बस्तर में धर्मांतरण को लेकर सियासत तेज, मंत्री कश्यप बोले- संस्कृति से छेड़छाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई, कांग्रेस ने कहा- भाजपा का राजनीतिक हथियार है धर्मांतरण

Politics on Conversion: बस्तर में धर्मांतरण को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा के संस्थापक और पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के विदेशी फंडिंग वाले बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर प्रदेश सरकार ने अवैध धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए धर्मांतरण को भाजपा का राजनीतिक एजेंडा बताया है, जिससे दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अवैध धर्मांतरण को लेकर राज्य सरकार का रुख पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक ताने-बाने से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें:- पूर्व विधायक मनीष कुंजाम का बस्तर में धर्मांतरण पर बड़ा दावा, कहा- अमेरिका से हो रही फंडिंग, फंड बंद हो तो रुक जाएगा धर्मांतरण
मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार धर्मांतरण के मामलों को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार धर्म स्वातंत्र्य विधेयक लेकर आई है और इसके तहत अगर कोई व्यक्ति या संगठन अवैध तरीके से धर्मांतरण कर प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को खत्म करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहते हुए ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं कांग्रेस ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए भाजपा को ही कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि धर्मांतरण भाजपा का सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार बन चुका है। जब भी भाजपा के पास जनता के मुद्दों का जवाब नहीं होता, तब वह धर्मांतरण का मुद्दा उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है।
धर्मांतरण कराने वालों तक विदेशी धन कैसे पहुंच रहा ?: सुशील
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पिछले करीब 12 सालों से केंद्र में भाजपा की सरकार है और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा सत्ता में है। ऐसे में अगर किसी एनजीओ को विदेश से फंडिंग मिल रही है तो उसकी पूरी जानकारी सरकार के पास होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वास्तव में विदेशी फंडिंग के जरिए धर्मांतरण कराया जा रहा है तो आखिर वह पैसा छत्तीसगढ़ तक कैसे पहुंच रहा है और सरकार अब तक इसे रोकने में क्यों असफल रही है। शुक्ला ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि धर्मांतरण कराने वालों तक विदेशी धन कैसे पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं कर पा रही है तो उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। (Politics on Conversion)
धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर भी उठाए सवाल
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है। इसके बावजूद अब तक इसे प्रभावी रूप से लागू करने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने पूछा कि अगर सरकार वास्तव में धर्मांतरण रोकना चाहती है तो कानून को पूरी तरह लागू करने में देरी क्यों हो रही है। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि पिछले दो सालों में प्रदेश में धर्मांतरण के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मांतरण के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है और इसे चुनावी एजेंडे के रूप में प्रस्तुत करती रही है। (Politics on Conversion)
मनीष कुंजाम के बयान के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, पूर्व विधायक और बस्तरिया राज मोर्चा के संस्थापक मनीष कुंजाम ने दावा है कि बस्तर में अमेरिका से आने वाली विदेशी फंडिंग के जरिए धर्मांतरण कराया जा रहा है। उन्होंने सरकार से ऐसी फंडिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा है कि अगर विदेशी आर्थिक सहायता बंद हो जाए तो धर्मांतरण की गतिविधियां भी रुक जाएंगी। मनीष कुंजाम के इस बयान के बाद अब भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा अवैध धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कर रही है, जबकि कांग्रेस इसे भाजपा का राजनीतिक एजेंडा बताते हुए सरकार से ही जवाब मांग रही है। ऐसे में बस्तर में धर्मांतरण का मुद्दा अब सामाजिक और कानूनी बहस के साथ-साथ राजनीतिक टकराव का भी बड़ा विषय बन गया है।



