Google Analytics —— Meta Pixel

PM Modi Birthday: राष्ट्रपति मुर्मू, शाह, राजनाथ और नीतीश ने दी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई

PM Modi Birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन (PM Modi Birthday) मना रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के साथ मना रही है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सुशासन और समावेशी विकास को सराहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उनके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सुशासन के नए मानक स्थापित किए और समावेशी विकास को नई गति और दिशा दी। (PM Modi Birthday)

राष्ट्रपति ने कहा कि देश विरासत और आधुनिक विकास के बीच संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके जनसेवा और राष्ट्र-निर्माण के अभियान के निरंतर आगे बढ़ने की प्रार्थना की।

अमित शाह ने बताया त्याग और दूरदर्शिता का प्रतीक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता का प्रतीक बताया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक का उनका सफर राष्ट्रसेवा के संकल्प को दर्शाता है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है।

राजनाथ सिंह बोले- विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा देश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भौतिक बुनियादी ढांचे से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी, गरीबों के कल्याण, नवाचार और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति हुई है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ अवसरों में भी वृद्धि हुई है।

नीतीश कुमार ने दी स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की शुभकामना

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

नितिन गडकरी ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की और भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।

देशभर में हो रहे सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्वास्थ्य, स्वच्छता, रक्तदान और अन्य सामाजिक गतिविधियां शामिल हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़े :- मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, चार दिन में 6 कुकी लोगों की हत्या, 7 दिन से स्कूल-बाजार बंद, गांवों में दहशत

Back to top button
error: Content is protected !!