समापन के बाद भी बड़ी संख्या में स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पहुंच रहे श्रद्धालु, 66.30 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Prayagraj Mela Update: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में 45 दिन तक चले महाकुंभ का महाशिवरात्रि के साथ समापन हो चुका है। इसके बाद भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पहुंच रहे हैं। वहीं मेला खत्म होने की वजह से कारें अब संगम तक जा रही है। मेले में दुकानें भी लगी है। श्रद्धालु स्नान के बाद घुड़सवारी और ऊंट की सवारी भी कर रहे हैं। हालांकि CM योगी और मंत्रियों के कार्यक्रम को देखते हुए कई रास्तों पर पुलिस ने अभी भी बैरिकेडिंग लगा रखी है। गाड़ियों को मेला क्षेत्र के पास बनी पार्किंग में रोका जा रहा है। बता दें कि महाकुंभ का आज समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
यह भी पढ़ें:- ‘छावा’ छ्त्तीसगढ़ में भी टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री साय बोले- ‘युवा पीढ़ी में जागेगा राष्ट्र प्रेम’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी, केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, दोनों डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शामिल होंगे। CM योगी दोपहर में गंगा पंडाल में पुलिसकर्मियों, सफाईकर्मियों और नाविकों को सम्मानित करेंगे। डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महाशिवरात्रि के दिन भव्य, दिव्य महाकुंभ का समापन हुआ है। 144 सालों के बाद ऐसे दुर्लभ संयोग के कारण पूरे देश और दुनिया में एक अलग तरह का आकर्षण था। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महाकुंभ पर्व को सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए। महाकुंभ में हुए एक दुखद हादसे के कारण कुछ लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। (Prayagraj Mela Update)

उन्होंने कहा कि जो घायल हुए थे, वे ठीक होकर वापस चले गए, वे सदैव स्वस्थ रहें ऐसी प्रार्थना करता हू्ं। मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करता हूं। एक महीने के लिए आए कल्पवासी, पवित्र डुबकी लगाने आए श्रद्धालु, मैं सभी को महाकुंभ के समापन पर बधाई देता हूं। इधर, महाकुंभ के आखिरी दिन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी पवित्र स्नान किया। प्रयागराज DM रवींद्र कुमार मंदर ने कहा कि महाकुंभ में भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया से लोग आए और उन्होंने सभी व्यवस्थाओं, प्रोटोकॉल, नियमों, विनियमों का पालन किया। मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। जैसे ही मेला समाप्त होगा, हम सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य पर लौटें। प्रशासन यह भी सुनिश्चित करेगा कि यहां की अस्थायी व्यवस्था ठीक से और सुरक्षित रूप से हटा दी जाए। संगम घाट पर पूरे साल श्रद्धालु आते हैं और हम वहां सुरक्षा और सफाई सुनिश्चित करते हैं। पूरे महाकुंभ काल में 66.30 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। (Prayagraj Mela Update)




