महाकुंभ में फिर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़, 51 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लगाई संगम में पवित्र डुबकी

Prayagraj Maha Kumbh Record: प्रयागराज महाकुंभ में पवित्र स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम में 51 करोड़ 47लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राज्य सरकार ने इतने बड़े पैमाने पर होने वाले आयोजन के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है। यह एक अभूतपूर्व आयोजन है। हजारों भक्त सड़क मार्ग से भी यात्रा कर रहे हैं। हमने प्रार्थना की है कि सबका कल्याण हो। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम खुद को अत्यंत पवित्र महसूस कर रहे हैं। महाकुंभ न जाने कितनी पीढ़ी पहले आया था और अब न जाने कितनी पीढ़ी बाद हमारे वंशज इस सौभाग्य को प्राप्त कर पाएंगे। मैं अपनी जिन्दगी के एक अत्यंत पवित्र क्षण में पहुंचा हूं।
यह भी पढ़ें:- भारत टेक्स अब एक मेगा ग्लोबल टेक्सटाइल इवेंट बन रहा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
अयोध्या के RPF इंस्पेक्टर यशवंत सिंह ने कहा कि यहां भीड़ प्रबंधन काफी प्रभावी तरीके से चल रहा है। हम एक क्षमता से अधिक भीड़ को प्लेटफॉर्म पर नहीं लाते हैं, ताकि कोई आपात स्थिति उत्पन्न न हो। हम महाकुंभ के पहले दिन से ही सतर्क हैं। हम भीड़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हम CCTV की मदद से भीड़ को देख लेते हैं। हमारे यहां सभी चीजे सुचारू रूप से चल रही है। प्रयागराज के जिला अधिकारी रवींद्र कुमार मंदार ने कहा कि पिछले 33 दिनों में लगभग 50 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया है। यहां ट्रेफिक संचालन को भी सुचारू रखने के लिए हम प्रयास कर रहे हैं। मेरी अपील है कि जिन श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर लिया है, वे सकुशल अपने गंतव्य स्थान की ओर रवाना हो। हम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रेलवे प्रशासन के साथ बहुत अच्छा समन्वय है। (Prayagraj Maha Kumbh Record)
यमुना नदी के तट पर हुई आरती
वहीं प्रयागराज में महाकुंभ में पवित्र स्नान करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नैनीताल के कैंची धाम में नीम करोली बाबा महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने बाबा से उत्तर प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। यहां सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।देश और दुनिया भर से सनातन धर्म को मानने वाले लोग कुंभ में बड़ी संख्या में आ रहे हैं और हमारी सरकार ने सभी व्यवस्थाएं की हैं। अयोध्या के सरयू घाट पर संध्या आरती की गई, जिसमें भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। इधर, दिल्ली में यमुना नदी के तट पर वासुदेव घाट पर शाम की आरती की गई। (Prayagraj Maha Kumbh Record)



