Google Analytics —— Meta Pixel

INDIA ब्लॉक की बैठक में बोले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कहा- भाजपा के खिलाफ जनता में भारी नाराजगी, अगला लोकसभा चुनाव होगा हमारा

Congress MP Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा है कि देश की जनता के बीच भाजपा के खिलाफ काफी नाराजगी है और अगर विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ता है तो अगला लोकसभा चुनाव उसके पक्ष में जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सबसे बड़ी चुनौती चुनावों का स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होना है। INDIA गठबंधन की 8 जून को हुई बैठक के बाद राहुल गांधी ने शुक्रवार को करीब 9 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के खिलाफ संयुक्त संघर्ष की रणनीति और गठबंधन की मजबूती पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें:- हम मर जाएंगे, लेकिन RSS-BJP के सामने नहीं झुकेंगे: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

बैठक में सहयोगी दलों की ओर से कांग्रेस पर होने वाली आलोचनाओं का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने भगवान शिव के विषपान प्रसंग का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वह स्वयं सहयोगी दलों की हर आलोचना को मुस्कुराकर स्वीकार करेंगे। उनका कहना था कि गठबंधन की मजबूती के लिए बड़े दिल और आपसी सम्मान की जरूरत है। राहुल ने कहा कि विपक्षी बैठकों में अक्सर निराशा का माहौल दिखाई देता है, लेकिन नेताओं को भरोसा रखना चाहिए कि अगर सभी दल साथ रहें तो भाजपा को हराना कठिन नहीं होगा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं हारी, बल्कि विपक्ष ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बहुत कम लोगों को विश्वास था कि भाजपा को चुनौती दी जा सकती है, लेकिन विपक्ष ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भूमिका सभी विपक्षी दलों को प्रेम और सम्मान के साथ एक मंच पर लाने की है। पार्टी किसी भी सहयोगी दल के साथ टकराव नहीं चाहती। राहुल ने कहा कि कई राजनीतिक दल अब भी पुरानी रणनीतियों के भरोसे हैं, जबकि देश की राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल चुकी हैं। राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की कई महत्वपूर्ण संस्थाओं पर उसका प्रभाव बढ़ गया है। उन्होंने दावा किया कि कानूनी व्यवस्था, नौकरशाही, खुफिया एजेंसियों और यहां तक कि चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर भी भाजपा का नियंत्रण बढ़ा है, जिससे विपक्ष को समान राजनीतिक अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में चुनावी प्रक्रियाओं को करीब से देखने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि कई विपक्षी नेताओं की चुनावी परिणामों को लेकर चिंताएं निराधार नहीं हैं। (Congress MP Rahul Gandhi)

विपक्षी दलों को आपसी विवाद से बचने की सलाह

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कुछ राजनीतिक घटनाओं या सहयोगी दलों के गठबंधन छोड़ने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे ऐसे बयान देने से बचें जिनसे विपक्षी एकता पर सवाल खड़े हों। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार यह माहौल बनाने की कोशिश करती है कि विपक्ष बिखरा हुआ है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है। राहुल ने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और इसी आधार पर भाजपा को चुनौती दी जा सकती है। राहुल ने विपक्षी दलों से कहा कि वे हर दिन यह सोचें कि जनता के मुद्दों पर सरकार का विरोध किस तरह प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। उन्होंने NEET, CBSE, भारत जोड़ो यात्रा और अन्य जनसरोकार के मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष को लगातार जनता के बीच सक्रिय रहना होगा।

INDIA ब्लॉक की बैठक में 5 बड़े फैसले

सोमवार को हुई INDIA ब्लॉक की बैठक में 25 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी, जिसके मुताबिक स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनावी निष्पक्षता के मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखा जाएगा। NEET पेपर लीक और CBSE से जुड़े विवादों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी। महंगाई, बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की जाएगी। अगली INDIA ब्लॉक बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में आयोजित होगी और इसके बाद हर दो महीने में नियमित बैठकें होंगी। संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दल रोजाना सुबह रणनीतिक बैठक करेंगे। (Congress MP Rahul Gandhi)

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर एकजुट विपक्ष

बैठक में शामिल सभी दलों ने एकमत से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष का आरोप है कि NEET और CBSE से जुड़े विवादों ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। इसी मुद्दे को लेकर मानसून सत्र में भी विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। राहुल गांधी ने अपने संबोधन के अंत में विपक्षी नेताओं से निराशा छोड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष और विपक्षी दलों की एकजुटता ही भाजपा के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। उनका दावा है कि अगर INDIA गठबंधन संगठित और सक्रिय बना रहा तो आगामी लोकसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। (Congress MP Rahul Gandhi)

Back to top button
error: Content is protected !!