Google Analytics —— Meta Pixel

अमित शाह के दौरे पर सियासी संग्राम! CM साय का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- उनकी बातों में दम नहीं

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की ओर से दौरे को लेकर उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर मुद्दाविहीन राजनीति करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के बयानों को भी निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है और जनता भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती।

‘राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं’

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों के जरिए प्रधानमंत्री बनाए जाने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के पास जनता से जुड़े मुद्दे नहीं होते, तब वह इस तरह के बयान देकर लोगों को भ्रमित करने और भड़काने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब समझती है और अब कांग्रेस के ऐसे बयानों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ उतनी मजबूती से कार्रवाई नहीं की गई, जितनी जरूरत थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार के असहयोगात्मक रवैये के कारण प्रदेश में नक्सलवाद लंबे समय तक बना रहा।

साय ने दावा किया कि वर्तमान सरकार नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और इस दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

दिल्ली दौरे पर CM साय ने क्या बताया?

मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली प्रवास की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में हिस्सा लिया। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों, तकनीकी बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में अपनी भागीदारी लगातार मजबूत कर रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की कुल ऊर्जा खपत में लगभग 15 प्रतिशत हिस्सेदारी नवीकरणीय ऊर्जा की हो।

खैरा गांव के सभी घरों में लगाए गए सोलर पैनल

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े निवेश को आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 1 लाख 33 हजार करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े कार्यों और लगभग 5 लाख 60 हजार करोड़ रुपये के कार्यों का भी उल्लेख किया।

ग्रीन एनर्जी से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिलेगी। राज्य सरकार का जोर ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ग्रीन एनर्जी प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!