Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान के कोहाट पुलिस मुख्यालय पर आतंकी हमले में 31 की मौत, 20 घंटे चले एनकाउंटर में 8 आतंकवादी ढेर

Terrorist Attack in Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित कोहाट जिले में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी कार को ओल्ड पुलिस लाइंस परिसर की मस्जिद के गेट से टकरा दिया। जुमे की नमाज के दौरान हुए इस धमाके में मस्जिद की दीवारें ढह गईं और कई लोग मलबे में दब गए। धमाका करने के बाद बचे हुए आतंकी गोलीबारी करते हुए परिसर के भीतर काउंटर टेररिज्म और स्पेशल ब्रांच की इमारत में घुस गए। आतंकियों के परिसर में छिपते ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू की। इसके बाद दोनों तरफ से शुरू हुई मुठभेड़ लगातार 20 घंटे तक चली।

यह भी पढ़ें:- हामिद अंसारी के ‘हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता’ वाले बयान पर सियासत तेज, बीजेपी-विपक्ष आमने-सामने, साकेत भवन के महंत ने कहा- जिहादी प्रवृत्ति

शनिवार को प्रांतीय पुलिस ने बताया कि इमारत में छिपे सभी 8 उग्रवादियों को मार गिराया गया। इस पूरे आतंकी हमले और उसके बाद हुए एनकाउंटर में अब तक 16 पुलिसकर्मियों समेत 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हैं। ऑपरेशन के दौरान एहतियात के तौर पर कोहाट-हंगू मुख्य मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। इस हमले की जिम्मेदारी इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान नाम के आतंकी संगठन ने ली है। यह संगठन अप्रैल 2025 में अस्तित्व में आया था, जिसे कई उग्रवादी गुटों का एक साझा अंब्रेला संगठन माना जाता है। इसमें हाफिज गुल बहादुर ग्रुप, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम जैसे खूंखार गुट शामिल हैं। (Terrorist Attack in Pakistan)

पाकिस्तान में इस साल आतंकी हमलों की बाढ़ 

इस गठबंधन में सबसे ज्यादा प्रभाव देवबंदी उग्रवादी गुट HGBG का है, जो उत्तरी वजीरिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सक्रिय है। इसका प्रमुख पश्तून नेता हाफिज गुल बहादुर है, जिसके अफगान तालिबान और हक्कानी नेटवर्क से गहरे संबंध रहे हैं। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज की हालिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान इस समय भयंकर आंतरिक सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। जनवरी से अगस्त 2026 के बीच पाकिस्तान में कुल 990 उग्रवादी हमले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 1,126 लोगों की मौत हुई है। जुलाई 2026 में 144 हमले दर्ज किए गए थे, जो अगस्त में 38% बढ़कर 199 पर पहुंच गए। अकेले अगस्त महीने में हमलों में 158 लोगों की जान गई।

पाकिस्तान में आतंकी हमलों का सिलसिला

महीना हमले मौतें
जनवरी 87 105
फरवरी 83 139
मार्च 146 106
अप्रैल 85 160
मई 178 128
जून 118 112
जुलाई 144 268
अगस्त 199 158

दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश

ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 की रिपोर्ट में पाकिस्तान की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई है। बुर्किना फासो के बाद पाकिस्तान अब दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा आतंकवाद से प्रभावित देश बन गया है। 2024 में यह चौथे नंबर पर था। TTP के हमलों में 90% और बलूच लिबरेशन आर्मी के हमलों में 60% की बढ़ोतरी देखी गई है। इस्लामिक स्टेट-खुरासान ने भी अब ग्रामीण इलाकों से निकलकर पाकिस्तानी शहरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। देश में होने वाली कुल आतंकी घटनाओं में से 90% हमले अकेले खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में हो रहे हैं। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान लगातार दूसरे साल देश का सबसे घातक आतंकी संगठन साबित हुआ है, जिसने अकेले 482 हमलों के जरिए 558 लोगों की हत्या की। (Terrorist Attack in Pakistan)

Back to top button
error: Content is protected !!