जंगल में 4 भालुओं का आतंक, दो युवकों पर किया हमला; एक गंभीर घायल

धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज में चार भालुओं ने जंगल की ओर जा रहे दो युवकों पर हमला कर दिया। तुमडीबहार इलाके में हुई इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चार भालू उनके सामने आ गए। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाते, भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराया एक युवक किसी तरह मौके से भाग निकला, जबकि दूसरा भालुओं की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि भालुओं के हमले के दौरान घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया और मदद के लिए पुकार लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर भालू उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। युवक के शरीर पर भालुओं के हमले से गंभीर चोटें आई हैं।
जंगल जाने से बचने की अपील
घटना के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों में वन्यजीवों को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है। लोगों को जंगल में आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़े :- PM Modi Birthday: राष्ट्रपति मुर्मू, शाह, राजनाथ और नीतीश ने दी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई



