाथ यात्रा 6 दिन बाद फिर शुरू

खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण छह दिनों से स्थगित अमरनाथ यात्रा शनिवार को दोबारा शुरू कर दी गई। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात में रेड अलर्ट जारी है। राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट लागू है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी समेत कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे भी कई राज्यों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!