Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रपति मुर्मु बागेश्वर धाम पहुंचीं, 251 बेटियों को दिया आशीर्वाद, विवाह समारोह में रहीं शामिल, 251 घोड़े देख चौंके सीएम यादव

Droupadi Murmu Visit Bageshwar Dham : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज (26 फरवरी, 2025) मध्य प्रदेश के गढ़ा, छतरपुर में श्री बागेश्वर जन सेवा समिति द्वारा 251 जोड़ों के लिए आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुई। राष्ट्रपति ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारा देश महिलाओं के विकास से महिलाओं के नेतृत्व में विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। जानें उन्होंने इस अवसर पर और क्या कहा है।

यह भी पढ़े :- Terrorist Attack in J&K : जम्मू कश्मीर में बड़ा आतंकी हमला, सेना की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग

बेटियों और बहनों को बनाए सशक्त

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि, ऐसे में हम सभी को अपनी बेटियों और बहनों को सशक्त और सक्षम बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हमारे छोटे-छोटे प्रयास उन्हें सशक्त बनाएंगे। उन्होंने महिलाओं को अपनी शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह भी दी।

राष्ट्रपति ने दिया आशीर्वाद

इस समारोह में 251 जोड़ों ने एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधने का फैसला किया। राष्ट्रपति ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इस शुभ अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी उपस्थित थे। उन्होंने राष्ट्रपति का स्वागत किया और इस आयोजन के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बधाई दी।

परंपरा में संतों ने सदियों से जनमानस को दिखाई राह

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी परंपरा में संतों ने सदियों से जनमानस को राह दिखाई है। उन्होंने समकालीन समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई है। उन्होंने जाति, लिंग आदि के आधार पर भेदभाव के खिलाफ भी आवाज उठाई है।

लोगों को सही रास्ते पर चलने के लिए किया प्रेरित

राष्ट्रपति ने कहा कि, चाहे गुरु नानक हों, संत रविदास हों, संत कबीर दास हों, मीरा बाई हों या संत तुकाराम हों, सभी ने अपने उपदेशों के माध्यम से लोगों को सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया है। भारतीय समाज में उनके योगदान ने उन्हें सम्मानजनक स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि समकालीन आध्यात्मिक गुरू आत्मनिर्भर, सामंजस्यपूर्ण और पर्यावरण के अनुकूल भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

251 घोड़े देख चौंके सीएम यादव

एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बागेश्वर धाम की इस पहल को एक नया कीर्तिमान बताया। उन्होंने कहा, ‘आज बागेश्वर धाम नया कीर्तिमान बना रहा है। आपने जातिगत संघर्ष को तोड़ने का काम किया है। ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है। 251 घोड़े कहां-कहां से लाए महाराज गजब कर दिया आपने। आज आपने अश्वमेघ और दिग्विजय घोड़े के समान ये घोड़े लाए हैं, जिन्होंने समाज की असमानता को तोड़ दिया।’

सीएम ने कर दिया बड़ा ऐलान

सीएम मोहन यादव ने घोषणा की है कि राज्य सरकार प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह सहायता सरकार की योजनाओं के तहत दी जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!