Google Analytics —— Meta Pixel

पुतिन का ‘अजेय’ साम्राज्य, युद्ध और प्रतिबंधों के बीच रूस में फिर लहराया परचम, भारत से क्यों है अलग सियासी तस्वीर ?

Putins Invincible Empire: दुनिया की सियासत में हर चुनाव के साथ समीकरण बदलते हैं, सरकारें पलटती हैं और नए चेहरे सामने आते हैं। भारत जैसे सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में हमने दशकों के सफर में कई नेतृत्व बदलते देखे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सत्ता के गलियारों में लगातार नए चेहरे आए हैं, लेकिन यूरेशिया के विशाल रूस की तस्वीर इन सबसे बिल्कुल जुदा है। यहां दो दशकों से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति आए-गए, लेकिन सत्ता के सिंहासन पर सिर्फ और सिर्फ व्लादिमीर पुतिन का नाम और उनका दबदबा कायम है। फरवरी 2022 से यूक्रेन के साथ जारी खूनी जंग और पश्चिमी देशों के भारी-भरकम आर्थिक प्रतिबंधों के बीच हाल ही में रूस में संसदीय चुनाव संपन्न हुए हैं।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर मंडराया बड़ा खतरा, 20 लाख समर्थकों के साथ लॉन्ग मार्च का ऐलान, सरकार और सेना में खौफ !

इन चुनावों के शुरुआती नतीजों ने एक बार फिर दुनिया को बता दिया है कि रूसी राजनीति में फिलहाल पुतिन का कोई दूर-दूर तक मुकाबला नहीं है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की समर्थक पार्टी यूनाइटेड रशिया ने लगभग 57.5% वोट हासिल कर अजेय बढ़त बना ली है। रूस की संसद के निचले सदन में कुल 450 सीटें हैं, जिनमें आधी सीटों पर पार्टी के वोटों से और आधी सीटों पर सीधे क्षेत्रीय चुनावों से फैसले होते हैं। तकनीकी रूप से पुतिन इस पार्टी के औपचारिक सदस्य नहीं हैं, लेकिन इसके निर्विवाद सर्वोच्च नेता वही हैं। इस चुनाव को उन्होंने यूक्रेन के मोर्चे पर लड़ रहे रूसी सैनिकों के समर्थन के रूप में पेश किया था, जिस पर जनता ने मुहर लगा दी है। (Putins Invincible Empire)

जब मॉस्को पर गिरे ड्रोन, तब भी लोहे की तरह डटे रहे पुतिन

यह सफर फूलों की सेज नहीं रहा है। चुनाव के ठीक आखिरी दिनों में राजधानी मॉस्को और आसपास के इलाकों को दहलाने वाले भयानक ड्रोन हमले हुए। यूक्रेनी ड्रोनों ने मॉस्को की तरफ रुख किया, एक बड़ी ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाया और राजधानी की एक 21 मंजिला इमारत पर ड्रोन टकराने से भीषण आग लग गई, जिसके बाद सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकालना पड़ा। एक तरफ देश युद्ध की आग में सुलग रहा है, पश्चिमी देश रूस को आर्थिक और सैन्य रूप से तोड़ने की हर कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ व्लादिमीर पुतिन लोहे की तरह अपनी कुर्सी पर जमे हुए हैं। संकट के इस दौर में रूसी अवाम पुतिन के नेतृत्व को ही अपनी सबसे मजबूत ढाल मानती है।

सत्ता का लंबा सफर

व्लादिमीर पुतिन 31 दिसंबर 1999 से रूस की सत्ता पर लगातार प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के रूप में काबिज हैं। उन्होंने ही 90 के दशक के भयंकर आर्थिक संकट से रूस को उबारा था और देश को राजनीतिक स्थिरता दी। हॉर्स राइडिंग से लेकर बर्फीले पानी में तैराकी तक पुतिन सिर्फ एक पारंपरिक राजनेता नहीं हैं, बल्कि उनका एक ऐसा स्टारडम है, जो दुनिया के किसी अन्य ग्लोबल लीडर में शायद ही नजर आए। कभी वे बिना शर्ट के घोड़े की पीठ पर सवार नजर आते हैं तो कभी कड़कड़ाती ठंड में बर्फीले पानी में तैरते हुए अपनी फिटनेस का लोहा मनवाते हैं। जुडो के माहिर पुतिन जब जिम में कसरत करते दिखते हैं तो वह ग्लोबल मीडिया की सुर्खियों में छा जाते हैं। अमेरिका और पश्चिमी यूरोप के तमाम देशों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा लिया, पुतिन को काबू करने और रूस को झुकाने के लिए प्रतिबंधों के चक्रव्यूह रचे, लेकिन पुतिन ने कभी भी दुनिया की महाशक्तियों के आगे घुटने नहीं टेके। भारत में अटल से लेकर मोदी तक के दौर में दुनिया पूरी तरह बदल गई, भारत में हुकूमतें और चेहरे बदलते रहे, लेकिन रूस में पुतिन का जादू और उनका ‘सुल्तान’ वाला अंदाज आज भी बदस्तूर कायम है। (Putins Invincible Empire)

Back to top button
error: Content is protected !!