छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन पर सियासी घमासान, शाह ने कहा- नक्सल अभियान में नहीं मिला कांग्रेस सरकार का सहयोग, बघेल बोले- भाजपा झूठ फैलाने में माहिर

Politics on Naxal Eradication: छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बयानों ने पूरे राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। जगदलपुर के दौरान मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। शाह ने कहा कि जब 13 दिसंबर 2023 से पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब नक्सल उन्मूलन अभियान में अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। शाह ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार के साथ सहयोग नहीं किया, जबकि अन्य राज्यों की गैर-भाजपा सरकारों ने भी नक्सल विरोधी अभियानों में केंद्र का साथ दिया।
यह भी पढ़ें:- शाह ने की मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता, कहा- हिंसा नहीं, विकास बस्तर की नई पहचान
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद नक्सल विरोधी कार्रवाई तेज हुई है और बस्तर में हालात तेजी से बदले हैं। शाह ने सुरक्षाबलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जवानों के बलिदान से अभियान को सफलता मिली है और अब बस्तर भयमुक्त वातावरण की ओर बढ़ रहा है। जगदलपुर में आयोजित बैठक के बाद शाह की टिप्पणी ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया। उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा की कार्यशैली की भी तारीफ की और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर बस्तर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। (Politics on Naxal Eradication)
शाह पर भूपेश बघेल का पलटवार
केंद्रीय गृहमंत्री के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमित शाह के बयान को पूरी तरह झूठ बताया और कहा कि भाजपा झूठ फैलाने में माहिर है। बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान बस्तर में कई सुरक्षा कैंप खोले गए, बंद पड़े स्कूल फिर से शुरू किए गए और ग्रामीण इलाकों में आंगनबाड़ी, क्लीनिक और पीडीएस दुकानों का विस्तार किया गया। उन्होंने दावा किया कि आदिवासियों का विश्वास जीतने और जल-जंगल-जमीन के अधिकार सुनिश्चित करने की नीतियों ने नक्सल प्रभाव को कमजोर करने में अहम भूमिका निभाई। बघेल ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जो भी नक्सल उन्मूलन के लिए कदम उठा रही है, वह कांग्रेस सरकार की नीतियों से सीखकर ही किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी नक्सल उन्मूलन अभियान में सहयोग नहीं किया। झूठ बोलने में कांग्रेसी माहिर हैं और कांग्रेस ने झूठ बोलने में पीएचडी कर रखा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और तेज हुई है और हालात में स्पष्ट सुधार दिख रहा है। नक्सल उन्मूलन की सफलता का श्रेय किसे दिया जाए- सुरक्षाबलों की रणनीति को, केंद्र सरकार की सख्त नीति को या फिर विकास आधारित योजनाओं को इस पर राजनीतिक मतभेद लगातार गहराते जा रहे हैं। फिलहाल छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर चल रही यह सियासी जंग थमती नजर नहीं आ रही है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।



