हामिद अंसारी के ‘हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता’ वाले बयान पर सियासत तेज, बीजेपी-विपक्ष आमने-सामने, साकेत भवन के महंत ने कहा- जिहादी प्रवृत्ति

Politics on Ansaris Statement: पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा था कि भारत को असली खतरा कम्युनिज्म से नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता से था। हामिद अंसारी के बयान पर बीजेपी और VHP ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे अनुचित बताया तो वहीं विपक्षी नेताओं ने उनके बयान का बचाव किया। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिनको देश ने उपराष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचाया, उनके द्वारा जब इस प्रकार के घटिया बयान दिए जाते हैं तो उसका एक ही जवाब है कि हिंदू समाज सदैव सभी को अपनाने का काम करता है, सभी को सम्मान देने का काम करता है और सभी के साथ समरस होकर काम करता है। इस प्रकार के बयानों से जरूर वैमनस्यता फैलती है और एक घृणा का भाव आता है, लेकिन देश के उपराष्ट्रपति रहे हामिद अंसारी जी इस प्रकार के बयान कभी ना कभी देते रहे हैं, जो अनुचित है। इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि ये बयान कांग्रेस पार्टी की असली मानसिकता देश के सामने उजागर कर रहा है, जिन लोगों को सनातन से खतरा लगता हो, आप उनसे क्या अपेक्षा करेंगे? 60 साल में उन्होंने इसलिए तुष्टिकरण किया, जिनकी मानसिकता ही सनातन के खिलाफ है। आज वही देश के सामने एक्सपोज हो चुके हैं और जो पार्टी ने साम्यवाद के सामने लड़ने का ड्रामा किया, जो साम्यवाद के साथ खड़ी हुई है तो यही हकीकत है कि क्यों देश की जनता कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर रही है। क्या आपको सनातन से इतना अपमान है? आप इसलिए राम मंदिर नहीं गए? इसलिए भगवान राम के अस्तित्व पर आपने सवाल उठाया? इसलिए सनातन का जिसने भी अपमान किया आप उनके साथ खड़े रहे हैं? सारी चीजों का जवाब मुझे लगता है एक ही बयान में आ गया है कि पार्टी की मानसिकता ही सनातन विरोधी रही है। VHP नेता सुरेंद्र जैन ने कहा कि अगर हिंदू सांप्रदायिक होते तो आप ऐसा बयान देने की हिम्मत नहीं कर पाते। (Politics on Ansaris Statement)
जिहादी और आतंकवादी प्रवृत्ति का है विचारधारा: साकेत भवन के महंत
VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने कहा कि देखिए, हामिद अंसारी जी भारत के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। जब वह उपराष्ट्रपति के पद पर थे, तब भी उन्होंने खुल करके मुस्लिम परस्त बातें कही हैं, हमेशा एक-तरफा बातें कही हैं। आज जो वक्तव्य कर रहे हैं, वह पूर्ण रूप से गैर-जिम्मेदार वक्तव्य है। हम हामिद अंसारी को गंभीरता से नहीं लेते हैं। साकेत भवन के महंत आचार्य सीताराम दास महाराज ने कहा कि देखिए, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, जिसको देश का सर्वोच्च पद पर बैठाने के बाद भी यह भावना उसके मुख से निकल रहा है, कितना निंदनीय है। यह हामिद अंसारी निश्चित रूप से एक जिहादी प्रवृत्ति का है, एक आतंकवादी विचारधारा का है। ऐसे जिहादी प्रवृत्ति आतंकवादी विचारधारा को बढ़ावा देने वाले मौलवी, मौलाना, पादरी जैसे लोग समाज को तोड़ने का काम करते हैं। (Politics on Ansaris Statement)
हिंदुस्तान में हिंदू-मुस्लिम का भाईचारा सदियों से चला आ रहा: इकबाल अंसारी
इस पर AIMIM प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि वह पूर्व उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। आप तो देख रहे हैं न कि किस तरह क्या हो रहा है। भाजपा ने ऑपरेशन मुसलमान, ऑपरेशन मस्जिद शुरु कर दिया है। हर ओर से मुसलमानों को टारगेट किया जा रहा है। मस्जिद मामले में हाईकोर्ट जाने तक का समय नहीं देते उससे पहले ध्वस्तीकरण का कार्य कर दिया जाता है। महाराष्ट्र सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने कहा कि हामिद अंसारी साहब अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर रह चुके हैं। कई देशों में अंबेसडर रह चुके हैं। भारत के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। बहुत पढ़े-लिखे इंसान हैं। अगर उन्होंने कोई बात कही है तो हवा में नहीं कही है। वहीं बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा कि देखिए, सवाल हमारे यहां हिंदुस्तान का है। हिंदुस्तान में हिंदू-मुस्लिम का भाईचारा सदियों से चला आ रहा है। बयानबाजी लोग करते हैं-हिंदू-मुसलमान, मंदिर-मस्जिद, जात-धर्म। हमारा तो यही मानना है कि जो भी लोग, जितने भी लोग हैं, हिंदू-मुसलमान की बात करते हैं, जिस दिन हमारे देश में लोग विकास की बात करेंगे, रोजगार की बात करेंगे। उस दिन देश को खतरा कभी नहीं रह जाएगा।



