कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, BJP ने कहा- लोकतंत्र नहीं, कांग्रेस को है सत्ता की चिंता

Politics on Rahul Statement: INDIA गठबंधन की बैठक में कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग, नौकरशाही, न्याय व्यवस्था और खुफिया एजेंसियों पर BJP के नियंत्रण का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने भी लोकतंत्र पर खतरे की बात कही, जबकि BJP नेताओं ने आरोपों को निराधार बताते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन की बैठक में कहा कि RSS ने भारतीय राज्य के तंत्र पर कब्जा कर लिया। समस्या यह है कि आपको निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव जीतने का अवसर नहीं मिलेगा। बीजेपी सरकार नहीं टिकेगी। पूरा ढांचा जैसे मीडिया, सोशल मीडिया, कानूनी व्यवस्था, नौकरशाही, खुफिया एजेंसियां बीजेपी सरकार को सत्ता में बनाए रखने के लिए काम कर रहा है, लेकिन यह सरकार टिक नहीं पाएगी, क्योंकि इसने हमारे लोकतंत्र और भारत के लोगों के भविष्य को बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए लड़ेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विरोध करने वाली पार्टी है। इसे काम करने के लिए भारतीय राज्य की तटस्थता की जरूरत नहीं है। भारतीय राज्य की संस्थाओं का गला जितना ज्यादा घोंटा जाएगा, कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए उतनी ही आक्रामक होकर लड़ेगी। बीजेपी राज्य की संस्थाओं को नियंत्रित करती है। राजनीतिक साधन तभी काम करते थे जब भारतीय राज्य उन्हें काम करने के लिए निष्पक्ष माहौल देता था। अब वह माहौल नहीं रहा। राज्य की संस्थाओं पर BJP का नियंत्रण है। कानूनी व्यवस्था पर BJP का नियंत्रण है। नौकरशाही पर BJP का नियंत्रण है। खुफिया एजेंसियों पर BJP का नियंत्रण है। यहाँ तक कि चुनाव आयोग पर भी BJP का नियंत्रण है। कांग्रेस पार्टी प्रतिरोध की पार्टी है। कांग्रेस पार्टी एक ऐसा प्रतिरोध आंदोलन है, जो इस विचार की रक्षा करता है कि सभी भारतीय समान हैं। हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करते रहेंगे। (Politics on Rahul Statement)
लोकतंत्र की हत्या की जा रही: गुलाम अहमद
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल उद्देश्य देश के अलग-अलग विचारों और दलों को प्यार और एकता के साथ जोड़ना है। उन्होंने कांग्रेस का काम लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना है। वहीं कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की बातों को क्षेत्रीय पार्टियां पहले महसूस नहीं करती थीं, लेकिन आज उन पार्टियों को ये बात महसूस हो रही है, क्योंकि खुद उनके साथ ये चीजें हुईं। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। अभी राजनीतिक दलों पर हमला है और उसके बाद देश के अंदर तानाशाही को लाने की तैयारी है। अगर आज हम नहीं जागे तो फिर ये कभी नहीं रुकने वाला है। ये देश तानाशाही की ओर जा रहा है और देश के अंदर सारी व्यवस्थाएं पंगु करने की तैयारी है। कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि जिस तरह से महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार और अब पश्चिम बंगाल, असम में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। आज भी कांग्रेस देश की सबसे पुरानी और बड़ी पार्टी है और जो भी कांग्रेस से किसी भी वजह से अलग हो गए थे या अपनी अलग पार्टी बनाने की कोशिश की थी, उनके लिए यह सुनहरा मौका है कि अगर देश को बचाना है।
संविधान-लोकतंत्र को बचाना है: मीर
मीर ने आगे कहा कि संविधान-लोकतंत्र को बचाना है, तो यही एक रास्ता बचा है कि सबको वापस कांग्रेस में विलय करना पड़ेगा और कांग्रेस का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे और तभी मुमकिन है कि इन ताकतों से देश को निजात दिलाई जाए। इस पर बीजेपी ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री अन्नापूर्णा देवी ने कहा कि अगर इतनी ही सूझबूझ उन्हें होती तो वे भारत की शिकायत विदेश में जाकर न करते। जब AI समिट हो रहा था तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन वे नहीं करवाते। कब क्या बोलना है उन्हें यह दिखाई नहीं देता, क्योंकि उनके पास चश्मा ही अलग है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कई सालों से देश में गृह युद्ध हो इसकी योजना बना रहे हैं। PM नरेंद्र मोदी लोगों का प्यार जीतने का शतक बना रहे हैं और वहीं राहुल गांधी हारने का शतक बना रहे हैं। जब कांग्रेस तेलंगाना, केरलम में जीत जाएं तो उनकी जीत, लेकिन जब हार जाएं तो वोट चोरी होने का आरोप लगाते हैं। इस पर अब देश की जनता विश्वास नहीं करने वाली है। उन्हें खुद इस बात का एहसास नहीं है कि वे क्या बोलते हैं।
कसाई के श्राप में गाय नहीं मरती: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि अमेरिका और चीन कह रहे हैं भारत की नीति सबसे अच्छी नीति है, लेकिन युवराज कलावती के घर में गरीबी सीखने गए थे। मीडिया को भी लेकर गए थे वे भी रात भर जागे। उन्होंने कहा कि जो लोग गाली दे रहे हैं, वे हार का शतक मना रहे हैं और मोदी जीत का शतक। गिरिराज ने कहा कि कसाई के श्राप में गाय नहीं मरती। पूरी दुनिया में भारत की ताकत बढ़ी है। दरअसल, साल 2008 में राहुल गांधी ने संसद में अपने भाषण के दौरान कलावती नाम की एक गरीब महिला का कई बार जिक्र किया था। कलावती महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र की एक गरीब किसान परिवार की महिला थी, जिनके पति ने कर्ज के बोझ के कारण आत्महत्या कर ली थी। राहुल गांधी ने उनकी कहानी को ग्रामीण गरीबी और किसानों की बदहाली के उदाहरण के रूप में पेश किया था। इसके बाद राहुल गांधी विदर्भ और देश के कई गरीब परिवारों के घरों में जाकर रात बिताने और उनकी स्थिति जानने के लिए भी चर्चा में रहे। (Politics on Rahul Statement)



