Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता को लेकर जनपरामर्श, दुर्ग में आयोजित हुई उच्च स्तरीय बैठक

Public Consultation on UCC: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता यानी UCC को व्यावहारिक, समावेशी और जनोपयोगी बनाने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से गठित यूसीसी समिति ने जनपरामर्श की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में 8 सितंबर को दुर्ग में यूसीसी प्रारूप समिति की ओर से एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और सेवानिवृत्त प्राचार्या (डॉ.) ज्योति रानी सिंह की उपस्थिति में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन संबंध जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

पारंपरिक मान्यताओं और कानूनी सुधारों पर चर्चा

बैठक के दौरान अलग-अलग सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संघों के पदाधिकारियों ने यूसीसी के पक्ष और विपक्ष में खुलकर अपने विचार रखे। इस दौरान पारंपरिक-सामाजिक मान्यताओं से लेकर आधुनिक वैधानिक सुधारों तक के कई अहम पहलुओं पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी सुझावों का अध्ययन कर संहिता का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के अलग-अलग समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। (Public Consultation on UCC)

यह भी पढ़ें:- शहरों में नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों में लाएं तेजी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बैठक में प्रमुख रूप से साहू समाज, मनवा कुर्मी समाज, कंवर समाज, चंद्रनाहू कुर्मी समाज, गोंडवाना सेवा समिति, आंध्र समाज, हलवा समाज, ताम्रकार समाज, यादव समाज, कंडरा आदिवासी समाज, मुस्लिम समाज युवा प्रभाग के पदाधिकारी, सर्व आदिवासी समाज, गोंडवाना गोंड महासभा, बीएसपी एसटी कर्मचारी संघ, भारतीय बौद्ध महासभा और राम मंदिर ट्रस्ट बेमेतरा के प्रतिनिधि शामिल थे। इसी तरह नागरिक और व्यावसायिक मंच से वरिष्ठ नागरिक कल्याण मंच, प्रज्ञा वरिष्ठ नागरिक संघ, पेंशनर्स संघ, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स और छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के सदस्य सुझाव देने वालों में शामिल थे। (Public Consultation on UCC)

डिजिटल माध्यम से भी आमंत्रित किए गए सुझाव

बैठक में एडवोकेट प्रांजल शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समान नागरिक संहिता के स्वरूप और प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। समिति ने आम जनता और संगठनों से सुझाव प्राप्त करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट http://ucc.cgstate.gov.in और ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in भी साझा की है। बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य सचिव और रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े, दुर्ग संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, एडीएम वीरेंद्र सिंह और एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता समेत दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!