Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में होली पर भी खुलेंगी शराब दुकानें, नई आबकारी नीति पर सियासत तेज

Politics on Excise Policy: छत्तीसगढ़ में इस बार होली के दिन भी सरकारी शराब दुकानें खुली रहेंगी। नई आबकारी नीति के तहत राज्य सरकार ने ड्राई डे की संख्या घटा दी है, जिसके चलते होली और होलिका दहन के अगले दिन भी प्रदेशभर में शराब की बिक्री जारी रहेगी। इस फैसले के बाद सियासत तेज हो गई है और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। नई आबकारी नीति के मुताबिक पहले साल में निर्धारित 7 ड्राई डे को घटाकर अब 3 दिन कर दिया गया है। पहले जिन दिनों शराब दुकानें बंद रहती थी, उनमें होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी पुण्यतिथि शामिल थे। अब इन दिनों दुकानों को बंद रखने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।

यह भी पढ़ें:- सुबह अचानक उल्टी क्यों आती है? जानिए वायरल इन्फेक्शन और मौसम बदलाव में फर्क

नई नीति के तहत अब प्रदेश में सिर्फ 15 अगस्त, 26 जनवरी, 2 अक्टूबर और 18 दिसंबर को ही शराब दुकानें अनिवार्य रूप से बंद रहेंगी। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर को दुकानों को बंद रखने का अधिकार रहेगा। होली के दौरान अक्सर हुड़दंग और आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में शराब दुकानों के खुले रहने से पुलिस प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौती खड़ी हो सकती है। प्रशासन को हुड़दंगियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतनी होगी। (Politics on Excise Policy)

नशे से दूर रहें लोग: मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सभी निर्णय समय के अनुसार लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रखना है। उन्होंने गुरु घासीदास का जिक्र करते हुए कहा कि खानी, बानी और सयानी। जैसा खाएंगे वैसा रहेगा मन, जैसा पिएंगे पानी वैसी रहेगी वाणी। मंत्री ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चला रही है और पदयात्रा के माध्यम से भी लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया जा रहा है। शराब दुकानों को होली के दिन भी खुला रखने के फैसले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि सरकार को प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है।

पूर्व CM भूपेश बघेल ने भी साधा निशाना

उन्होंने कहा कि होली महत्वपूर्ण त्योहार है और इस दौरान सबसे ज्यादा आपराधिक घटनाएं होती हैं। ऐसे में शराब दुकानों के खुले रहने से माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को नशे में झोंकने का काम कर रही है और उसका मकसद केवल राजस्व कमाना है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी तंज कसते हुए कहा कि सरकार को तीज-त्योहारों से कोई मतलब नहीं है। सरकार के लिए सब कुछ पैसा है और त्योहारों की गरिमा का ध्यान नहीं रखा जा रहा। कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने भी कड़ा जवाब दिया है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस आंदोलन और प्रदर्शन के जरिए जनता को डराने की कोशिश कर रही है।

3 दिन दुकान बंद करावा सकते हैं कलेक्टर: मंत्री

उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को पंच से पार्लियामेंट तक आशीर्वाद दिया है और मुख्यमंत्री की सरकार जनता के हित में काम कर रही है। साथ ही कहा कि 3200 करोड़ का शराब घोटाला करने वाले हमें बुद्धि न दें। हमें बुद्धि भगवान श्रीराम ने दी है। वहीं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि आबकारी नीति में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका हो तो कलेक्टर दुकानों को बंद करने का निर्णय ले सकते हैं। साल में तीन दिन शराब दुकानें बंद रखने का अधिकार कलेक्टर को दिया गया है। (Politics on Excise Policy)

कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल

होली जैसे प्रमुख त्योहार पर शराब दुकानों के खुले रहने के फैसले ने प्रदेश में राजनीतिक बहस छेड़ दी है। एक ओर सरकार इसे नीति का हिस्सा और प्रशासनिक निर्णय बता रही है, वहीं विपक्ष इसे सामाजिक और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बता रहा है। अब देखना होगा कि त्योहार के दौरान प्रशासन किस तरह से स्थिति को संभालता है और यह फैसला जमीनी स्तर पर क्या असर डालता है। होली के रंगों के बीच यह फैसला कितना असर डालेगा, इसका आकलन आने वाले दिनों में साफ हो सकेगा। बता दें कि इस साल 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली है। (Politics on Excise Policy)

Back to top button
error: Content is protected !!