ईंट फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: मशीन की चपेट में आने से महिला मजदूर की मौत, मुआवजे के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक राखड़ ईंट फैक्ट्री में हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे में महिला मजदूर की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में हुआ। उस समय फैक्ट्री में चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। मृतका 26 वर्षीय बिछनी बाई लंबे समय बाद उसी दिन काम पर लौटी थीं और मशीन की सफाई कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि मशीन चालू हालत में थी। सफाई के दौरान अचानक मशीन का लीवर नीचे गिर गया, जिससे महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि मशीन में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे एक नाबालिग बेटे को छोड़ गई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और उचित मुआवजे की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
इस दौरान रामपुर विधायक Phool Singh Rathiya और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत भी घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से चर्चा की।
करीब चार घंटे तक प्रशासन, ग्रामीणों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच चली बातचीत के बाद मुआवजे पर सहमति बनी। तय समझौते के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल 75 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। वहीं मृतका के बेटे के नाम पर 2 लाख रुपये की एफडी कराने, 18 वर्ष की आयु तक हर महीने 1500 रुपये भरण-पोषण राशि देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति बनी।
पुलिस ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही की जांच की जा रही है।



